भारतीय क्रिकेट के दिग्गज राहुल द्रविड़ अब यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग में डबलिन गार्डियंस के मालिक के रूप में नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। उन्होंने टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजों के बढ़ते दबदबे, टेस्ट क्रिकेट में गेंदबाजों की बढ़त और रविचंद्रन अश्विन को टीम की पूरी आजादी देने की बात कही।
भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान और पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ अब एक नई भूमिका में नजर आएंगे। यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) में डबलिन गार्डियंस के मालिक बनने के बाद द्रविड़ ने कहा कि यह उनके लिए नया अनुभव है और वह इसे लेकर बेहद उत्साहित हैं। द्रविड़ ने कहा, 'यह रोमांचक है। जाहिर तौर पर यह एक नई दिशा है, कुछ नया है। मैं इसे लेकर उत्साहित हूं, लेकिन मैं यह भी समझता हूं कि मुझे बहुत कुछ सीखना है। मुझे बहुत आगे बढ़ना है।'
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि क्रिकेट ने उन्हें जीवन में बहुत कुछ दिया है और अब यह खेल उन्हें फिर कुछ नया सीखने का अवसर दे रहा है। द्रविड़ बोले, 'मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि मुझे यह मौका मिला है। मैं किसी नए क्षेत्र में सीख सकता हूं, आगे बढ़ सकता हूं। इस खेल ने मुझे बहुत कुछ दिया है, जिसके लिए मैं आभारी हूं।'
30 साल के अनुभव के बाद भी सीखने को तैयार
राहुल द्रविड़ ने कहा कि भारत के लिए खेलने से लेकर कोचिंग तक, क्रिकेट ने उन्हें दुनिया देखने और अलग-अलग लोगों से मिलने का मौका दिया। उन्होंने कहा, 'जब से मैंने भारत के लिए खेलना शुरू किया, तब से 30 साल से ज्यादा का सफर रहा है। इस खेल ने मुझे अविश्वसनीय अनुभव दिए हैं। दुनिया घूमने का मौका दिया, बहुत कुछ देखने और अलग-अलग लोगों से मिलने का अवसर दिया। मैं खुश हूं कि यह खेल मुझे फिर एक नया मौका दे रहा है, ताकि मैं व्यक्तिगत स्तर पर भी आगे बढ़ सकूं और कुछ अलग कर सकूं।'
टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजों का राज
द्रविड़ ने मौजूदा टी20 क्रिकेट पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि पिछले दो-तीन वर्षों में बल्लेबाजी का स्तर अद्भुत रहा है। उनके मुताबिक बल्लेबाज अब मैदान के हर हिस्से में शॉट खेलने लगे हैं और छक्के लगाने की कला तेजी से बढ़ी है। उन्होंने कहा, 'पिछले दो-तीन साल में बल्लेबाजी की गुणवत्ता शानदार रही है। बल्लेबाजी कौशल, छक्के मारने की क्षमता और मैदान के अलग-अलग हिस्सों में शॉट खेलने का स्तर बहुत तेजी से बढ़ा है।'
द्रविड़ ने माना कि इस फॉर्मेट में गेंदबाजों को अब अपनी कला और रणनीति पर ज्यादा मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा, 'टी20 में गेंदबाजों को अब थोड़ा पीछे से वापसी करनी होगी। उन्हें अपने कौशल पर लगातार काम करना होगा। कुछ गेंदबाज जरूर अलग नजर आएंगे, लेकिन कुल मिलाकर इस समय बल्लेबाज आधुनिक टी20 की मांगों से ज्यादा बेहतर तरीके से तालमेल बिठा पा रहे हैं।'
टेस्ट क्रिकेट में गेंदबाजों की बढ़त
राहुल द्रविड़ ने टेस्ट क्रिकेट और टी20 क्रिकेट के मौजूदा संतुलन की तुलना भी की। उन्होंने कहा, 'अगर आप टेस्ट क्रिकेट देखें तो लगभग हर मैच का नतीजा निकल रहा है। गेंदबाज वहां दबदबा बनाए हुए हैं। दो दिन और तीन दिन में मैच खत्म होते देख रहे हैं। टेस्ट क्रिकेट में गेंदबाज थोड़ा आगे हैं, जबकि टी20 में बल्लेबाज आगे हैं।' उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में देखना दिलचस्प होगा कि क्या गेंदबाज टी20 में फिर से संतुलन बना पाएंगे।
खेल में संतुलन जरूरी
द्रविड़ ने साफ कहा कि क्रिकेट किसी एक पक्ष के पक्ष में ज्यादा झुकना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा, 'दिन के आखिर में आप नहीं चाहेंगे कि संतुलन किसी एक तरफ बहुत ज्यादा झुक जाए। न बल्लेबाजों के पक्ष में और न गेंदबाजों के पक्ष में।'
अश्विन को मिलेगी पूरी आजादी
डबलिन गार्डियंस के कप्तान और मेंटर रविचंद्रन अश्विन को लेकर भी द्रविड़ ने बड़ा भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि टीम खुशकिस्मत है कि उसे अश्विन जैसा अनुभवी कप्तान मिला है। द्रविड़ बोले, 'हम खुशकिस्मत हैं कि अश्विन जैसे खिलाड़ी को कप्तान और मेंटर के रूप में जोड़ा है। हम उनके आसपास ऐसी टीम बनाएंगे, जिससे वह अपनी सोच के अनुसार टीम चला सकें।' उन्होंने साफ किया कि क्रिकेट से जुड़े फैसले अश्विन और विशेषज्ञों के हाथ में रहेंगे।
द्रविड़ की भूमिका क्या होगी?
राहुल द्रविड़ ने कहा कि उनका मुख्य ध्यान फ्रेंचाइजी के ऑफ-फील्ड कामकाज, संरचना और मजबूत सिस्टम बनाने पर रहेगा। उन्होंने कहा, 'मेरा काम मैदान के अंदर और बाहर टीम को सही ढंग से तैयार करना होगा। फ्रेंचाइजी स्तर पर काफी काम करना है। यही मेरी प्राथमिकता और फोकस रहेगा। अश्विन और जिन विशेषज्ञों को हम चुनेंगे, वे क्रिकेट को संभालेंगे। यही दिशा है, यही योजना है और यही भूमिका मैं अपने लिए देखता हूं।'
भारतीय दिग्गजों का यूरोप में प्रभाव
राहुल द्रविड़ का टीम मालिक बनना और अश्विन का कप्तान बनना दिखाता है कि भारतीय क्रिकेट दिग्गज अब दुनिया भर में खेल के विस्तार में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। ईटीपीएल जैसे टूर्नामेंट यूरोप में क्रिकेट को नई पहचान दे सकते हैं। द्रविड़ ने एक बार फिर साबित किया है कि वह सिर्फ मैदान के खिलाड़ी नहीं, बल्कि दूरदृष्टि रखने वाले क्रिकेट विचारक भी हैं। टी20 क्रिकेट के बदलते स्वरूप पर उनकी राय, अश्विन पर भरोसा और नई जिम्मेदारी को लेकर उनका उत्साह बताता है कि उनकी नई पारी भी उतनी ही खास हो सकती है, जितनी उनकी बल्लेबाजी थी।