महिला एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में सात विकेट से शानदार जीत दर्ज की। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय टीम के लिए भारी पड़ गया। भारतीय स्पिनरों ने पाकिस्तान के बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। श्री चरणी और प्रेमा रावत ने गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। भारतीय गेंदबाजों के सामने पाकिस्तान की पूरी टीम सिर्फ 55 रन पर सिमट गई। भारत ने इसके बाद बेहद आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम ने महज 8.4 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 56 रन बना लिए। कप्तान हरमनप्रीत कौर 18 रन और दीप्ति शर्मा 12 रन बनाकर नाबाद रहीं।
इरफान पठान ने 'संडे' से कसा तंज
भारत की इस बड़ी जीत के बाद पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पाकिस्तान पर मजेदार अंदाज में तंज कसा। उन्होंने लिखा, 'आज रविवार है क्या?' पठान का यह पोस्ट 2025 पुरुष एशिया कप के दौरान उनके वायरल बयान की याद दिलाता है। उस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान की टीमें लगातार तीन रविवार को आमने-सामने आई थीं। भारत की एक जीत के बाद पठान ने पाकिस्तान को निशाना बनाते हुए लिखा था, 'संडे कैसा रहा, पड़ोसियों?' महिला टीम की इस जीत के बाद उनका नया 'संडे' पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया।
हरमनप्रीत ने गेंदबाजों की तारीफ की
जीत के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पूरी टीम के प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने कहा, 'यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण मुकाबला था और मैं पूरी टीम के प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। हम लगातार आक्रामक और बेहतरीन क्रिकेट खेलने की बात करते हैं और आज टीम ने वैसा ही प्रदर्शन किया।' उन्होंने गेंदबाजी को लेकर कहा, 'सभी गेंदबाज शानदार थे। वे अपनी योजनाओं पर टिके रहे, उसी के अनुसार गेंदबाजी की और पिच को अच्छी तरह पढ़ा। पिच को समझना और फिर अपनी योजना को सही तरीके से लागू करना सबसे महत्वपूर्ण है।'
भारत का परफेक्ट ग्रुप स्टेज
इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप चरण में अपने तीनों मुकाबले जीत लिए और छह अंकों के साथ अभियान खत्म किया। भारत ने इससे पहले थाईलैंड और हॉन्गकॉन्ग को भी हराया था। वहीं पाकिस्तान के लिए अब सेमीफाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है। उसे अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में हांगकांग को हराना होगा। यह मुकाबला उसके लिए करो या मरो का होगा, क्योंकि हार की स्थिति में टीम सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो सकती है।