फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pakistan: इमरान खान के बेटों के इंटरव्यू से क्यों मचा बवाल? सरफराज ने पाकिस्तान बोर्ड के विवाद से किया किनारा

Sat, 29 Aug 2026 09:33 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन

सार

पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दौरान इमरान खान के बेटों के स्काई स्पोर्ट्स इंटरव्यू को लेकर विवाद खड़ा हो गया। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि PCB ने इंटरव्यू प्रसारित होने पर टेस्ट और इंग्लैंड दौरा रोकने की चेतावनी दी थी। हालांकि पाकिस्तान के मुख्य कोच सरफराज अहमद ने कहा कि उन्हें और खिलाड़ियों को इस विवाद की कोई जानकारी नहीं थी और उनका पूरा ध्यान मैच पर था।

विज्ञापन
सरफराज और इमरान - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दौरान इमरान खान के बेटों के स्काई स्पोर्ट्स इंटरव्यू को लेकर विवाद खड़ा हो गया। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि पीसीबी ने इंटरव्यू प्रसारित होने पर टेस्ट और इंग्लैंड दौरा रोकने की चेतावनी दी थी। हालांकि, पाकिस्तान के मुख्य कोच सरफराज अहमद ने कहा कि उन्हें और खिलाड़ियों को इस विवाद की कोई जानकारी नहीं थी और उनका पूरा ध्यान मैच पर था।

विज्ञापन


पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स टेस्ट सिर्फ मैदान पर चल रहे मुकाबले के कारण चर्चा में नहीं है। टेस्ट के पहले दिन लंच ब्रेक के दौरान एक इंटरव्यू ने क्रिकेट से इतर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। स्काई स्पोर्ट्स पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल एथर्टन ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटों कासिम और सुलेमान खान से बातचीत की। इस इंटरव्यू में दोनों ने अपने पिता की सेहत, जेल में उनके इलाज और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने ब्रिटेन सरकार की प्रतिक्रिया पर भी सवाल उठाए।

सरफराज अहमद - फोटो : ANI

इंटरव्यू प्रसारित होने से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से कथित तौर पर आपत्ति जताई गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीसीबी ने स्काई स्पोर्ट्स से इसे प्रसारित नहीं करने को कहा था। यहां तक कि इंटरव्यू प्रसारित होने पर लॉर्ड्स टेस्ट रद्द करने और तीन मैचों की सीरीज से हटने की संभावना भी जताए जाने की बात सामने आई। हालांकि, अंततः स्काई स्पोर्ट्स ने इंटरव्यू प्रसारित किया और पाकिस्तान की टीम लंच के बाद मैदान पर वापस लौट आई।

सरफराज ने कहा- मुझे कुछ नहीं पता
दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद पाकिस्तान के मुख्य कोच सरफराज अहमद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचे। उनसे पीसीबी और इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के बीच हुए कथित विवाद और खिलाड़ियों के मैदान पर नहीं उतरने की खबरों को लेकर सवाल किया गया। सरफराज ने इस पूरे मामले से अनजान होने की बात कही। उन्होंने कहा, 'मुझे कुछ नहीं पता। मैं सिर्फ मैच पर ध्यान दे रहा हूं।'

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह स्काई स्पोर्ट्स पर प्रसारित इमरान खान के बेटों के इंटरव्यू की बात कर रहे हैं, तो सरफराज ने कहा, 'आप इंटरव्यू की बात कर रहे हैं? हमें इंटरव्यू के बारे में कुछ नहीं पता।' इसके बाद उनसे पूछा गया कि क्या पहले दिन लंच के बाद पाकिस्तान के खिलाड़ियों के मैदान पर वापस नहीं लौटने की कोई संभावना थी। इस पर भी उन्होंने साफ इनकार किया। सरफराज ने कहा, 'सब ठीक है। उस समय हम लंच कर रहे थे।'

सरफराज अहमद - फोटो : ANI

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवालों से बचते दिखे सरफराज
इंटरव्यू से जुड़े विवाद पर सवालों के दौरान सरफराज काफी असहज नजर आए। जब उनसे पूछा गया कि क्या खिलाड़ियों को दूसरे सत्र में मैदान पर नहीं उतरने की संभावना के बारे में बताया गया था, तो उन्होंने सवाल पूरा होने से पहले ही इनकार करना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा, 'नहीं, नहीं, नहीं, नहीं।'

