पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रमीज राजा ने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे से पहले शान मसूद को टेस्ट कप्तानी से हटाने के पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के फैसले की आलोचना की है। पीसीबी ने शान मसूद की जगह बाबर आजम को फिर से टेस्ट टीम की कमान सौंपी है। यह फैसला रमीज राजा को पसंद नहीं आया। रमीज खुद भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं।
पीसीबी पर क्यों बरसे रमीज राजा?
रमीज राजा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि शान मसूद को एक साधारण टेस्ट टीम दी गई और फिर उनसे अच्छे नतीजों की उम्मीद की गई। उन्होंने आशंका जताई कि अब बाबर आजम को भी कप्तान के तौर पर इसी तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। रमीज ने कहा कि अगर वह शान मसूद की जगह होते, तो बोर्ड को लिखित विरोध पत्र देते और पूछते कि जब लगातार साधारण खिलाड़ियों का समूह कप्तान को दिया जाएगा, तो उससे सकारात्मक नतीजों की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि टेस्ट टीम का स्तर अच्छा नहीं है, तो इसके लिए सिर्फ कप्तान को जिम्मेदार कैसे ठहराया जा सकता है।
शान मसूद का रिकॉर्ड कैसा रहा?
शान मसूद ने दिसंबर 2023 से पाकिस्तान की टेस्ट टीम की कप्तानी संभाली थी। उनके नेतृत्व में टीम ने 16 टेस्ट मैच खेले, जिनमें से 12 में उसे हार का सामना करना पड़ा। हाल ही में वरिष्ठ चयनकर्ता आकिब जावेद ने टीम के खराब प्रदर्शन के लिए मसूद के नेतृत्व संबंधी फैसलों को जिम्मेदार ठहराया था।
रमीज राजा ने कप्तानी पर क्या राय दी?
रमीज राजा ने आकिब जावेद की राय से असहमति जताई। उनका कहना था कि किसी भी कप्तान का प्रदर्शन उतना ही अच्छा हो सकता है, जितने अच्छे खिलाड़ी उसे उपलब्ध कराए जाएं। पाकिस्तान की टीम 13 जुलाई को वेस्टइंडीज दौरे के लिए रवाना होगी, जहां उसे दो टेस्ट मैच खेलने हैं। इसके बाद टीम अगस्त और सितंबर में इंग्लैंड का दौरा करेगी, जहां तीन और टेस्ट मुकाबले खेले जाएंगे।