मांजरेकर ने वैभव की तारीफ के साथ उठाए सवाल
संजय मांजरेकर ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वैभव की पारी को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने माना कि युवा बल्लेबाज में कुछ खास बात है, लेकिन उनके मुताबिक इस तरह की पारियां सफेद गेंद के क्रिकेट में बल्लेबाजों के पक्ष में बढ़ते असंतुलन की याद दिलाती हैं।
मांजरेकर ने लिखा, 'इसमें कोई शक नहीं कि वैभव में कुछ खास है। लेकिन उन्होंने जो किया, वह इस बात की एक और याद दिलाता है कि सफेद गेंद का क्रिकेट किस हास्यास्पद स्तर पर पहुंच गया है। यह सोचना गलत है कि प्रशंसक यही देखना चाहते हैं। यह बल्ले और गेंद दोनों का खेल है, सिर्फ बल्ले का नहीं।'
उनकी इस टिप्पणी ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या आधुनिक सीमित ओवरों के क्रिकेट में बल्लेबाजों को जरूरत से ज्यादा फायदा मिल रहा है और गेंदबाजों के लिए मुकाबला लगातार मुश्किल होता जा रहा है? फैंस ने भी सोशल मीडिया पर मांजरेकर को जवाब देते हुए कुछ दिलचस्प पोस्ट किए हैं।
53 गेंदों में दोहरा शतक, वैभव ने तोड़े कई रिकॉर्ड
वैभव ने मंगलवार को दोहा में एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में यूएई के खिलाफ इंडिया ए की ओर से खेलते हुए सिर्फ 53 गेंदों में नाबाद 204 रन बनाए थे। उनकी पारी में सात चौके और 28 छक्के शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए।
-
वैभव ने सिर्फ 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक बना।
-
उन्होंने 52 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया, जो इस प्रारूप में सबसे तेज दोहरा शतक है।
-
28 छक्के लगाकर उन्होंने लिस्ट-ए की एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया।
-
उनका स्ट्राइक रेट 384.90 रहा, जो लिस्ट-ए क्रिकेट में शतक लगाने वाले बल्लेबाजों में सबसे अधिक है।
-
उन्होंने अपना ही पिछला सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
वैभव की इस पारी ने एक बार फिर साबित किया कि वह बेहद कम उम्र में भी बड़े स्तर पर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।