आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में ग्रुप-सी के मुकाबले में डेब्यू कर रही इटली ने कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डेन्स में टॉस जीतकर स्कॉटलैंड को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कॉटलैंड ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 207 रन बनाए। जवाब में इटली की टीम 16.4 ओवर में 134 रन पर सिमट गई। टी20 अंतरराष्ट्रीय में स्कॉटलैंड और इटली की टीमें तीन बार आमने-सामने आई हैं और हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 2-1 का है। खास बात यह है कि ये तीनों मुकाबले आईसीसी इवेंट्स में हुए हैं।
इटली की पारी
इटली को पारी की पहली ही गेंद पर झटका लगा। स्पिनर लीस्क की गेंद पर जस्टिन मोस्का कैच आउट हो गए। इसके बाद जेजे स्मट्स और एंथनी मोस्का के बीच दूसरे विकेट के लिए 18 गेंद मं 32 रन की साझेदारी हुई। एंथनी 12 गेंद में 13 रन और स्मट्स 11 गेंद में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद हैरी मेनेंटी और बेन मेनेंटी ने चौथे विकेट के लिए 45 गेंद में 73 रन की साझेदारी निभाई। हालांकि, इस साझेदारी के टूटते ही इटली की पारी लुढ़क गई।
हैरी 25 गेंद में एक चौका और तीन छक्के की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, बेन 31 गेंद में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए। ग्रांट स्टीवार्ट दो रन, क्रिशन कलुगमागे तीन रन, थॉमस ड्राका दो रन बनाकर आउट हुए। वहीं, जियान मीड, अली हसन खाता नहीं खोल सके। कप्तान बेन मैडसन बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे, क्योंकि फील्डिंग करते वक्त उन्हें चोट लगी थी। ऐसे में इटली की टीम 134 रन पर खत्म हो गई। स्कॉटलैंड की ओर से माइकल लीस्क ने चार विकेट लिए, जबकि मार्क वाट को दो विकेट मिले। ब्रैड करी, ब्रैड व्हील और ओलीवर डेविडसन को एक-एक विकेट मिला।
स्कॉटलैंड की पारी
स्कॉटलैंड की शुरुआत बेहतरीन रही थी। जॉर्ज मुनसे और माइकल जोंस ने पहले विकेट के लिए 126 रन की साझेदारी की। मुनसे शतक से चूक गए। वह 54 गेंद में 13 चौके और दो छक्कों की मदद से 84 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें ग्रांट स्टीवार्ट ने हैरी के हाथों कैच कराया। इसके बाद माइकल जोंस को जेजे स्मट्स ने पवेलियन भेजा। वह 30 गेंद में एक चौका और दो छक्कों की मदद से 37 रन बना सके।
कप्तान रिची बेरिंग्टन 11 गेंद में 15 रन और टॉम ब्रूस एक रन बना सके। आखिर में ब्रैंडन मैकमुलेन ने 18 गेंद में चार छक्कों की मदद से 41 रन और माइकल लीस्क ने पांच गेंद में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 22 रन की नाबाद तूफानी पारी खेली। इटली की ओर से अली हसन, ग्रांट स्टीवार्ट, थॉमस ड्राका और जेजे स्मट्स ने एक-एक विकेट लिया।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
इटली: एंथनी मोस्का, जस्टिन मोस्का, जेजे स्मट्स, वेन मैडसन (कप्तान), हैरी मैनेंटी, बेन मैनेंटी, ग्रांट स्टीवर्ट, जियान-पिएरो मीड (विकेटकीपर), मार्कस कैंपोपीयानो, क्रिशन कालुगामागे, अली हसन।
स्कॉटलैंड: जॉर्ज मुंसी, माइकल जोन्स, ब्रैंडन मैकमुलेन, रिची बेरिंगटन (कप्तान), टॉम ब्रूस, मैथ्यू क्रॉस (विकेटकीपर), मार्क वाट, माइकल लिस्क, ओलिवर डेविडसन, ब्रैड व्हील, ब्रैड करी।