पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड
- फोटो : IANS
74 साल में पहली बार 200 का आंकड़ा नहीं छू सका पाकिस्तान
- लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 389 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में पाकिस्तान की दूसरी पारी सिर्फ 194 रन पर सिमट गई। इसके साथ ही पाकिस्तान लगातार चौथी पारी में 200 रन का आंकड़ा पार करने में नाकाम रहा।
- यह पाकिस्तान के टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार है जब टीम लगातार चार पारियों में 200 से कम स्कोर पर ऑलआउट हुई है। लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में पाकिस्तान ने 110 रन बनाए थे। इससे पहले लीड्स टेस्ट की दोनों पारियों में टीम 171 और 135 रन पर सिमट गई थी।
- पाकिस्तान ने अपना पहला टेस्ट 1952 में खेला था। यानी 74 साल में उसके साथ ऐसा पहली बार हुआ। लॉर्ड्स टेस्ट की दोनों पारियों को मिलाकर पाकिस्तान के बल्लेबाज सिर्फ 529 गेंदों का सामना कर सके। लगातार कमजोर बल्लेबाजी ने टीम की परेशानी और बढ़ा दी।
शकील ने अकेले संभाला मोर्चा
दूसरी पारी में पाकिस्तान की ओर से सऊद शकील ने सबसे ज्यादा संघर्ष किया। उन्होंने 97 रन की दमदार पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त साथ नहीं मिला। शान मसूद ने 26 रन बनाए, जबकि अली उस्मान 16 रन बनाकर आउट हुए। मोहम्मद अब्बास 13 रन बनाकर नाबाद रहे। कप्तान बाबर आजम का बल्ला दोनों पारियों में खामोश रहा। उन्होंने पूरे मैच में कुल 14 रन बनाए। पाकिस्तान के छह बल्लेबाज दूसरी पारी में दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके।
इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने तोड़ी कमर
इंग्लैंड की जीत में गेंदबाजों की भूमिका अहम रही। ओली रॉबिन्सन ने मुकाबले में कुल आठ विकेट हासिल किए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। दूसरी पारी में उन्होंने चार विकेट लिए। जोश टंग और जोफ्रा आर्चर ने भी पाकिस्तान के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। दोनों ने मैच में कुल पांच-पांच विकेट हासिल किए। इंग्लैंड ने पहला टेस्ट भी एक पारी और 103 रन से जीता था।
कुछ अन्य रिकॉर्ड्स
- पाकिस्तान को लॉर्ड्स में 2010 के बाद पहली बार हार मिली। इससे पहले उसने यहां 2016 और 2018 में लगातार दो टेस्ट जीते थे। इंग्लैंड में पाकिस्तान ने आखिरी बार 1996 में टेस्ट सीरीज जीती थी।
- इंग्लैंड ने दिसंबर 2024 के बाद पहली बार कोई मल्टी-टेस्ट सीरीज जीती है। लॉर्ड्स में इंग्लैंड की यह लगातार पांचवीं टेस्ट जीत है। उसे यहां आखिरी हार 2023 एशेज में मिली थी।
पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड
- फोटो : IANS