इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नया अध्याय लिख दिया। वह इस फॉर्मेट में 4000 रन तक पहुंचने वाले दुनिया के पहले विकेटकीपर-बल्लेबाज बन गए। यह उपलब्धि उन्होंने टी20 विश्वकप 2026 में स्कॉटलैंड के खिलाफ मुकाबले के दौरान हासिल की।
बस 3 रन की थी दरकार
मैच से पहले बटलर को इस खास मुकाम तक पहुंचने के लिए महज तीन रन चाहिए थे। दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने यह आंकड़ा छू लिया। खास बात यह रही कि यह उनके करियर का 150वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी था। वह इंग्लैंड के इकलौते और दुनिया के पांचवें खिलाड़ी बने, जिन्होंने 150 या उससे ज्यादा टी20I खेले हैं। इस सूची में आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग सबसे आगे हैं।
खास क्लब में शामिल
बटलर टी20 अंतरराष्ट्रीय में 4000 रन बनाने वाले चौथे खिलाड़ी हैं और इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले पहले अंग्रेज बने। उनसे पहले विराट कोहली, रोहित शर्मा और बाबर आजम यह कारनामा कर चुके हैं। कोहली ने सबसे पहले 2022 में 4000 रन का आंकड़ा छुआ था।
आंकड़े भी दमदार
बटलर ने 2011 में भारत के खिलाफ टी20 डेब्यू किया था। 35 से ज्यादा की औसत और करीब 148 की स्ट्राइक रेट से उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। इस दौरान उनके बल्ले से 28 अर्धशतक और एक शतक निकला, जिसमें 101 रन उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी रही।
मैच का हाल
स्कॉटलैंड टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.4 ओवर में 152 रन बनाए। कप्तान रिची बेरिंग्टन ने 49 रन की पारी खेली। जवाब में इंग्लैंड टीम ने 18.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। टॉम बैंटन ने नाबाद 63 रन बनाकर जीत की राह आसान की।