फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'वह दौर काफी खास था': फैब फोर टैग पर बोले केन विलियमसन, कोहली-स्मिथ और रूट के साथ खेलने को बताया अनूठा अनुभव

Tue, 10 Nov 2026 10:37 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने 'फैब फोर' टैग को लेकर अपनी राय रखी है। उन्होंने विराट कोहली, स्टीव स्मिथ और जो रूट के साथ एक ही दौर में क्रिकेट खेलने और लंबे समय तक प्रतिस्पर्धा करने के अनुभव को अनूठा बताया। विलियमसन ने कहा कि उन्होंने कभी इस टैग को ज्यादा महत्व नहीं दिया और उनका ध्यान हमेशा टीम के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने पर रहा।

विज्ञापन
केन विलियमसन-विराट कोहली-स्टीव स्मिथ-जो रूट - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने क्रिकेट जगत में चर्चित रहे 'फैब फोर' टैग को लेकर अपनी राय रखी है। इस टैग के तहत उन्हें भारत के विराट कोहली, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और इंग्लैंड के जो रूट के साथ अपनी पीढ़ी के चार सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शामिल किया जाता था। विलियमसन ने इन तीनों दिग्गजों के साथ एक ही दौर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने और लंबे समय तक एक-दूसरे के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने के अनुभव को 'काफी अनूठा' बताया है।
विज्ञापन
Trending Videos

इस साल लिया संन्यास
विलियमसन ने इसी साल जून में 16 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कह दिया था। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए तीनों प्रारूपों में कुल 19,346 रन बनाए, जिसमें टेस्ट क्रिकेट के 9,515 रन शामिल हैं। वहीं, विराट कोहली 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। उनके नाम इस प्रारूप में 9,230 रन हैं। दूसरी ओर, स्टीव स्मिथ और जो रूट अब भी टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं। स्मिथ के नाम 11,003 जबकि रूट के नाम 14,278 टेस्ट रन दर्ज हैं।

'फैब फोर' टैग को कभी ज्यादा महत्व नहीं दिया
  • 'स्टिक टू क्रिकेट' पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान विलियमसन ने कहा कि उन्होंने अपने करियर में कभी 'फैब फोर' टैग को ज्यादा महत्व नहीं दिया। हालांकि, इस बारे में अक्सर चर्चा होती रहती थी। उन्होंने कहा कि अब जब उनका अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त हो चुका है, तो उन्हें महसूस होता है कि एक ही दौर में इन तीनों बल्लेबाजों के साथ खेलना और लंबे समय तक प्रतिस्पर्धा करना अपने आप में खास अनुभव था।
  • विलियमसन ने कहा, 'मैंने कभी इसके बारे में ज्यादा नहीं सोचा। इस टैग की चर्चा अक्सर होती थी और इसे हमारे सामने रखा जाता था। लेकिन अब जब मेरा करियर समाप्त हो चुका है, तो पीछे मुड़कर देखने पर यह अनुभव काफी अनूठा लगता है। यह आंकड़ों की बात नहीं है, बल्कि हम सभी का लगभग एक ही समय पर करियर शुरू होना, एक-दूसरे को जानना और अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व करना खास था।'
  • उन्होंने आगे कहा कि एक लंबे समय तक चारों खिलाड़ियों का एक-दूसरे के खिलाफ खेलना और प्रतिस्पर्धा करना एक अलग तरह का अनुभव रहा। विलियमसन ने बताया कि वह जो रूट के साथ यॉर्कशायर में खेल चुके हैं, जबकि विराट कोहली के साथ उनका परिचय अंडर-19 क्रिकेट के दिनों से है।

मार्टिन क्रो ने दिया था 'फैब फोर' नाम
क्रिकेट में 'फैब फोर' शब्द का इस्तेमाल पहली बार न्यूजीलैंड के दिवंगत दिग्गज क्रिकेटर मार्टिन क्रो ने 2014 में किया था। उन्होंने विराट कोहली, स्टीव स्मिथ, जो रूट और केन विलियमसन को चार ऐसे युवा बल्लेबाजों के रूप में पहचाना था, जो आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को नई दिशा दे सकते थे। समय के साथ इन चारों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से इस चर्चा को और मजबूत किया। चारों ने अलग-अलग परिस्थितियों में अपनी टीमों के लिए शानदार पारियां खेलीं और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए।
विज्ञापन

कोहली और रूट के साथ ज्यादा समय बिताया
  • विलियमसन ने तीनों खिलाड़ियों के साथ अपने संबंधों और अनुभवों पर भी बात की। उन्होंने बताया कि विराट कोहली और जो रूट के साथ उन्होंने काफी समय बिताया, जबकि स्टीव स्मिथ के साथ उनकी मुलाकातें और बातचीत अपेक्षाकृत कम हुईं।
  • उन्होंने कहा कि तीनों खिलाड़ियों का व्यक्तित्व और क्रिकेट खेलने का तरीका एक-दूसरे से काफी अलग है। इसके बावजूद वह उनके खेल को देखना पसंद करते थे और उनके खेलने के अंदाज की सराहना करते थे।
  • विलियमसन ने कहा, 'वे सभी अलग-अलग तरह के व्यक्तित्व वाले खिलाड़ी हैं। मुझे उन्हें खेलते हुए देखना और उनके खेलने का तरीका पसंद था। मैं हमेशा उनके खेल की सराहना करता था। हालांकि, मेरा व्यक्तिगत रूप से ध्यान हमेशा अपनी जिम्मेदारी और टीम के लिए अपनी भूमिका निभाने पर रहा।'
  • विलियमसन का यह बयान दिखाता है कि उनके लिए 'फैब फोर' की चर्चा से ज्यादा अहम अपने देश के लिए खेलना और टीम की सफलता में योगदान देना रहा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें