सूर्यकुमार यादव जब बल्लेबाजी करने आते हैं तो मैदान का माहौल बदल जाता है। फील्डर सतर्क हो जाते हैं, गेंदबाज अपनी योजना बदलते हैं और दर्शकों को उम्मीद रहती है कि अब कुछ खास होने वाला है, लेकिन आईपीएल 2026 में यह कहानी कुछ बदली-बदली सी नजर आ रही है। वह इस सीजन अब तक नौ पारियों में 20.33 की साधारण औसत से 183 रन ही बना पाए हैं। मुंबई इंडियंस के नाकाम होने के पीछे सूर्यकुमार यादव का फ्लॉप होना भी रहा है। उनका दिमाग तो मजबूत बल्लेबाजी करना चाह रहा है, लेकिन उनका हैंड आई कॉम्बिनेशन उनका साथ नहीं दे रहा है।
क्लास बरकरार, लेकिन हो जा रही चूक
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ नूर अहमद की पहली गेंद पर सूर्यकुमार ने जिस सहजता से चौका जड़ा, वह उनकी क्लास का नमूना था। उन्होंने गेंदबाज की गुगली को पहले ही पढ़ लिया था। गेंद छोटी थी, उन्होंने इंतजार किया और गेंद को स्लिप के बाहर से चौके के लिए भेज दिया। पहली ही गेंद पर चार रन। सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन असली कहानी उसके बाद की है। वह सीएसके के लिए डेब्यू कर रहे ऑलराउंडर रामकृष्ण घोष की गेंद पर कैच थमा बैठे और 12 गेंद पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन ही बना सके। इस सीजन अब तक उन्होंने 21, 5, 36, 15, 0, 33, 6, 51 और 16 रन की पारियां खेली हैं।
आईपीएल 2026 में सूर्यकुमार का प्रदर्शन
| मुकाबला |
रन |
| vs CSK |
21 |
| vs SRH |
5 |
| vs CSK |
36 |
| vs GT |
15 |
| vs PBKS |
0 |
| vs RCB |
33 |
| vs RR |
6 |
| vs DC |
51 |
| vs KKR |
16 |
सूर्यकुमार यादव
- फोटो : IANS
रन तेजी से बन रहे, लेकिन बड़े स्कोर गायब
सूर्यकुमार यादव की सबसे बड़ी पहचान तेज स्ट्राइक रेट और मैच बदल देने वाली बल्लेबाजी रही है। इस सीजन भी उनका स्ट्राइक रेट 144.09 है, जो खराब नहीं कहा जा सकता। हालांकि, समस्या रन बनाने की निरंतरता है। नौ पारियों में उनके सिर्फ 183 रन हैं। यह आंकड़ा उनके स्तर के बल्लेबाज के लिए काफी छोटा माना जाएगा। 2017 के बाद यह पहली बार है जब उनका सीजन 200 रन से नीचे रुकने की आशंका में दिख रहा है।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 Playoff Scenario: प्लेऑफ के लिए आखिरी दांव! 10 टीमों का समीकरण और बाकी बचे मैच, ऑरेंज और पर्पल कैप के लिए कौन दावेदार?
पेस गेंदबाजी के खिलाफ सूर्य क्यों पिछड़ रहे?
