सैमसन की बिजली जैसी स्टंपिंग, लेकिन विवाद भी
यह घटना गुजरात टाइटंस की पारी के सातवें ओवर में हुई, जब नूर अहमद गेंदबाजी कर रहे थे। लेग साइड की ओर जाती गेंद पर गिल फ्लिक शॉट खेलने से चूक गए। पीछे खड़े सैमसन ने फुर्ती दिखाते हुए तुरंत बेल्स गिरा दीं। रिप्ले में मामला बेहद करीबी नजर आया, जिससे फैंस दो हिस्सों में बंट गए। कुछ ने इसे धोनी स्टाइल की शानदार स्टंपिंग बताया, तो कुछ का मानना था कि फैसला देने में जल्दबाजी की गई। आईपीएल 2023 के फाइनल में धोनी ने कुछ इसी अंदाज में गिल को स्टंप किया था।
सुदर्शन की शानदार पारी से जीटी की आसान जीत
मैच की बात करें तो साई सुदर्शन ने 46 गेंदों में 87 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें चार चौके और सात छक्के शामिल थे। उन्होंने गिल (33) के साथ पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े, फिर जोस बटलर (नाबाद 39) के साथ 97 रन की साझेदारी कर टीम को 159 रन का लक्ष्य 16.4 ओवर में ही हासिल करा दिया।