इसके बाद उन्होंने दोहराया कि उन्हें इंटरव्यू के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। इस पूरे घटनाक्रम ने यह सवाल जरूर खड़ा किया कि पीसीबी और ईसीबी के बीच यदि वास्तव में इतनी गंभीर बातचीत हुई थी तो क्या पाकिस्तान टीम के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को इसकी जानकारी दी गई थी? सरफराज के जवाब के मुताबिक, टीम का ध्यान पूरी तरह टेस्ट मैच पर था।
 

 

पीसीबी और स्काई स्पोर्ट्स के बीच क्या हुआ?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीसीबी ने स्काई स्पोर्ट्स के इंटरव्यू को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। स्काई स्पोर्ट्स ने शुरुआत में इसे कुछ समय के लिए टाल भी दिया था, लेकिन बाद में रिकॉर्डेड इंटरव्यू प्रसारित कर दिया। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने भी विवाद बढ़ने के बाद ब्रिटेन के विदेश, राष्ट्रमंडल एवं विकास कार्यालय से सलाह लेने की बात सामने आई।

पाकिस्तान में सरकारी प्रसारक पीटीवी इस टेस्ट के लिए स्काई स्पोर्ट्स के मैच फीड का इस्तेमाल कर रहा था। हालांकि, उसने इमरान खान के बेटों वाला इंटरव्यू प्रसारित नहीं किया और उस दौरान विज्ञापन दिखाए। इसके बावजूद पाकिस्तान की टीम लंच के बाद मैदान पर लौटी और टेस्ट मैच सामान्य रूप से आगे बढ़ा।

सरफराज अहमद - फोटो : सोशल मीडिया

इमरान खान की सेहत को लेकर क्रिकेट जगत में चिंता
इमरान खान की सेहत और जेल में उनके इलाज को लेकर क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियां पहले भी चिंता जता चुकी हैं। हाल में 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से इमरान के मानवीय व्यवहार, उचित चिकित्सा और परिवार से नियमित मुलाकात की अपील की थी। इन पूर्व कप्तानों में भारत के सुनील गावस्कर और कपिल देव के अलावा ग्रेग चैपल, एलन बॉर्डर, एंड्रयू स्ट्रॉस, एलिस्टर कुक और क्लाइव लॉयड जैसे दिग्गज शामिल थे।

ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा कप्तान पैट कमिंस ने भी इस अपील का समर्थन किया। उन्होंने कहा, 'मैं भी जीसी (ग्रेग चैपल) और अन्य पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों के समर्थन में हूं। मुझे उम्मीद है कि अदालत के आदेश के मुताबिक चिकित्सा जांच पूरी होने दी जाएगी और परिवार से मुलाकात जारी रहेगी। मुझे उम्मीद है कि इमरान खान के साथ उस गरिमा के साथ व्यवहार किया जाएगा, जिसके हर व्यक्ति हकदार हैं।'

विज्ञापन

सरफराज अहमद - फोटो : PCB
2006 के ओवल विवाद की याद फिर हुई ताजा
इस पूरे घटनाक्रम ने 2006 के ओवल टेस्ट की याद भी ताजा कर दी। उस मुकाबले में अंपायर के फैसले और गेंद से छेड़छाड़ के आरोपों से जुड़े विवाद के बाद पाकिस्तान की टीम चाय के बाद मैदान पर नहीं उतरी थी। वह टेस्ट क्रिकेट इतिहास का ऐसा अनोखा मुकाबला बन गया, जिसे पाकिस्तान के मैदान पर वापस नहीं लौटने के कारण इंग्लैंड के पक्ष में फॉरफिट घोषित किया गया था। हालांकि, लॉर्ड्स में इस बार ऐसा कुछ नहीं हुआ। पाकिस्तान की टीम मैदान पर लौटी और मुकाबला जारी रहा। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट पर 81 रन बनाए थे और उसे कुल 261 रन की बढ़त हासिल हो चुकी थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें