भारत ए बनाम न्यूजीलैंड ए चार दिवसीय मुकाबला
- फोटो : IANS/PTI
न्यूजीलैंड ने भारत ए के खिलाफ तीन चार दिवसीय मैचों के लिए 19 सदस्यीय विस्तारित टीम घोषित की है। इस टीम में 11 ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जो न्यूजीलैंड की अंतरराष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार से लिंकन यूनिवर्सिटी के बर्ट सटक्लिफ ओवल में खेला जाएगा। वहीं, झारखंड के 21 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज शिखर मोहन को घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद भारत ए टीम में शामिल किया गया है।
पहले दो मैचों में राइस मारियू करेंगे कप्तानी
न्यूजीलैंड ए की पहले दो मैचों में कप्तानी राइस मारियू करेंगे। तीसरे मुकाबले के लिए कप्तान का फैसला बाद में किया जाएगा। न्यूजीलैंड के नए केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ी निक केली तीसरे मैच में खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे। उनके अलावा आदि अशोक, क्रिस्टियन क्लार्क, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मैट फिशर, मिच हे, जेडन लेनॉक्स, बेन लिस्टर, हेनरी निकोल्स और टिम रोबिन्सन भी टीम में शामिल हैं। यह सीरीज न्यूजीलैंड और भारत के बीच होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज तथा न्यूजीलैंड की घरेलू 50 ओवर की प्रतियोगिता के साथ खेली जाएगी। इसी कारण प्रत्येक मैच के लिए 13 खिलाड़ियों की टीम तैयार की जाएगी, जबकि बाकी खिलाड़ी फोर्ड ट्रॉफी में हिस्सा लेंगे।
भारत के मजबूत बल्लेबाजों के सामने होगी चुनौती
न्यूजीलैंड ए को भारत के कुछ बेहतरीन टेस्ट खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने का मौका मिलेगा। भारत की आगामी टेस्ट सीरीज के लिए यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, ऋषभ पंत और वॉशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ियों को टीम में चुना गया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज 19 नवंबर से शुरू होगी। न्यूजीलैंड क्रिकेट के हाई परफॉर्मेंस डेवलपमेंट प्रमुख पीट सैनफोर्ड ने भारत ए की मेजबानी को खिलाड़ियों के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा, 'हम भारत ए की मेजबानी को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने बेहद मजबूत टीम घोषित की है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के खिलाफ अपनी क्षमता परखना और उनसे मुकाबला करना हमारे खिलाड़ियों के विकास का शानदार अवसर है।' सैनफोर्ड ने आगे कहा, 'न्यूजीलैंड में भारतीय टीम की मौजूदगी को लेकर काफी उत्साह है और मुझे पता है कि हमारी टीम घरेलू सत्र शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है।'
शानदार प्रदर्शन के बाद भारत ए टीम में शिखर मोहन को मिली जगह
वहीं, शिखर मोहन न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के दूसरे और तीसरे चार दिवसीय मुकाबले के लिए भारत ए टीम से जुड़ेंगे। यह सीरीज न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय सीनियर टीम की सीमित ओवरों की सीरीज के साथ चलेगी और दोनों देशों के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू होने से पहले समाप्त होगी।
रणजी ट्रॉफी में लगातार शानदार प्रदर्शन
मोहन ने 2025-26 रणजी ट्रॉफी सत्र में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 12 पारियों में एक दोहरे शतक सहित 613 रन बनाए थे। मौजूदा सत्र में भी उनका प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। उन्होंने अब तक दो मैचों में 99.00 की औसत से 297 रन बनाए हैं। इस सत्र में केरल के खिलाफ उन्होंने 143 रन की पारी खेली। वहीं, महाराष्ट्र के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने पहली पारी में 27 और दूसरी पारी में 127 रन बनाए। रणजी ट्रॉफी के अलावा मोहन ने सितंबर में दलीप ट्रॉफी के फाइनल में भी अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने ईस्ट जोन की ओर से साउथ जोन के खिलाफ दोनों पारियों में अर्धशतक लगाए थे। इसके बाद अक्तूबर में ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया की तरफ से खेलते हुए उन्होंने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ पहली पारी में 60 रन बनाए।
26 अक्तूबर से शुरू होगा पहला मुकाबला
भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच पहला चार दिवसीय मुकाबला 26 अक्तूबर से लिंकन में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच क्राइस्टचर्च और तीसरा मुकाबला फिर से लिंकन में होगा। वहीं, भारत और न्यूजीलैंड की सीनियर टीमों के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज 19 नवंबर से शुरू होगी।
पहले तीन मैचों के लिए न्यूजीलैंड ए की टीमें
पहला मैच: राइस मारियू (कप्तान), मैट बॉयल, मैक्स चू, क्रिस्टियन क्लार्क, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, जैक गिब्सन, मिच हे (विकेटकीपर), कर्टिस हीफी, साइमन कीन, जेडन लेनॉक्स, जारोड मैके, टिम रोबिन्सन, फ्रेजर शीट।
दूसरा मैच: राइस मारियू (कप्तान), मैट बॉयल, क्रिस्टियन क्लार्क, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, जैक गिब्सन, मिच हे (विकेटकीपर), कर्टिस हीफी, साइमन कीन, जेडन लेनॉक्स, जारोड मैके, टिम रोबिन्सन, फ्रेजर शीट।
तीसरा मैच: आदि अशोक, मैट बॉयल, मैक्स चू (विकेटकीपर), डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, कर्टिस हीफी, साइमन कीन, निक केली, बेन लिस्टर, राइस मारियू, जारोड मैके, कैम पॉल, हेनरी निकोल्स, फ्रेजर शीट।
न्यूजीलैंड ए के खिलाफ चार दिवसीय सीरीज के लिए भारत ए की टीम: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (पहले मैच के लिए), देवदत्त पडिक्कल, आर स्मरण, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (कप्तान और विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, औकिब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, बी साई सुदर्शन, यश राठौड़, मुकेश कुमार, ऋषभ पंत (फिटनेस पर निर्भर), शिखर मोहन (आखिरी दो मैचों के लिए)।