फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'सारा क्रेडिट तो तू ले गया': DRS पर किशन-सूर्यवंशी में छिड़ी मजेदार नोकझोंक; वैभव ने भी पूछ लिया दिलचस्प सवाल

Fri, 11 Sep 2026 03:22 PM IST
शिवम गर्ग स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

दलीप ट्रॉफी जीत के बाद ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी के बीच DRS को लेकर मजेदार नोकझोंक हुई। किशन ने रिव्यू का क्रेडिट वैभव को दिया, तो युवा बल्लेबाज ने भी पलटकर मजेदार जवाब दिया। आखिर डीआरएस को लेकर दोनों के बीच क्या हुआ? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...
विज्ञापन
ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी - फोटो : Amar Ujala Graphics
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दलीप ट्रॉफी 2026-27 का खिताब जीतने के बाद ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का एक मजेदार अंदाज देखने को मिला। दोनों खिलाड़ियों ने फाइनल के दौरान लिए गए डीआरएस (डीआरएस) को लेकर एक-दूसरे से मजेदार अंदाज में बातचीत की। किशन ने मजाक में कहा कि रिव्यू लेने का सारा क्रेडिट वैभव ले गए।

350 से ज्यादा रन बनाकर प्लेयर ऑफ द मैच बने किशन

ईशान किशन ने दक्षिण क्षेत्र के खिलाफ दलीप ट्रॉफी फाइनल में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने दोनों पारियों में मिलाकर 350 से ज्यादा रन बनाए। पहली पारी में किशन ने 270 रन की बड़ी पारी खेली। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। फाइनल के बाद बीसीसीआई के घरेलू क्रिकेट सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो में किशन और वैभव की यह मजेदार बातचीत नजर आई।

विज्ञापन

किशन बोले- रिव्यू का सारा क्रेडिट वैभव ले गया

किशन ने मजाकिया अंदाज में कहा कि रिव्यू के मामले में वैभव ने हर जगह क्रेडिट ले लिया। उन्होंने बताया कि कई बार वह खुद रिव्यू लेने वाले होते थे, लेकिन वैभव पहले ही पूरे आत्मविश्वास के साथ उनके पास आ जाते थे। किशन ने कहा "सारा क्रेडिट तो इसने हर जगह रिव्यू में ले लिया है। भले मैं रिव्यू लेने वाला था, लेकिन यह आकर बोल देता था कि मैं आपके पास आ जाता हूं। फिर इंटरनेट पर यही दिखेगा- वैभव! माय गुडनेस! वैभव ही सबकुछ है!"

सूर्यवंशी ने भी दिया मजेदार जवाब

किशन की बात सुनकर वैभव सूर्यवंशी भी पीछे नहीं हटे। उन्होंने तुरंत मजेदार जवाब देते हुए पूछा कि जब दोनों मैदान से बाहर जा रहे थे, तब रिव्यू कौन ले रहा था। सूर्यवंशी ने कहा "और जब फील्ड के बाहर जा रहे थे, तब कौन रिव्यू ले रहा था? यह भी तो बता दीजिए!" उनका यह जवाब सुनकर बातचीत और दिलचस्प हो गई।

ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी - फोटो : PTI

किशन ने बताया- भविष्य के कप्तान हो सकते हैं वैभव

ईशान किशन ने मजाक के बीच वैभव सूर्यवंशी की नेतृत्व क्षमता की भी तारीफ की। उन्होंने युवा खिलाड़ी को भविष्य का कप्तान तक बताया। किशन ने कहा, "हां, वह वैभव ही था। फ्यूचर कप्तान, शायद? देखते हैं आगे कैसे होता है। उसे टीम में रखना बहुत अच्छा है। वह सिर्फ अच्छा खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि बहुत अच्छा लड़का भी है। वह टीम के हर सदस्य का ध्यान रखता है, चाहे वह जूनियर हो या सीनियर।" इसके बाद किशन ने मजाक में खुद ही अपनी बात सुधारी और कहा कि अब वैभव को जूनियर कहना भी ठीक नहीं होगा।

'उम्मीद है आज से भी ज्यादा खतरनाक बनेगा'

किशन ने कहा कि वैभव में आगे और बेहतर करने की क्षमता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवा बल्लेबाज आने वाले समय में इससे भी ज्यादा खतरनाक खिलाड़ी बनेगा। उन्होंने कहा कि यह वैभव का पहला या आखिरी ऐसा प्रदर्शन नहीं है। उनके मुताबिक, वह आगे भी इसी तरह प्रदर्शन करता रहेगा।

विज्ञापन

वैभव ने किशन की बल्लेबाजी को बताया 'अविश्वसनीय'

वहीं, वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल में ईशान किशन की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मैदान के बाहर टीम का माहौल काफी मजेदार था और सभी ने एक-दूसरे के साथ काफी आनंद लिया। वैभव ने किशन की 270 रन की पारी को अविश्वसनीय बताया। उन्होंने कहा कि किशन की बल्लेबाजी से मैच का रुख बदल गया और कप्तान के तौर पर उनके साथ खेलना काफी मजेदार रहा।

किशन बोले- टीम के साथ आनंद लेना सबसे जरूरी

ईशान किशन ने अंत में कहा कि टीम के लिए सबसे जरूरी एक साथ रहकर खेल का आनंद लेना है। उन्होंने कहा कि नतीजा हमेशा खिलाड़ियों के हाथ में नहीं होता, लेकिन टीम के तौर पर साथ मिलकर आनंद लेना जरूरी है। हालांकि, इस बार नतीजा ईस्ट जोन के पक्ष में रहा और टीम ने दलीप ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया। किशन और सूर्यवंशी की यह मजेदार बातचीत अब फाइनल के बाद के यादगार पलों में शामिल हो गई है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें