अभिषेक शर्मा पिछली लगातार तीन पारियों में खाता नहीं खोल सके
- फोटो : PTI
टी20 विश्व कप 2026 में युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। तीन मैचों में वह खाता भी नहीं खोल सके और लगातार तीन बार शून्य पर आउट हुए। ऐसे में आलोचनाएं तेज हो गईं, लेकिन पूर्व भारतीय मुख्य कोच रवि शास्त्री ने इसे अलग नजरिए से देखने की सलाह दी है। भारत के दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले सुपर-8 मुकाबले से पहले शास्त्री ने चौंकाने वाला बयान दिया।
शास्त्री का बड़ा बयान
शास्त्री ने कहा, 'मैं इसे सकारात्मक रूप में देखता हूं कि अभिषेक शर्मा तीन बार शून्य पर आउट हुए हैं। हो सकता है वह टूर्नामेंट के अहम दौर के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ बचाकर रख रहे हों। दूसरी टीमें इस बात से थोड़ा चिंतित होंगी कि अभी तक उनके बल्ले से रन नहीं निकले हैं।' उनका मानना है कि बड़े खिलाड़ी अक्सर महत्वपूर्ण मैचों में अपनी असली क्षमता दिखाते हैं और अभिषेक भी ऐसा कर सकते हैं।
प्लेइंग इलेवन पर क्या बोले?
शास्त्री का मानना है कि मौजूदा भारतीय टीम संतुलित है और प्लेइंग इलेवन में बड़े बदलाव की संभावना कम है। नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले में भारत ने दो बदलाव किए थे, कुलदीप यादव की जगह अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल को आराम देकर वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया था।
इस पर शास्त्री ने कहा, 'मुझे लगता है कि टीम लगभग वही रहेगी। आपके पास गहराई है, विकल्प हैं और हर परिस्थिति के लिए तैयारी है। जब ओस होती है, तो अतिरिक्त गेंदबाज़ी विकल्प की जरूरत होती है। मुझे नहीं लगता कि टीम ज्यादा छेड़छाड़ करेगी।'
दक्षिण अफ्रीका पर भी नजर
शास्त्री ने दक्षिण अफ्रीका की टीम की भी तारीफ की और मुकाबले को रोमांचक बताया। उन्होंने कहा, 'दक्षिण अफ्रीका कोई कमजोर टीम नहीं है। उनमें आत्मविश्वास है और यह मुकाबला बेहद कड़ा होने वाला है। यह 2024 विश्व कप फाइनल की पुनरावृत्ति भी है, इसलिए सभी उत्साहित हैं।' भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह भिड़ंत टूर्नामेंट के सबसे चर्चित मुकाबलों में से एक मानी जा रही है।