पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर विराम लग गया है। ब्रिटिश नागरिकता हासिल करने के बाद अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (एपीएल) के लिए ब्रिटिश खिलाड़ी के तौर पर पंजीकरण कराने वाले आमिर ने आईपीएल में खेलने की खबरों को गलत बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इन खबरों का खंडन किया। आमिर ने लिखा, 'सभी को नमस्कार, मैं बस यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि आईपीएल को लेकर चल रही खबरें सही नहीं हैं।
मोहम्मद आमिर
- फोटो : twitter
ब्रिटिश नागरिकता के बाद आईपीएल में खेलने की चर्चा
आमिर ने सोमवार को ब्रिटिश नागरिक के तौर पर अफगानिस्तान प्रीमियर लीग के लिए पंजीकरण कराया था। इसी के बाद उनके आईपीएल में भी इसी रास्ते से खेलने की अटकलें लगने लगीं। दरअसल, आईपीएल में पाकिस्तानी खिलाड़ियों और नागरिकों के खेलने पर प्रतिबंध है। हालांकि, ब्रिटिश नागरिकता हासिल करने के बाद आमिर के आईपीएल में खेलने की संभावनाओं पर चर्चा शुरू हो गई थी। इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर अजहर महमूद भी ब्रिटिश नागरिकता के आधार पर आईपीएल में खेल चुके हैं। उन्होंने 2012 से 2015 के बीच इस लीग में हिस्सा लिया था। वह पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइटराइडर्स की ओर से खेले थे।
मोहम्मद आमिर
- फोटो : ICC
द हंड्रेड में स्थानीय खिलाड़ी के तौर पर खेले थे आमिर
आमिर ने इस साल द हंड्रेड में भी स्थानीय खिलाड़ी के तौर पर हिस्सा लिया था। इससे पहले विदेशी खिलाड़ी के रूप में ड्राफ्ट में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला था। आमिर ने अपनी पत्नी नरजिस खान के जरिए ब्रिटिश नागरिकता हासिल की है। इससे पहले उन्होंने कहा था, 'अब मैं ब्रिटिश स्थानीय खिलाड़ी हूं। जब आप काउंटी चैंपियनशिप और द हंड्रेड जैसी प्रतियोगिताओं में स्थानीय खिलाड़ी के तौर पर खेलते हैं, तो आपको एक दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने होते हैं कि आप किसी दूसरे देश के लिए स्थानीय खिलाड़ी के रूप में नहीं खेल सकते। इसलिए पाकिस्तान के लिए खेलने वाला मेरा अध्याय अब बंद हो चुका है।'
मोहम्मद आमिर
- फोटो : ICC
2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा था अलविदा
आमिर ने 2024 टी20 विश्व कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। अपनी पीढ़ी के बेहतरीन बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों में गिने जाने वाले आमिर अब भी दुनिया की कई फ्रेंचाइजी लीग में मांग वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं। हालांकि, आईपीएल में खेलने को लेकर उन्होंने फिलहाल सभी अटकलों को खारिज कर दिया है।