धोनी के संन्यास की खबर ने चेन्नई सुपर किंग्स के करीब दो दशक पुराने सफर को भावुक मोड़ पर ला दिया है। रूपा गुरुनाथ ने उस वीडियो कॉल का किस्सा साझा किया, जिसमें माही ने बेहद शांत अंदाज में एक ऐसी बात कही कि कॉल ही बंद हो गई।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
एमएस धोनी के बिना चेन्नई सुपर किंग्स की कल्पना करना आसान नहीं है। करीब दो दशक तक पीली जर्सी में मैदान पर अपना जादू दिखाने वाले माही अब खिलाड़ी के रूप में आईपीएल में नजर नहीं आएंगे। उनके संन्यास की खबर ने फ्रेंचाइजी से जुड़े लोगों और प्रशंसकों को भावुक कर दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स की मालिक रूपा गुरुनाथ ने एक वीडियो में धोनी के फैसले से जुड़ा वह पल साझा किया, जब उन्होंने खुद टीम की रिलीज सूची में अपना नाम जोड़ने की बात कही थी।
विज्ञापन
'शायद आपको मेरा नाम भी जोड़ देना चाहिए'
रूपा गुरुनाथ ने बताया कि शनिवार को टीम के रिलीज किए जाने वाले खिलाड़ियों को लेकर धोनी और फ्रेंचाइजी के अधिकारियों के बीच वीडियो कॉल पर चर्चा हो रही थी। बातचीत में अगले सीजन की रणनीति, टीम में बदलाव और किन खिलाड़ियों को चुना जाना चाहिए, जैसे कई मुद्दे शामिल थे। उन्होंने बताया कि बातचीत के आखिर में काशी विश्वनाथन रिलीज किए जाने वाले खिलाड़ियों की सूची पढ़ रहे थे। तभी धोनी ने बेहद शांत आवाज में कहा, 'शायद आपको मेरा नाम भी इसमें जोड़ देना चाहिए।'
रूपा ने बताया कि धोनी की यह बात सुनते ही वीडियो कॉल बंद हो गई। उन्होंने दोबारा फोन किया और मजाकिया अंदाज में कहा, 'आप यकीन नहीं करेंगे, उस पल वीडियो कॉल ही बंद हो गई। मैंने उन्हें दोबारा फोन करके कहा- पता है, इंटरनेट भी इस बात को बर्दाश्त नहीं कर पाया कि आप अगले सीजन नहीं खेलेंगे।'
विज्ञापन
'धोनी 200 फीसदी नहीं दे सकते तो नहीं खेलेंगे'
रूपा ने कहा कि धोनी कुछ महीने पहले ही उनसे मिले थे और तब उन्होंने आगामी सीजन में खेलने को लेकर अनिश्चितता जताई थी। उन्होंने माही के फैसले के पीछे की सोच को भी समझाया। रूपा के मुताबिक, धोनी ऐसे खिलाड़ी हैं जो टीम को अपना 200 फीसदी योगदान नहीं दे पाने की स्थिति में मैदान पर नहीं उतरना चाहते।
उन्होंने कहा, 'एमएस धोनी ऐसे इंसान हैं कि अगर वह टीम को अपना 200 फीसदी नहीं दे सकते, तो नहीं खेलेंगे। वह टीम के रास्ते में बाधा नहीं बनना चाहते। वह अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहते हैं और जब उन्हें लगता है कि वह ऐसा नहीं कर सकते, तो वह खुद पीछे हट जाते हैं।' उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बेहद मुश्किल दिन था। उन्हें इस बात पर यकीन करना कठिन लग रहा है कि अब वह धोनी को पीली जर्सी में मैदान पर खेलते हुए नहीं देख पाएंगी।
From the heart of Mrs. Rupa Gurunath - Owner, Chennai Super Kings Read More : https://t.co/AFjZ5yiuN4 https://t.co/Dncjo7kGDa
बिजली जैसी स्टंपिंग और हेलीकॉप्टर शॉट को करेंगी मिस
रूपा ने धोनी के खेल की उन खासियतों को भी याद किया, जिन्होंने वर्षों तक प्रशंसकों को रोमांचित किया। उन्होंने उनकी तेज स्टंपिंग, हेलीकॉप्टर शॉट और मैदान पर छोटी-छोटी रणनीतिक चालों का जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'मैं यकीन नहीं कर पा रही कि अब हम उनकी बिजली जैसी स्टंपिंग, हेलीकॉप्टर शॉट और उस शांत अंदाज को नहीं देखेंगे, जिसमें वह सिर्फ एक अंगुली से इशारा करके फील्ड में बदलाव कर देते थे। इसके बाद अगली ही गेंद पर कैच हो जाता था और मैच का पूरा रुख बदल जाता था।' रूपा ने कहा कि उनके लिए यह भावनाओं से भरा पल है और इस बदलाव के लिए कोई भी पूरी तरह तैयार नहीं हो सकता।
अब मेंटर की भूमिका में दिखेंगे धोनी
खिलाड़ी के रूप में धोनी का आईपीएल सफर भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका रिश्ता जारी रहेगा। फ्रेंचाइजी ने उन्हें टीम मेंटर की नई जिम्मेदारी दी है। रूपा ने कहा कि टीम इस समय बदलाव के दौर से गुजर रही है और इसमें कई युवा खिलाड़ी हैं। उन्हें मैदान के अंदर और बाहर धोनी से बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। उन्होंने कहा, 'हम बहुत भाग्यशाली हैं कि धोनी जैसे व्यक्ति हमारे साथ हैं और सफर के अगले हिस्से में भी हमारे साथ चलते रहेंगे।'
