सोशल मीडिया पर कीर्ति आजाद ने क्या लिखा?
कीर्ति आजाद ने मैच के दौरान सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने लिखा कि बच्चे ओल्ड ट्रैफर्ड में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच को लाइव देख रहे हैं। क्या यह शर्म की बात नहीं है कि स्क्रीन पर ड्यूरेक्स का एक विज्ञापन आता है। बीसीसीआई इस पर ध्यान दे।
माता-पिता और बच्चों को लेकर उन्होंने क्या कहा?
पूर्व ऑलराउंडर ने कहा कि ऐसे विज्ञापन माता-पिता को असहज स्थिति में डाल देते हैं, क्योंकि बच्चे इनके बारे में सवाल पूछते हैं और उनकी उम्र इतनी नहीं होती कि वे इसका संदर्भ समझ सकें। उन्होंने कहा कि माता-पिता को समझ नहीं आता कि क्या करें और बच्चे पूछते हैं कि यह क्या है। इसका उनके दिमाग पर क्या असर होगा? यह बहुत बड़ा सवाल है और बीसीसीआई को इसका जवाब देना चाहिए। आखिर वे यह सब कैसे होने दे रहे हैं?
शराब और तंबाकू के विज्ञापनों का जिक्र क्यों किया?
कीर्ति आजाद ने सवाल उठाया कि जब शराब और सिगरेट से जुड़े विज्ञापनों पर प्रतिबंध है, तो फिर इस तरह के एडल्ट विज्ञापन क्यों दिखाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शराब और सिगरेट के विज्ञापन प्रतिबंधित हैं और ऐसा होना भी चाहिए। फिर एडल्ट विज्ञापन क्यों? वह भी ओवरों के बीच। मैं इसकी वैधता पर बड़ा सवाल उठाता हूं।
क्या कीर्ति आजाद इस मुद्दे को संसद में भी उठाएंगे?
पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि सबसे पहले क्रिकेट बोर्ड को इस पूरे मामले की जांच करनी चाहिए। अगर जरूरत पड़ी तो वह इस मुद्दे को आगे भी उठाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट बोर्ड को पहले इस मामले को देखना चाहिए। अगर जरूरत पड़ी तो मैं इसे संसद में उठाऊंगा।