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सूर्यकुमार यादव इस सीजन तेज गेंदबाजों के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। ईएसपीएन क्रिकइनफो के आंकड़ों के मुताबिक पेस गेंदबाजी के खिलाफ उनका स्ट्राइक रेट 172.30 है, लेकिन औसत 10.71 रहा है। इसका मतलब है कि वह रन तेजी से बना रहे हैं, लेकिन ज्यादा देर टिक नहीं पा रहे। आईपीएल 2026 में कम से कम 50 गेंद खेलने वाले 53 बल्लेबाजों में से 51 बल्लेबाजों का औसत उनसे बेहतर रहा है। यह आंकड़ा साफ बताता है कि सूर्य जैसी क्लास के खिलाड़ी के लिए यह सीजन सामान्य नहीं है।
आईपीएल में पेस गेंदबाजी के खिलाफ बल्लेबाजों का प्रदर्शन
| खिलाड़ी |
2026 स्ट्राइक रेट |
2025 स्ट्राइक रेट |
| अजिंक्य रहाणे |
178.16 |
131.50 |
| नमन धीर |
192.92 |
148.18 |
| रियान पराग |
186.23 |
142.16 |
| सूर्यकुमार यादव |
172.30 |
133.92 |
| मिचेल मार्श |
171.31 |
133.65 |
| हार्दिक पांड्या |
171.15 |
134.21 |
| ध्रुव जुरेल |
188.18 |
167.21 |
| फिल सॉल्ट |
165.64 |
145.45 |
| रविंद्र जडेजा |
155.93 |
140.44 |
| हेनरिक क्लासेन |
166.45 |
152.94 |
| आयुष म्हात्रे |
200.95 |
192.77 |
| यशस्वी जायसवाल |
177.29 |
170.12 |
| जोस बटलर |
165.70 |
158.87 |
| साई सुदर्शन |
154.93 |
151.12 |
| शिवम दुबे |
142.48 |
139.50 |
| ट्रिस्टन स्टब्स |
153.33 |
150.39 |
| शुभमन गिल |
150.79 |
153.06 |
| आयुष बडोनी |
155.38 |
160.65 |
| श्रेयस अय्यर |
188.15 |
194.38 |
| एडेन मार्करम |
147.44 |
154.94 |
| रयान रिकेल्टन |
158.04 |
168.29 |
| ट्रेविस हेड |
165.40 |
178.76 |
| अभिषेक शर्मा |
175.27 |
194.61 |
| विराट कोहली |
154.98 |
175.69 |
| केएल राहुल |
161.65 |
188.23 |
| संजू सैमसन |
143.06 |
176.97 |
| तिलक वर्मा |
150.00 |
185.54 |
| ईशान किशन |
157.23 |
198.01 |
| प्रभसिमरन सिंह |
158.06 |
199.25 |
| प्रियांश आर्य |
185.11 |
244.31 |
| रजत पाटीदार |
142.85 |
204.54 |
नोट: यह आंकड़े आईपीएल 2025 में पेस के खिलाफ न्यूनतम 100 गेंद और आईपीएल 2026 में न्यूनतम 50 गेंद खेलने वाले बल्लेबाजों पर आधारित हैं।
कभी पेस गेंदबाजों पर राज करते थे सूर्यकुमार
- सूर्यकुमार वही बल्लेबाज हैं, जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने करियर की शुरुआत जोफ्रा आर्चर पर छक्का लगाकर की थी।
- 2022 में उन्होंने 1000 से ज्यादा टी20 रन बनाए थे। औसत 45 से ऊपर और स्ट्राइक रेट लगभग 190 था।
- 2023 में पहली बार आईपीएल में 600 से ज्यादा रन बनाए।
- 2025 में उन्हें लीग का मोस्ट वैलुएबल प्लेयर चुना गया था, क्योंकि उन्होंने आक्रामकता और निरंतरता दोनों का अद्भुत मेल दिखाया था।
- हालांकि, उसके सिर्फ एक साल बाद टी20 क्रिकेट मानो उनकी चाल समझने लगा है। मिस्टर 360 डिग्री का उनका अंदाज फीका पड़ने लगा है।
सूर्यकुमार यादव
- फोटो : IANS
छोटी गेंद पर बार-बार आउट
आईपीएल 2026 में सूर्यकुमार को सबसे ज्यादा परेशानी बैक ऑफ लेंथ और शॉर्ट गेंदों पर हुई है। ऐसी गेंदों पर उन्होंने 28 गेंदों में सिर्फ 31 रन बनाए हैं और पांच बार आउट हुए हैं। यानी गेंदबाज अब उनके खिलाफ वही योजना अपना रहे हैं और सफल भी हो रहे हैं। कई बार उन्होंने शॉट अच्छे लगाए, लेकिन बाउंड्री लाइन पर कैच थमा बैठे। फर्क बस कुछ इंचों का रहा। मध्यक्रम विफल रहने की वजह से मुंबई इस सीजन नौ में से सात मैच गंवा चुकी है।
