इंदौर में विराट कोहली के शतक के बाद उनके भाई विकास कोहली ने संजय मांजरेकर पर एक बार फिर कटाक्ष किया है। मांजरेकर के उन बयानों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है जिनमें उन्होंने वनडे को शीर्ष क्रम बल्लेबाजों के लिए आसान फॉर्मैट बताया था और कोहली के सिर्फ 50 ओवर क्रिकेट खेलने के फैसले पर निराशा जताई थी।
मांजरेकर की टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद
कुछ समय पहले संजय मांजरेकर ने विराट कोहली के टेस्ट से संन्यास लेने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि वह केवल वनडे खेलकर निराश कर रहे हैं। मांजरेकर के शब्द थे, 'एक टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज के लिए वनडे सबसे आसान फॉर्मैट है। विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट से चले गए और यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने पांच साल तक संघर्ष किया और टेस्ट औसत गिरता गया।'
विराट कोहली अपने भाई-बहनों के साथ। (दाएं विकास कोहली)
- फोटो : Instagram
इंदौर में शतक और भाई का तीखा जवाब
इसके बाद इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ विराट कोहली ने 108 गेंदों पर 124 रन की पारी खेली। टीम भले लक्ष्य नहीं हासिल कर सकी, लेकिन शतक के बाद सोशल मीडिया पर बहस फिर छिड़ गई। विकास कोहली ने थ्रेड्स पर लिखा, मिस्टर एक्सपर्ट ऑफ क्रिकेट के पास सबसे आसान फॉर्मैट के लिए कुछ सुझाव हैं क्या? करने के लिए मैदान में होना पड़ता है, कहना आसान है।' यह पोस्ट साफ तौर पर मांजरेकर की टिप्पणी पर तंज था।
पहले भी कर चुके हैं हमला
यह पहली बार नहीं है जब विकास कोहली ने मांजरेकर पर निशाना साधा हो। वडोदरा में विराट की 93 रन की पारी के बाद उन्होंने लिखा था, 'वनडे कितना आसान फॉर्मैट है न... कुछ दिनों पहले किसी ने अपना ज्ञान दिया था... बोलना आसान होता है, करना नहीं।' एक और पोस्ट में उन्होंने लिखा था, 'लगता है कुछ लोगों की दाल-रोटी विराट कोहली का नाम लिए बिना नहीं चलती।' फैंस ने इन वक्तव्यों को सीधे मांजरेकर पर हमला माना, हालांकि विकास ने नाम नहीं लिया।
क्या है बहस का मूल मुद्दा?
बहस का केंद्र यह है कि विराट कोहली ने टेस्ट छोड़कर केवल वनडे खेलना क्यों चुना और क्या वनडे सच में आसान फॉर्मैट है? क्रिकेट विश्लेषकों की राय अलग-अलग है, लेकिन संजय मांजरेकर की राय से फैंस और विकास कोहली सहमत नहीं दिखते।