भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाली दिवपक्षीय क्रिकेट सीरीज का इंतजार हमेशा क्रिकेट फैंस को रहता है। लेकिन दोनों देशों के बीच राजनीतिक सम्बंधों में तल्खी के चलते बीते कई सालों से दिवपक्षीय क्रिकेट सीरीज का आयोजन नहीं हो सका है। लेकिन अब ऐसा लगता है कि आगामी भविष्य में दोनों देशों के बीच जल्द ही क्रिकेट सीरीज का आयोजन हो सकता है। खबरों के मुताबिक भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट सीरीज का आयोजन हो इसके लिए पहल की जा रही है। आईसीसी आगामी बैठक में भारत -पाकिस्तान के बीच क्रिकेट सीरीज बहाली पर फैसला ले सकता है। आईसीसी ने अगर दोनों देशों के बीच क्रिकेट सीरीज बहाली को लेकर कोई निर्णय लिया तो दोनों देश 8 साल बाद एक दूसरे के खिलाफ क्रिकेट सीरीज खेलेंगे।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुताबिक, भारत और पाकिस्तान के बीच जल्द ही सीरीज शुरू होने की उम्मीद है। राजनीतिक तनाव के चलते दोनों देशों के बीच के बीते 8 सालों से कोई दिवपक्षीय क्रिकेट सीरीज नहीं खेली गई।
भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी बार साल 2013 में क्रिकेट सीरीज खेली गई थी। वहीं 2007-08 से दोनों पड़ोसियों के बीच टेस्ट सीरीज का आयोजन नहीं हो सका है। इस दरम्यान भारत और पाकिस्तान सिर्फ एशिया कप और क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान ही एक दूसरे के खिलाफ खेल हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की बैठक दुबई में होने वाली है। जहां भारत पाकिस्तान के बीच सीरीज खेलने के फैसले की घोषणा कर सकता है। इसके अलावा भारत को टी-20 विश्व कप के लिए पाकिस्तान के खिलाड़ियों, पत्रकारों और मैच से जुड़े अधिकारियों के लिए वीजा मुहैया कराने के बारे में आईसीसी को सूचना देना है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मीडिया मैनेजर शकील खान के मुताबिक, आईसीसी बैठक में दोनों देशों का प्रतिनिधि मंडल हिस्सा लेगा, इस बैठक में हमें सफलता मिलने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हम भारत के साथ हमेशा क्रिकेट सीरीज खेलने के लिए आतुर रहते हैं लेकिन भारत कोई रुचि नहीं दिखाता।
शकील खान के मुताबिक पाकिस्तान की टीम भारत में पहली ही दो क्रिकेट सीरीज खेल चुकी है इसलिए अब भारत को पाकिस्तान खेलने आना होगा। लेकिन ये भारत पर निर्भर करेगा कि वह आईसीसी की बैठक के दौरान क्या नियम और शर्तें लेकर आते हैं।