राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में भारत ए और श्रीलंका ए के बीच हुए मुकाबले के बाद मैदान के खेल से ज्यादा चर्चा खराब अंपायरिंग की हो रही है। गुरुवार (26 नवंबर) को दोहा में खेले गए इस नॉकआउट मैच में रिंकू सिंह को विवादित एलबीडब्ल्यू आउट दिए जाने और बाद में भारतीय स्पिनरों की गेंदों पर श्रीलंकाई बल्लेबाजों को नॉट-आउट दिए जाने पर सोशल मीडिया पर जमकर बवाल मचा है। हालांकि, मैच के पूरे समीकरण को देखें तो श्रीलंकाई बल्लेबाजों के एकतरफा दबदबे ने भारत से जीत का हर मौका छीन लिया।
अंपायरिंग को लेकर बवाल
- फोटो : Twitter
1. रिंकू सिंह का वो विकेट, जिस पर भड़क उठे 'कूल' रिंकू
भारतीय पारी के 37वें ओवर (36.1) में श्रीलंकाई स्पिनर रविंदु फर्नांडो की एक गुड लेंथ गेंद लेग स्टंप की तरफ जा रही थी। रिंकू सिंह (12 रन, 21 गेंद) ने इसे फ्लिक करने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके पैड से टकराई। श्रीलंकाई खिलाड़ियों की अपील पर फील्ड अंपायर ने बिना देरी किए उंगली उठा दी।
आमतौर पर बेहद शांत रहने वाले रिंकू सिंह इस फैसले से आगबबूला हो गए। उन्होंने तुरंत अंपायर को अपना बल्ला दिखाया और इशारों में बताया कि गेंद पैड से पहले बल्ले से लगी है। बाद में टेलीविजन रीप्ले में साफ दिखा कि गेंद ने बल्ले का मोटा अंदरूनी किनारा लिया था और दो अलग-अलग आवाजें भी आई थीं। इतना ही नहीं, गेंद लेग स्टंप से बाहर भी जाती दिख रही थी। लेकिन इस टूर्नामेंट में डीआरएस (डिसीजन रिव्यू सिस्टम) उपलब्ध न होने के कारण रिंकू के पास इस गलत फैसले को चुनौती देने का कोई विकल्प नहीं था और उन्हें भारी मन से पवेलियन लौटना पड़ा।
अंपायरिंग को लेकर बवाल
- फोटो : Twitter
2. भारतीय गेंदबाजी के दौरान भी उठे अंपायरिंग पर सवाल
विवाद सिर्फ भारत की बल्लेबाजी तक सीमित नहीं रहा। जब श्रीलंका ए 318 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी, तब भारतीय स्पिनरों शाहबाज अहमद, हर्ष दुबे और तनुष कोटियन की गेंदों पर भी कुछ करीबी एलबीडब्ल्यू अपीलों को अंपायरों ने ठुकरा दिया। खासतौर पर शतकवीर सलामी बल्लेबाज लसिथ क्रूसपुले (116 रन) के खिलाफ एक बेहद करीबी अपील पर नॉट-आउट दिए जाने को लेकर भारतीय खेमे में निराशा देखी गई। बिना डीआरएस के भारतीय गेंदबाज भी बेबस नजर आए।
अंपायरिंग को लेकर बवाल
- फोटो : Twitter
3. फिर भी 'एकतरफा' रही भारत की हार
अंपायरिंग की इन चूकों से भारत के स्कोर में 20-30 रनों का अंतर जरूर पड़ा होगा, लेकिन मैच के नतीजे पर नजर डालें तो यह कहना गलत नहीं होगा कि भारत की हार पूरी तरह एकतरफा रही।
- 51 गेंद शेष रहते जीत: श्रीलंका ए ने 318 रनों का विशाल लक्ष्य महज 41.3 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर (318/2) हासिल कर लिया। जब कोई टीम लगभग नौ ओवर पहले आठ विकेट से जीत दर्ज करती है, तो एक-दो फैसलों को हार का मुख्य कारण नहीं माना जा सकता।
- 174 रनों की ओपनिंग साझेदारी: श्रीलंकाई ओपनरों लसिथ क्रूसपुले (116) और सिनेत जयवर्धने (105) ने पहले विकेट के लिए महज 21.3 ओवर में 174 रन जोड़कर भारतीय गेंदबाजी की कमर तोड़ दी। इसके बाद निशान मदुष्का (नाबाद 58) और कप्तान पवन रत्नायके (नाबाद 31) ने औपचारिकता पूरी की।
- विकेट लेने में नाकाम भारतीय बॉलर्स: हर्षित राणा (7 ओवर में 61 रन) और अरशद खान (4 ओवर में 46 रन) समेत कोई भी भारतीय गेंदबाज श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बना सका।
हर्षित, तिलक और रिंकू
- फोटो : ANI
एशिया कप राइजिंग स्टार्स जैसे बड़े टूर्नामेंट के नॉकआउट मैचों में डीआरएस का न होना निश्चित रूप से एशियन क्रिकेट काउंसिल की व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है, जिसका खामियाजा रिंकू सिंह को भुगतना पड़ा, लेकिन सच यह भी है कि दोहा की पाटा पिच पर श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने जिस बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी की, उसके सामने टीम इंडिया का खेल हर विभाग में बौना साबित हुआ।