ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोर्ट परिसर में दुष्कर्म के आरोपी की जमानत होने पर आक्रोशित युवती ने शुक्रवार शाम कोर्ट परिसर के बाहर जमकर हंगामा मचाया। युवती देर परिसर के बाहर धरने पर बैठ गई। देर शाम तक वह परिसर के बाहर जमी हुई थी।
नोएडा की एक आईटी कंपनी में कार्यरत युवती को मई 2016 में फेसबुक पर चांदनी चौक दिल्ली निवासी युवक साहिल चड्ढा ने दोस्ती की पेशकश की थी।
उम्र में युवक के पांच वर्ष छोटे होने पर युवती ने पहले तो उसे मना कर दिया लेकिन बाद में दोनों की दोस्ती हो गई। अक्तूबर 2016 में दोनों की मुलाकात हुई और युवक उसके नोएडा स्थित घर जाने लगा। युवती का आरोप है कि युवक ने उसे शादी का झांसा देकर संबंध बनाए। इस दौरान वह तीन बार गर्भवती हुई तो युवक ने उसका गर्भपात करा दिया।
बाद में युवक उसे वैष्णो देवी जाने के नाम पर छोड़कर चला गया। युवती ने 28 जुलाई को नोएडा फेस-3 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार को मामले की सुनवाई में कोर्ट ने उसे जमानत दे दी। जमानत होने से खफा दुष्कर्म पीड़िता कोर्ट परिसर के बाहर धरने पर बैठ गई। इस दौरान कई पुलिसवालों ने उसे समझाया लेकिन वह टस से मस नहीं हुई।