श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिलने के बाद बल्लेबाज सरफराज खान ने सोशल मीडिया पर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया है। लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे सरफराज ने एक फिल्म के दृश्य की तस्वीर पोस्ट करते हुए ऐसा संदेश लिखा, जिसे उनके मौजूदा हालात से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने संकेत दिया कि टीम में फिट नहीं बैठने के बावजूद वह अपनी जगह हासिल करने के लिए पूरी ताकत से लड़ते रहेंगे।
सरफराज ने लिखा- 'शायद मैं फिट न बैठूं, लेकिन...'
सरफराज खान ने इंस्टाग्राम पर एक फिल्म की तस्वीर शेयर की। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'हो सकता है मैं फिट न बैठूं, लेकिन मेरे पास जो कुछ है, उसके साथ मैं पूरी ताकत से लड़ूंगा।' सरफराज का यह पोस्ट ऐसे समय आया है, जब उन्हें श्रीलंका दौरे के लिए चुनी गई भारतीय टेस्ट टीम में जगह नहीं मिली है। इसके बाद उनके इस संदेश को टीम में वापसी की कोशिशों और मौजूदा स्थिति से जोड़कर देखा जा रहा है।
2024 में आखिरी बार पहनी थी भारत की टेस्ट जर्सी
सरफराज ने भारत के लिए आखिरी टेस्ट मैच 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज के दौरान खेला था। तीन मैचों की उस टेस्ट सीरीज में उन्होंने छह पारियों में 171 रन बनाए थे। हालांकि, इसके बाद उन्हें भारतीय टीम में नियमित जगह नहीं मिल सकी। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भी चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में शामिल नहीं किया है। अब सरफराज के सामने घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान फिर से अपनी ओर खींचने की चुनौती होगी। सरफराज ने घरेलू क्रिकेट में लंबे समय तक शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम में जगह बनाई थी। टेस्ट क्रिकेट में भी उन्होंने अपने शुरुआती मुकाबलों में कुछ अच्छी पारियां खेली थीं, लेकिन टीम में अपनी जगह स्थायी नहीं कर सके।
गिल की चोट के बीच राहुल संभाल रहे कप्तानी
- वहीं, श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम को अभ्यास मैच के दौरान बड़ा झटका लगा है। कप्तान शुभमन गिल दाएं हाथ की रिंग फिंगर में चोट के कारण श्रीलंका इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरे।
- गिल को गुरुवार को अभ्यास सत्र के दौरान चोट लगी थी। इसके बाद बीसीसीआई ने उन्हें एहतियात के तौर पर पहले दिन फील्डिंग से दूर रखने का फैसला किया। उनकी गैरमौजूदगी में केएल राहुल टीम की कप्तानी कर रहे हैं।
- बीसीसीआई ने गिल की चोट को लेकर कहा, 'कप्तान शुभमन गिल को गुरुवार को भारत के अभ्यास सत्र के दौरान दाएं हाथ की रिंग फिंगर में चोट लगी। एहतियात के तौर पर वह SLC XI के खिलाफ अभ्यास मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरेंगे। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है।'
श्रीलंका इलेवन ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी
कोलंबो में खेले जा रहे तीन दिवसीय अभ्यास मैच में श्रीलंका इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। गिल की अनुपस्थिति में राहुल ने भारतीय टीम की कमान संभाली। यह अभ्यास मैच भारत के लिए 15 अगस्त से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिहाज से अहम है। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट 15 अगस्त से गाले में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से शुरू होगा।
सरफराज के लिए वापसी की राह आसान नहीं
भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाने के लिए सरफराज के सामने अब कड़ी चुनौती है। टीम में मध्यक्रम के लिए कई विकल्प मौजूद हैं और चयनकर्ता मौजूदा फॉर्म के साथ-साथ भविष्य की योजनाओं को भी ध्यान में रख रहे हैं। ऐसे में सरफराज का यह पोस्ट साफ तौर पर उनकी निराशा के साथ-साथ वापसी के इरादे को भी दर्शाता है। उन्होंने भले ही टीम में जगह नहीं बनाई हो, लेकिन उनके संदेश से संकेत मिलता है कि वह हार मानने के मूड में नहीं हैं। अब उनकी नजरें घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन करके फिर से भारतीय टेस्ट टीम का दरवाजा खटखटाने पर होंगी।