धामी ने पंत की अपील पर क्या कहा?
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषभ पंत के पोस्ट का जवाब देते हुए उन्हें उत्तराखंड का गौरव बताया। उन्होंने कहा कि पंत ने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों के जरिए देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। धामी ने पंत की अपनी मातृभूमि के प्रति भावनाओं और उत्तराखंड लौटकर योगदान देने की इच्छा की भी सराहना की। धामी ने लिखा, 'प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखण्ड के गौरव हैं। आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। अपनी मातृभूमि के प्रति आपका यह प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है।' उन्होंने आगे कहा, 'आपके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। वे शीघ्र ही आपसे संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।'
CM धामी से पंत ने की थी खास अपील
पंत ने शुक्रवार रात करीब 12:46 बजे (शनिवार) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए लिखा कि वह दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें ऐसी जमीन नहीं मिल पा रही है, जहां वह अपना घर बना सकें। उन्होंने खुद को उत्तराखंड का स्थानीय बताते हुए कहा कि वह अपने राज्य से बेहद प्यार करते हैं और वापस अपने पहाड़ी लोगों के बीच जाना चाहते हैं।
पंत ने लिखा, 'सर, मैं दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करने के लिए जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन मुझे ऐसी बड़ी और रहने लायक जगह नहीं मिल पा रही है। मुझे अपना उत्तराखंड बहुत पसंद है। मेरा आपसे विनम्र अनुरोध है कि जमीन हासिल करने में मेरी मदद करें।' उन्होंने आगे कहा कि वह अपने राज्य के लिए काम करना और उत्तराखंड के विकास में योगदान देना चाहते हैं। पंत के मुताबिक, वह पिछले करीब तीन साल से जमीन हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें सफलता नहीं मिली है।
स्पेलिंग और ग्रामर पर भी हुई चर्चा
पंत के पोस्ट में कई स्पेलिंग और ग्रामर की गलतियां थीं। उनके आधी रात के पोस्ट का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कुछ फैंस ने उनके लिखने के अंदाज पर सवाल उठाए। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या पंत नशे में थे, क्योंकि पोस्ट में काफी स्पेलिंग और ग्रामर की गलतियां थीं। हालांकि, पंत की इस अपील का मूल संदेश साफ था, वह उत्तराखंड में अपना घर बनाकर अपने राज्य से जुड़ना चाहते हैं।