वेस्टइंडीज की जीत के नायक बने जर्मेन ब्लैकवुड का बल्ला हमेशा इंग्लैंड के खिलाफ बोलता है। 28 वर्षीय इस बल्लेबाज को इस टीम के खिलाफ खेल हमेशा रास आता है। ब्लैकवुड दुर्भाग्यशाली रहे जो पांच साल बाद अपना पहला और करिअर का दूसरा टेस्ट शतक जड़ने से पांच रन से चूक गए लेकिन उनकी 95 रन की पारी ने वेस्टइंडीज को ऐतिहासिक जीत दिला दी।
उन्होंने करिअर का एकमात्र टेस्ट शतक और उच्चतम स्कोर नाबाद 112 भी इंग्लैंड के खिलाफ ही 2015 में बनाया था। उन्होंने करिअर में अब तक जो 29 टेस्ट मैच खेले हैं उसमें 31.25 की औसत से 1469 रन बनाए हैं। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ सात मैचों में उनका औसत 55.00 है।
तीन साल बाद इंग्लैंड में जीत
वेस्टइंडीज ने तीन साल बाद इंग्लैंड में कोई टेस्ट जीता है। उसे पिछली जीत 2017 में लीड्स में पांच विकेट से मिली थी। तब भी होल्डर ही टीम के कप्तान थे।
नौ साल में इंग्लैंड की साउथम्पटन में पहली बार
मेजबान टीम की यह नौ साल में साउथम्पटन में पहली हार है। उसने इस मैदान पर खेले गए पिछले तीन मैचों में से दो जीते और एक ड्रॉ रहा था।
118 साल बाद
टेस्ट इतिहास में यह दूसरा मौका है जब किसी टीम के शीर्ष चार बल्लेबाज दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंचे पर उसने 100 प्लस के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया। खास बात यह है कि दोनों बार ऐसा इंग्लैंड में ही हुआ।
साउथम्पटन में वेस्टइंडीज ने 200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए क्रेग ब्रेथवेट (4), कैंपबेल (8*),होप (9) और ब्रूक्स (00) के विकेट सस्ते में गंवा दिए थे। इस 118 साल पहले 1902 में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ द ओवल में 263 रन के लक्ष्य को हासिल किया था। उसके शीर्ष चार बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंचे थे।
143 साल के क्रिकेट इतिहास में पहली बार
- टेस्ट क्रिकेट के 143 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब प्रतिद्वंद्वी टीमों के कप्तानों ने एक-दूसरे को तीन बार आउट किया। जेसन होल्डर ने दोनों पारियों में बेन स्टोक्स का विकेट झटका जबकि बेन ने पहली पारी में होल्डर का विकेट चटकाया। होल्डर दूसरी पारी में 14 रन बनाकर नाबाद रहे।
- 23.16 की औसत से विंडीज पेसरों ने मैच में 18 विकेट चटकाए। वहीं मेजबान टीम के पेसरों के खाते में 29.14 की औसत से 14 विकेट आए।
- 64 मैचों में बेन स्टोक्स ने 4000 रन और 150 प्लस विकेट का डबल पूरा किया। वह सबसे कम मैचों में ऐसा करने वाले दूसरे ऑलराउंडर हैं। विंडीज के गैरी सोबर्स (63) ही उनसे आगे हैं।