नीदरलैंड्स की टीम अंक तालिका में पाकिस्तान से ऊपर पहुंच गई है
- फोटो : IANS
टी20 विश्वकप 2026 का 10वां मैच नीदरलैंड्स और नामीबिया के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। नीदरलैंड्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 156 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड्स ने 18 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। बास डी लीडे ने 48 गेंद में नाबाद 72 रन की तूफानी पारी खेली और अपनी टीम को सात विकेट से जीत दर्ज करने में अहम भूमिका निभाई।
अंक तालिका का हाल
इस जीत के साथ नीदरलैंड्स की टीम ग्रुप-ए में पाकिस्तान को पीछे छोड़ते हुए दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। ग्रुप-ए में भारत एक मैच में जीत और दो अंक लेकर शीर्ष पर है। उसका नेट रन रेट +1.450 है। वहीं, नामीबिया पर जीत के बाद नीदरलैंड्स के दो मैचों में एक जीत और एक हार के साथ दो अंक हैं। उसका नेट रन रेट +0.356 है। वहीं, पाकिस्तान की टीम एक मैच में एक जीत और दो अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। उसका नेट रन रेट +0.240 है।
नामीबिया -1.033 नेट रन रेट के साथ चौथे और अमेरिका -1.450 नेट रन रेट के साथ पांचवें स्थान पर है। अगर नीदरलैंड्स ने पाकिस्तान को पहले मैच में हरा दिया होता तो ग्रुप का समीकरण दिलचस्प हो सकता था और नीदरलैंड्स की टीम सुपर-8 में जाने की मजबूत दावेदार होती। नीदरलैंड्स ने पाकिस्तान के खिलाफ लगभग जीता हुआ मैच गंवा दिया था। पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स के खिलाफ 19.3 ओवर में जाकर लक्ष्य हासिल किया था।
नीदरलैंड्स की पारी
- 157 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसे 16 के स्कोर पर पहला झटका लगा। मैक्स ओडॉड सात रन बनाकर बर्नार्ड स्कोल्ज का शिकार बने।
- इसके बाद माइकल लेविट और बास डी लीडे के बीच दूसरे विकेट के लिए 30 रन की साझेदारी हुई।
- लेविट 15 गेंद पर एक चौके और तीन छक्के की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें रुबेन ट्रंपलमैन ने पवेलियन भेजा।
- नीदरलैंड्स को तीसरा झटका कॉलिन एकरमैन के रूप में लगा। वह 28 गेंद में 32 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें निकोल लॉफ्टी ने आउट किया। एकरमैन और डी लीडे के बीच 70 रन की साझेदारी हुई।
- फिर स्कॉट एडवर्ड्स और डी लीडे ने 43 रन की नाबाद साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। एडवर्ड्स नौ गेंद में एक चौका और एक छक्के की मदद से 18 रन और डी लीडे 48 गेंद में पांच चौका और चार छक्कों की मदद से 72 रन बनाकर नाबाद रहे।
नामीबिया की पारी
- नामीबिया की भी शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। 10 के स्कोर पर लॉरेन स्टीनकैंप के रूप में पहला झटका लगा। वह छह रन बनाकर आर्यन दत्त का शिकार बने।
- इसके बाद जैन फ्रीलिंक और जेन निकोल ने दूसरे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को लोगन वान बीक ने तोड़ा। उन्होंने फ्रीलिंक को कैच आउट कराया। फ्रीलिंक 26 गेंद पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए।
- इसके बाद कप्तान गेरार्ड इरैसमस नौ गेंद पर 18 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें बास डी लीडे ने आउट किया।
- जेन निकोल अर्धशतक से चूक गए और 38 गेंद में एक चौका और दो छक्कों की मदद से 42 रन बनाकर वान बीक की गेंद पर आउट हुए।
- इसके बाद नामीबिया की टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही। जेन ग्रीन नौ रन और रुबेन ट्रंपलमैन भी नौ रन बनाकर आउट हुए।
- जेजे स्मिट ने 15 गेंद पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से 22 रन की पारी खेली।
- विलेम मायबर्ग चार रन बनाकर रन आउट हुए। डिलन लीचर छह रन बनाकर नाबाद रहे।
- नीदरलैंड्स की ओर से बास डी लीडे और लोगन वान बीक को दो-दो विकेट मिले। वहीं, आर्यन दत्त, फ्रेड क्लासेन को एक-एक विकेट मिला।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
- नीदरलैंड्स: माइकल लेविट, मैक्स ओडॉड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान/विकेटकीपर), ज़ैक लायन-केशे, लोगन वान बीक, आर्यन दत्त, रोल्फ वान डर मर्व, टिम वैन डेर गग्टेन, फ्रेड क्लासेन।
- नामीबिया: लॉरेन स्टीनकैंप, जान फ्रीलिंक, जेन निकोल लॉफ्टी-ईटन, गेरार्ड इरैसमस (कप्तान), जेजे स्मिट, ज़ेन ग्रीन (विकेटकीपर), डिलन लाइशर, रुबेन ट्रम्पेलमैन, विलेम मायबर्ग, बर्नार्ड शोल्ट्ज, मैक्स हिंगो।