आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में न्यूजीलैंड के अभियान के समाप्त होने के साथ ही अनुभवी ऑलराउंडर सोफी डिवाइन के 20 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर का भी अंत हो गया। 35 वर्षीय डिवाइन ने अपनी साथी खिलाड़ियों सूजी बेट्स और लिया ताहुहू के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा। संन्यास के बाद डिवाइन ने इंस्टाग्राम पर टीम के साथ तस्वीरें साझा करते हुए भावुक संदेश लिखा, जिसने क्रिकेट प्रशंसकों का दिल छू लिया।
'20 साल कब बीत गए, पता ही नहीं चला'
डिवाइन ने अपने पोस्ट में लिखा, 'पता ही नहीं चला कि ये 20 साल कब बीत गए। अपने दो सबसे करीबी साथियों के साथ आखिरी बार मैदान से बाहर निकलना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का सबसे खूबसूरत तरीका है।' उन्होंने आगे लिखा, 'मुझे नहीं लगता कि मैं उन सभी लोगों का नाम ले पाऊंगी, जिन्होंने मेरे इस सफर में योगदान दिया। नहीं तो मुझे आधे न्यूजीलैंड का नाम लेना पड़ेगा। लेकिन मेरे सभी कोच, फिजियो, ट्रेनर, अधिकारी, प्रशंसक और मीडिया का दिल से धन्यवाद। आपने मेरा साथ दिया, मुझे बेहतर बनने के लिए प्रेरित किया और हर परिस्थिति में मेरे साथ खड़े रहे।'
'मेरी सबसे बड़ी ताकत मेरी टीम रही'
डिवाइन ने कहा कि उनके लिए व्यक्तिगत रिकॉर्ड से ज्यादा मायने न्यूजीलैंड की जर्सी पहनकर अपनी टीम के साथ खेलना रखता था। उन्होंने लिखा, 'मेरी व्हाइट फर्न्स टीम की सभी साथियों के लिए... आप ही वह वजह थीं, जिनके कारण मैं यह खेल खेलती रही। अपनी खूबसूरत मातृभूमि का दुनिया के सामने प्रतिनिधित्व करना और आप सभी के साथ मैदान साझा करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा गर्व रहा।'
परिवार के लिए लिखा खास संदेश
डिवाइन ने अपने परिवार को भी खास अंदाज में धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, 'मेरे परिवार के लिए... मेरा आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच देखते हुए आपका मैदान पर मौजूद होना मेरे करियर के सबसे खास पलों में से एक रहेगा। आपने मेरे अच्छे और बुरे दोनों दौर देखे। आपने हमेशा मेरा साथ दिया और जब भी मैंने न्यूजीलैंड की जर्सी पहनी, मैं इसे कभी नहीं भूली।' पोस्ट के अंत में उन्होंने एक माओरी कहावत भी लिखी, "मेरी सफलता सिर्फ मेरी नहीं है, बल्कि उन सभी लोगों की ताकत का परिणाम है जिन्होंने हर कदम पर मेरा साथ दिया।'
यादगार रहा डिवाइन का करियर
सोफी डिवाइन न्यूजीलैंड की महानतम ऑलराउंडरों में गिनी जाती हैं। उन्होंने दो दशक तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ी और 2024 महिला टी20 विश्व कप में टीम को चैंपियन भी बनाया। सूजी बेट्स और लिया ताहुहू के साथ उनकी विदाई न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट के एक यादगार दौर का अंत मानी जा रही है।