फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राइजिंग स्टार एशिया कप: 28 छक्के जड़कर वैभव ने रचा इतिहास, पर संजय मांजरेकर ने क्यों कहा- फैंस यही नहीं चाहते?

Thu, 26 Nov 2026 08:38 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दोहा

सार

वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी ने जहां क्रिकेट जगत को हैरान किया, वहीं पूर्व भारतीय बल्लेबाज की एक टिप्पणी ने नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने युवा बल्लेबाज की प्रतिभा पर सवाल नहीं उठाए, लेकिन आधुनिक क्रिकेट के बदलते स्वरूप पर ऐसी बात कही है, जिसने बल्ले और गेंद के बीच संतुलन की चर्चा फिर तेज कर दी है।
विज्ञापन
मांजरेकर का वैभव की पारी पर बयान - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय क्रिकेट में 14 साल के वैभव सूर्यवंशी का बल्ला इन दिनों लगातार सुर्खियां बटोर रहा है। मंगलवार को यूएई के खिलाफ 53 गेंदों में 204 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर उन्होंने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। हालांकि, उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी ने एक नई बहस भी छेड़ दी है। पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने वैभव की प्रतिभा की तारीफ तो की, लेकिन साथ ही सीमित ओवरों के क्रिकेट में बल्लेबाजों के बढ़ते दबदबे पर सवाल भी उठा दिए। उनकी टिप्पणी के बाद क्रिकेट में बल्ले और गेंद के बीच संतुलन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

विज्ञापन
Trending Videos

वैभव और मांजरेकर - फोटो : BCCI/Instagram

मांजरेकर ने वैभव की तारीफ के साथ उठाए सवाल
संजय मांजरेकर ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वैभव की पारी को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने माना कि युवा बल्लेबाज में कुछ खास बात है, लेकिन उनके मुताबिक इस तरह की पारियां सफेद गेंद के क्रिकेट में बल्लेबाजों के पक्ष में बढ़ते असंतुलन की याद दिलाती हैं।

मांजरेकर ने लिखा, 'इसमें कोई शक नहीं कि वैभव में कुछ खास है। लेकिन उन्होंने जो किया, वह इस बात की एक और याद दिलाता है कि सफेद गेंद का क्रिकेट किस हास्यास्पद स्तर पर पहुंच गया है। यह सोचना गलत है कि प्रशंसक यही देखना चाहते हैं। यह बल्ले और गेंद दोनों का खेल है, सिर्फ बल्ले का नहीं।'
 



उनकी इस टिप्पणी ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या आधुनिक सीमित ओवरों के क्रिकेट में बल्लेबाजों को जरूरत से ज्यादा फायदा मिल रहा है और गेंदबाजों के लिए मुकाबला लगातार मुश्किल होता जा रहा है? फैंस ने भी सोशल मीडिया पर मांजरेकर को जवाब देते हुए कुछ दिलचस्प पोस्ट किए हैं।
 

 

वैभव सूर्यवंशी - फोटो : BCCI

53 गेंदों में दोहरा शतक, वैभव ने तोड़े कई रिकॉर्ड
वैभव ने मंगलवार को दोहा में एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में यूएई के खिलाफ इंडिया ए की ओर से खेलते हुए सिर्फ 53 गेंदों में नाबाद 204 रन बनाए थे। उनकी पारी में सात चौके और 28 छक्के शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए।
 

  • वैभव ने सिर्फ 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक बना।

  • उन्होंने 52 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया, जो इस प्रारूप में सबसे तेज दोहरा शतक है।

  • 28 छक्के लगाकर उन्होंने लिस्ट-ए की एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया।

  • उनका स्ट्राइक रेट 384.90 रहा, जो लिस्ट-ए क्रिकेट में शतक लगाने वाले बल्लेबाजों में सबसे अधिक है।

  • उन्होंने अपना ही पिछला सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।


वैभव की इस पारी ने एक बार फिर साबित किया कि वह बेहद कम उम्र में भी बड़े स्तर पर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।

वैभव सूर्यवंशी - फोटो : BCCI
लगातार दो असफल पारियों के बाद की वापसी
वैभव के लिए दोहा में यह पारी इसलिए भी खास रही, क्योंकि इससे पहले टूर्नामेंट के शुरुआती दो मुकाबलों में उनका बल्ला नहीं चला था। उन्होंने नेपाल के खिलाफ 26 और पाकिस्तान ए के खिलाफ 11 रन बनाए थे। इसके बाद सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार की कप्तानी करते हुए सौराष्ट्र के खिलाफ इंदौर में वह सिर्फ 18 रन बनाकर आउट हो गए थे। ऐसे में यूएई के खिलाफ उनकी इस पारी ने शानदार वापसी का संकेत दिया।
विज्ञापन

वैभव सूर्यवंशी - फोटो : BCCI
युवराज सिंह से बातचीत ने बदली सोच
वैभव ने बुधवार को बीसीसीआई की वेबसाइट पर पोस्ट किए गए वीडियो में बताया कि यूएई के खिलाफ मुकाबले से एक दिन पहले उन्होंने पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह से करीब आधे घंटे तक बातचीत की थी। इस बातचीत से उन्हें अपनी बल्लेबाजी की एक तकनीकी कमी पहचानने में मदद मिली। वैभव ने युवराज को अपना आदर्श बताते हुए कहा कि उन्होंने बल्लेबाजी से जुड़े कुछ तकनीकी सुझाव दिए और क्रीज पर ज्यादा समय बिताने की सलाह भी दी। अब इंडिया ए की टीम गुरुवार को टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में श्रीलंका ए से भिड़ेगी। इस मुकाबले में भी सभी की नजरें वैभव पर रहेंगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें