नाथन लियोन और पैट कमिंस
- फोटो : twitter
15 साल में पहली बार टेस्ट टीम से बाहर हुए लियोन
ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए 13 सदस्यीय टीम घोषित की है। इसमें अनुभवी नाथन लियोन को जगह नहीं मिली है। उनकी जगह पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के अनकैप्ड ऑफ स्पिनर कोरी रोचिचियोली को टीम में शामिल किया गया है। वह टीम में इकलौते विशेषज्ञ स्पिनर हैं।
लियोन को बाहर रखने का फैसला चयनकर्ताओं के लिए भी आसान नहीं था। जॉर्ज बेली ने स्वीकार किया कि 39 वर्षीय गेंदबाज को यह खबर देना मुश्किल था। उन्होंने शनिवार को कहा, 'यह बातचीत चुनौतीपूर्ण थी। चयन पैनल की ओर से इस बातचीत का सबसे अहम संदेश यही था कि हमें उम्मीद है कि यह उनके करियर का अंत नहीं होगा।' उन्होंने आगे कहा, 'हमें आगे उनके लिए रास्ता नजर आता है। मुझे लगता है कि भारत जैसे दौरे पर अपने अनुभव और कौशल के दम पर वह अब भी टीम के लिए बहुत उपयोगी साबित हो सकते हैं। हालांकि, यह उनके लिए मुश्किल बातचीत थी और वह इस फैसले से उबरने के लिए थोड़ा समय ले रहे हैं।'
पिछले कुछ मैचों में प्रदर्शन नहीं रहा प्रभावी
बेली ने लियोन को टीम से बाहर रखने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ मुकाबलों में लियोन वैसा प्रभाव नहीं छोड़ सके, जैसी टीम को उनसे उम्मीद थी। इसी वजह से चयनकर्ताओं ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए दूसरे विकल्प को आजमाने का फैसला किया। इससे पहले भी लियोन को प्लेइंग-11 से बाहर बैठना पड़ा था। उन्हें जमैका में हुए डे-नाइट टेस्ट और एशेज के दौरान गाबा टेस्ट में भी अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली थी। हालांकि, इस बार उन्हें सीधे टीम से ही बाहर कर दिया गया है।
भारत दौरे पर क्यों जरूरी हो सकते हैं लियोन?
ऑस्ट्रेलिया को अगले साल भारत के खिलाफ पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेलनी है। यह सीरीज 21 जनवरी 2027 से नागपुर में शुरू होगी। बेली को उम्मीद है कि लियोन इस दौरे के लिए टीम का हिस्सा हो सकते हैं। उन्होंने कहा, 'भारत में उनका रिकॉर्ड, उनका अनुभव और वहां की परिस्थितियों की जानकारी काफी अहम है। भारत का दौरा करना कितना चुनौतीपूर्ण होता है, इसे देखते हुए उनका अनुभव टीम के लिए उपयोगी हो सकता है।'
चयनकर्ताओं ने फिलहाल लियोन को अपने भविष्य को लेकर जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेने की सलाह दी है। बेली ने कहा कि टीम से बाहर किए जाने की जानकारी देने के अलावा उन्होंने लियोन से यही कहा कि वह इस फैसले पर विचार करने के लिए समय लें और जल्दबाजी में संन्यास जैसा कोई निर्णय न करें। उन्होंने कहा, 'हमने उनके भविष्य को लेकर अभी कोई अंतिम बातचीत नहीं की। हम चाहते थे कि वह इस फैसले के बाद थोड़ा समय लें और किसी भी तरह का निर्णय जल्दबाजी में न करें।'
ऑस्ट्रेलिया टीम: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, जैक क्लेटन, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंगलिस, माइकल नेसर, मैट रेनशॉ, कोरी रोचिचियोली, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क
ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज का कार्यक्रम
-
पहला टेस्ट: 9 से 13 दिसंबर, पर्थ
-
दूसरा टेस्ट: 17 से 21 दिसंबर, एडिलेड
-
तीसरा टेस्ट: 26 से 30 दिसंबर, मेलबर्न
-
चौथा टेस्ट: 4 से 8 जनवरी 2027, सिडनी