फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

T20 World Cup 2026: आईसीसी को क्यों बदलना पड़ सकता है शेड्यूल? बांग्लादेश के कदम से हड़कंप, जय शाह हरकत में

Mon, 05 Jan 2026 12:34 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

सार

आईपीएल में मुस्तफिज़ुर रहमान के कॉन्ट्रैक्ट विवाद के बाद भारत-बांग्लादेश तनाव टी20 विश्व कप 2026 तक पहुंच गया है। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों से अपने मैच श्रीलंका में कराने की मांग की है, जिससे आईसीसी और जय शाह के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
विज्ञापन
मुस्तफिजुर और आईसीसी अध्यक्ष जय शाह - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

टी20 विश्व कप 2026 शुरू होने में अब केवल एक महीना बचा है, लेकिन टूर्नामेंट से पहले बड़ा संकट खड़ा हो गया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अपने मैचों को भारत से बाहर स्थानांतरित करने की मांग कर दी है। इस अप्रत्याशित कदम से इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल और उसके चेयरमैन जय शाह पर भारी दबाव बन गया है।
विज्ञापन

मुस्तफिजुर रहमान विवाद से शुरू हुआ संकट
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान का आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट रद्द करने का निर्देश दिया। भारत और बांग्लादेश के बीच बिगड़ते कूटनीतिक संबंधों के बीच इस फैसले ने दोनों देशों के क्रिकेट रिश्तों में भी तल्खी ला दी।

आईसीसी अध्यक्ष जय शाह और बांग्लादेश की टीम - फोटो : ANI
बांग्लादेश सरकार की कड़ी प्रतिक्रिया
बीसीसीआई के फैसले के बाद बांग्लादेश की अंतरिम सरकार में युवा और खेल मामलों के सलाहकार आसिफ नजरुल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बीसीबी को निर्देश दिया कि वह वर्ल्ड कप मैचों के वेन्यू को लेकर तुरंत कदम उठाए। आसिफ नजरुल ने फेसबुक पर बयान देते हुए कहा, 'हम बांग्लादेश की क्रिकेट, क्रिकेटरों और देश का किसी भी तरह का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। गुलामी के दिन अब खत्म हो चुके हैं।'

सुरक्षा का हवाला देकर श्रीलंका का प्रस्ताव
इसके बाद बीसीबी ने औपचारिक रूप से आईसीसी से अनुरोध किया कि उसके वर्ल्ड कप मैच भारत के बजाय श्रीलंका में कराए जाएं। बोर्ड ने खिलाड़ियों की सुरक्षा और संरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं का हवाला दिया। पहले तय कार्यक्रम के मुताबिक, बांग्लादेश को अपने ग्रुप-सी के तीन मुकाबले कोलकाता में खेलने थे, जो सीमा के काफी नजदीक है।

जय शाह-देवजीत सैकिया - फोटो : ANI
आईसीसी के सामने लॉजिस्टिक चुनौती
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी अब मजबूरी में नए शेड्यूल का ड्राफ्ट तैयार कर रही है। टूर्नामेंट की शुरुआत सात फरवरी से होनी है, ऐसे में इतने कम समय में वेन्यू, होटल, ट्रैवल और ब्रॉडकास्टिंग व्यवस्था बदलना किसी बुरे सपने से कम नहीं है। पहले बांग्लादेश को सात फरवरी को वेस्टइंडीज, नौ फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड से कोलकाता में भिड़ना था, जबकि 17 फरवरी को नेपाल के खिलाफ मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में तय था।
विज्ञापन

जय शाह की अग्निपरीक्षा
आईसीसी चेयरमैन जय शाह के लिए यह स्थिति अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक परीक्षा बन गई है। एक ओर टूर्नामेंट की विश्वसनीयता दांव पर है, तो दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय राजनीति का दबाव भी साफ नजर आ रहा है। हालात चाहे जैसे हों, लेकिन बीसीबी ने अपनी क्रिकेट तैयारियों को नहीं रोका है। बोर्ड ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है, जिसकी कप्तानी लिटन कुमार दास करेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें