श्रीलंका के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सनथ जयसूर्या ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के 2027 वनडे विश्व कप में खेलने की उम्मीद का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण होना फायदेमंद है। युवा खिलाड़ियों को रोहित और विराट जैसे अनुभवी खिलाड़ियों से काफी कुछ सीखने को मिल सकता है।
गुरुग्राम में कॉरपोरेट क्रिकेट विश्व कप के लॉन्च कार्यक्रम से इतर समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में जयसूर्या ने कहा कि टीम में वरिष्ठ खिलाड़ियों की मौजूदगी भविष्य के विश्व कप के लिए अच्छा मिश्रण तैयार करती है। उन्होंने कहा कि अनुभवी खिलाड़ियों से युवा क्रिकेटरों को काफी कुछ सीखने का मौका मिलता है। जयसूर्या के मुताबिक, भारतीय टीम में युवा खिलाड़ियों के साथ रोहित और विराट जैसे अनुभवी क्रिकेटरों का होना भविष्य के विश्व कप के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।