उन्होंने आगे कहा, 'एमएस पहले दिन से हमारे साथ हैं और हमेशा सुपर किंग रहेंगे। मैं उनकी नई भूमिका में उनका स्वागत करने के लिए उत्साहित हूं।' रूपा ने प्रशंसकों को पिछले दो दशकों के प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि 2027 में चेपॉक में उनसे मुलाकात होगी।
278 मैच, 5439 रन और पांच आईपीएल खिताब
धोनी ने अपने आईपीएल करियर में 278 मैच खेले और 5439 रन बनाए। उनके नाम 24 अर्धशतक और 264 छक्के हैं। वह 100 पारियों में नाबाद लौटे। कप्तान के रूप में उन्होंने 235 मैचों में अगुआई की और 136 मुकाबले जीते। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में पांच बार आईपीएल खिताब जीता। टीम ने उनके नेतृत्व में 10 बार फाइनल में जगह बनाई। विकेटकीपर के रूप में धोनी ने 271 पारियों में 201 शिकार किए, जिनमें 154 कैच और 47 स्टंपिंग शामिल हैं।
'एमएस धोनी के बिना CSK नहीं': श्रीनिवासन
चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व मालिक एन श्रीनिवासन ने भी एमएस धोनी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने धोनी के साथ अपने रिश्ते और भरोसे को याद किया, जिसने 2008 में आईपीएल की शुरुआत से ही दोनों को एक साथ जोड़े रखा है। श्रीनिवासन ने कहा, 'एमएस धोनी के बिना CSK नहीं है। करीब दो दशकों से हम एक-दूसरे के साथ आगे बढ़े हैं। इस दौरान हमने सफलताएं, मुश्किलें और इनके बीच आने वाले हर उतार-चढ़ाव को साथ देखा है। हमारा रिश्ता एक वजह से इतना मजबूत है- हम एक-दूसरे की नीयत पर सवाल नहीं उठाते। इसी भरोसे ने इस सफर को मुमकिन बनाया।' उन्होंने आगे कहा, '2008 में मैंने जोर दिया था कि धोनी CSK का हिस्सा होने चाहिए। यह मेरा लिया हुआ सबसे अच्छा फैसला साबित हुआ। सिर्फ फ्रेंचाइजी के लिए उनकी उपलब्धियों की वजह से नहीं, बल्कि इसलिए भी कि वह किस तरह के इंसान हैं।'
2008 में सीएसके से जुड़े, पांच IPL खिताब जिताए
धोनी ने 2008 में आईपीएल के पहले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स का दामन थामा था। उन्होंने अपनी कप्तानी में फ्रेंचाइजी को पांच आईपीएल खिताब और दो चैंपियंस लीग टी20 ट्रॉफी जिताईं। 2016 और 2017 में जब चेन्नई को प्रतियोगिता से निलंबित किया गया था, तब धोनी ने दो सीजन राइजिंग पुणे सुपरजायंट के लिए खेले। उन्होंने अपने आईपीएल करियर का अंत 278 मैचों में 5439 रन के साथ किया। इस दौरान उनका औसत 38.30 और स्ट्राइक रेट 137.45 रहा।
2027 में नए दौर की तैयारी करेगी सीएसके
धोनी को पीली जर्सी में बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरते देखना अब चेन्नई के आईपीएल अभियान का हिस्सा नहीं होगा। हालांकि, फ्रेंचाइजी के सबसे प्रभावशाली व्यक्ति की मौजूदगी टीम के साथ बनी रहेगी। चेन्नई 2027 में एक नए दौर की शुरुआत की तैयारी कर रही है। रूपा गुरुनाथ ने अपने संदेश की शुरुआत में सुपर फैंस को पिछले दो दशकों के प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, 'मैं सबसे पहले अपने सभी सुपर फैंस को पिछले दो दशकों में इस टीम को दिए गए प्यार और स्नेह के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं। आप सभी के साथ यह बहुत लंबा सफर रहा है।'
उन्होंने 2008 के पहले आईपीएल ऑक्शन को याद करते हुए बताया कि जब उनके पिता ने टीम खरीदने का फैसला किया था, तब उनकी एक बात बिल्कुल स्पष्ट थी- एमएस धोनी ही टीम के कप्तान होंगे। रूपा ने कहा, 'जब मैं 2008 के ऑक्शन को याद करती हूं, तो मेरे पिता जब यह टीम खरीदना चाहते थे, तब एक बात को लेकर बिल्कुल स्पष्ट थे कि एमएस धोनी ही इसके कप्तान होंगे। यह एक बड़ा फैसला था और हमारे सबसे अच्छे फैसलों में से एक साबित हुआ।' उन्होंने आगे कहा, 'पिछले 20 वर्षों से चेन्नई सुपर किंग्स और एमएस धोनी एक-दूसरे के साथ कदम से कदम मिलाकर चले हैं। इस दौरान हमने उतार-चढ़ाव और हर तरह की परिस्थितियां साथ देखी हैं। हमने एक-दूसरे से बहुत कुछ सीखा है।'