आईसीसी ने गुरुवार को 2027 वनडे विश्व कप का शेड्यूल जारी किया, जिसके बाद पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने पाकिस्तान टीम पर चुटकी ली। पार्थिव ने कहा कि टूर्नामेंट के फॉर्मेट को देखते हुए पाकिस्तान की टीम शायद पहले ही अगले दौर में पहुंचने के बारे में सोच रही होगी।
पाकिस्तान के ग्रुप में भारत और ऑस्ट्रेलिया
2027 विश्व कप के मुख्य चरण में 12 टीमें हिस्सा लेंगी। इन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है और हर ग्रुप में छह टीमें होंगी। पाकिस्तान को ग्रुप ए में भारत, ऑस्ट्रेलिया, जिम्बाब्वे, अफगानिस्तान और क्वालिफायर ए के साथ रखा गया है। ग्रुप चरण के बाद हर ग्रुप की शीर्ष तीन टीमें सुपर-7 चरण में पहुंचेंगी। दोनों ग्रुप में चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को भी सुपर-7 में जगह मिलेगी।
'पाकिस्तान सोच रहा होगा कि दूसरे राउंड में पहुंचेंगे'
स्टार स्पोर्ट्स पर शेड्यूल पर चर्चा के दौरान पार्थिव ने कहा कि अलग-अलग टीमें अपनी सोच के हिसाब से लक्ष्य तय करती हैं। उन्होंने कहा, 'टीमें अपनी मानसिकता के हिसाब से अलग-अलग सोचती हैं। भारत यह सोच रहा होगा कि कम से कम सेमीफाइनल तक पहुंचना है। वहीं, इस शेड्यूल को देखकर पाकिस्तान सोच रहा होगा कि हम निश्चित तौर पर सुपर-7 चरण में पहुंचेंगे और फिर वहां से देखते हैं कि क्या होता है।' पार्थिव ने आगे कहा, 'पाकिस्तान इस शेड्यूल को देखकर खुश होगा। वे सोच रहे होंगे कि वे दूसरे राउंड में पहुंच जाएंगे।'
सुपर-सात में नहीं मिलेंगे ग्रुप चरण के अंक
सुपर-सात चरण में ग्रुप स्टेज के अंक आगे नहीं ले जाए जाएंगे। इस चरण में सातों टीमें राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेलेंगी और हर टीम को छह मुकाबले खेलने होंगे। सुपर-सात चरण 25 अक्तूबर से 14 नवंबर तक चलेगा। इसके बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
10 अक्तूबर को भारत-पाकिस्तान मुकाबला
विश्व कप का ग्रुप चरण सात अक्तूबर से शुरू होगा। भारत अपने अभियान की शुरुआत 2023 विश्व कप फाइनल की प्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगा। दोनों टीमें केपटाउन में आमने-सामने होंगी। भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला 10 अक्तूबर को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा।
दक्षिण अफ्रीका नौ अक्तूबर को केपटाउन में न्यूजीलैंड के खिलाफ अभियान शुरू करेगा, जबकि सह-मेजबान जिम्बाब्वे उसी दिन बुलावायो में क्वालिफायर ए से भिड़ेगा। ऑस्ट्रेलिया 2023 विश्व कप का गत चैंपियन है। उसने अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में भारत को छह विकेट से हराकर खिताब जीता था। पाकिस्तान उस टूर्नामेंट में नौ मैचों में चार जीत और पांच हार के साथ पांचवें स्थान पर रहा था।