भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत न्यूजीलैंड दौरे पर इंडिया ए के तीसरे और आखिरी अनौपचारिक टेस्ट मैच से भी बाहर हो गए हैं। एहतियात के तौर पर उन्हें इस मुकाबले में नहीं उतारने का फैसला किया गया है। पंत की गैरमौजूदगी से 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होने वाले भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट में उनकी उपलब्धता को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पंत को ईरानी कप के दौरान साइड स्ट्रेन की समस्या हुई थी। इसके बाद वह न्यूजीलैंड दौरे पर इंडिया ए के पहले दो मुकाबलों से भी बाहर हो गए थे। अब वह सात नवंबर से शुरू होने वाले तीसरे मैच में भी नहीं खेलेंगे।
ऋषभ पंत
- फोटो : IANS
पंत बाहर हुए
बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया, 'ऋषभ पंत को एहतियात के तौर पर न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक टेस्ट से बाहर कर दिया गया है। हालांकि, पंत ने स्किल ट्रेनिंग शुरू कर दी है और उन्हें किसी तरह का दर्द भी नहीं है, लेकिन प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में उनकी वापसी को लेकर अभी कोई निश्चित समयसीमा तय नहीं है।'
ऋषभ पंत
- फोटो : IANS
पहले टेस्ट से पहले नहीं मिलेगा अभ्यास का मौका
पंत के तीसरे मुकाबले से बाहर होने के कारण उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले मैदान पर उतरने और अपनी लय हासिल करने का अहम मौका नहीं मिल पाएगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जानी है, जिसका पहला मुकाबला 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होगा। पंत अब भारतीय टीम के लिए सिर्फ टेस्ट प्रारूप में खेल रहे हैं। वह वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में अपनी जगह गंवा चुके हैं। ऐसे में टेस्ट सीरीज से पहले उनकी फिटनेस भारतीय टीम के लिए अहम होगी। हालांकि, फिलहाल उनकी वापसी को लेकर कोई आधिकारिक समयसीमा सामने नहीं आई है।