टीम इंडिया को टी20 विश्व कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जिताने वाले रोहित शर्मा के दिल में वनडे विश्व कप 2023 का फाइनल में हारने का दर्द अब भी चुभता है। अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली हार ने उस ट्रॉफी को उनके लिए अधूरा सपना बना दिया है। अब रोहित खुलकर कह रहे हैं कि अगला लक्ष्य सिर्फ खेलना नहीं, जीतना है।
'देश के लिए ट्रॉफी चाहिए'
आईसीसी के एक कार्यक्रम में रोहित ने साफ कर दिया कि 2027 उनके करियर का बड़ा मिशन होगा। उन्होंने कहा, 'मैं 50 ओवर का विश्व कप देखते हुए बड़ा हुआ हूं। वही सबसे बड़ा मंच था। मैं सच में वह ट्रॉफी चाहता हूं और उसके लिए अपनी पूरी ताकत लगा दूंगा। मैं वहां जाकर अपने देश के लिए विश्व कप जीतना चाहता हूं।' यह बयान बताता है कि रोहित के लिए यह सिर्फ टूर्नामेंट नहीं, बल्कि अधूरी कहानी का अगला अध्याय है।
उम्र पर सवाल, जवाब फिटनेस से
टी20 और टेस्ट से संन्यास के बाद कई लोगों ने मान लिया था कि 2027 तक रोहित का सफर मुश्किल होगा, लेकिन पिछले महीनों में उन्होंने फिटनेस पर जबरदस्त काम किया, वजन घटाया और मैदान पर नई ऊर्जा के साथ लौटे। न्यूजीलैंड के खिलाफ भले रन नहीं बने, मगर ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी ने फिर याद दिलाया कि बड़े मंच के खिलाड़ी अब भी जिंदा हैं।
अनुभव का पहाड़
रोहित सिर्फ इरादों से नहीं, आंकड़ों से भी दमदार हैं। उन्होंने 282 वनडे में 11,577 रन बनाए हैं और इनमें 33 शतक और 61 अर्धशतक शामिल हैं। ये नंबर बताते हैं कि वह क्यों अब भी दुनिया के सबसे खतरनाक सलामी बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। अगर फिटनेस साथ देती है, तो 2027 में उनका अनुभव टीम के लिए सोना साबित हो सकता है।
मिशन 2027 शुरू
रोहित की बातें साफ इशारा करती हैं कि तैयारी अभी से शुरू हो चुकी है। लक्ष्य सिर्फ हिस्सा लेना नहीं, बल्कि ट्रॉफी उठाकर 2023 की टीस मिटाना है।