सूर्यकुमार का आईपीएल में हर साल प्रदर्शन
| साल |
मैच |
रन |
सर्वश्रेष्ठ
स्कोर |
औसत |
स्ट्राइक रेट |
100/50 |
| करियर |
175 |
4494 |
103* |
34.31 |
148.46 |
2/30 |
| 2026 |
9 |
183 |
51 |
20.33 |
144.09 |
0/1 |
| 2025 |
16 |
717 |
73* |
65.18 |
167.92 |
0/5 |
| 2024 |
11 |
345 |
102* |
34.50 |
167.48 |
1/3 |
| 2023 |
16 |
605 |
103* |
43.21 |
181.14 |
1/5 |
| 2022 |
8 |
303 |
68* |
43.29 |
145.67 |
0/3 |
| 2021 |
14 |
317 |
82 |
22.64 |
143.43 |
0/2 |
| 2020 |
16 |
480 |
79* |
40.00 |
145.01 |
0/4 |
| 2019 |
16 |
424 |
71* |
32.61 |
130.86 |
0/2 |
| 2018 |
14 |
512 |
72 |
36.57 |
133.33 |
0/4 |
| 2017 |
10 |
105 |
31 |
17.50 |
119.31 |
0/0 |
| 2016 |
15 |
182 |
60 |
26.00 |
127.27 |
0/1 |
| 2015 |
13 |
157 |
46* |
17.44 |
138.93 |
0/0 |
| 2014 |
16 |
164 |
34 |
32.80 |
140.17 |
0/0 |
| 2012 |
1 |
0 |
0 |
0.00 |
0.00 |
0/0 |
सूर्यकुमार यादव
- फोटो : IANS
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी नहीं चला बल्ला
अगर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को देखें तो सूर्यकुमार यादव भारतीय टी20 टीम के कप्तान हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से उनके बल्ले से रन नहीं निकले हैं। कभी एक क्रिकेट सीजन में टी20 अंतरराष्ट्रीय में 1000 रन बनाने वाले सूर्यकुमार एक जनवरी 2025 से लेकर अब तक भारत के लिए 35 मैचों की 33 पारियों में 26 की औसत से 702 रन ही बना सके हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 147.16 का रहा है। इनमें चार अर्धशतक शामिल हैं।
कोच जयवर्धने ने क्या कहा?
मुंबई इंडियंस के कोच महेला जयवर्धने ने कहा, 'इस सीजन वह कई बार बाउंड्री पर कैच आउट हुए हैं। कुछ शॉट तो उनके अपने पसंदीदा शॉट हैं। पिछला मैच हो या उससे पहले वाला मुकाबला, फर्क बहुत छोटा है। यह सिर्फ समय की बात है। वह खुद भी निराश हैं, लेकिन उन्हें मेहनत जारी रखनी होगी।' जयवर्धने का मानना है कि सूर्या खराब बल्लेबाजी नहीं कर रहे, बल्कि किस्मत और छोटे अंतर उनके खिलाफ जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: IPL 2026: ऋतुराज ने किसे दी फ्लाइंग किस? हार्दिक के आउट होने पर माहिका का रिएक्शन; मैच देखने चेपॉक पहुंचे धनुष
सूर्यकुमार यादव
- फोटो : IANS
मैक्लेनघन की अलग राय
मुंबई इंडियंस के पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल मैक्लेनघन का मानना है कि सूर्यकुमार इस साल थोड़े जल्दबाजी में दिख रहे हैं। उन्होंने कहा, 'वह इस साल गेंद पर थोड़ा जल्दीबाजी में दिख रहे हैं। उम्र बढ़ने के साथ रिएक्शन थोड़ा धीमा हो जाता है। शायद हल्का बल्ला उन्हें फिर वही तेज हाथ वापस दिला सकता है। अभी वह बस थोड़ा से धीमे लग रहे हैं।' यानी तकनीक से ज्यादा शरीर की गति और टाइमिंग पर सवाल उठ रहे हैं।
अंबाती रायुडू ने भी बताया कारण
अंबाती रायुडू ने कहा, 'मुझे लगता है कि उन्हें अपने बल्ले को थोड़ा तेजी से गेंद तक लाने की जरूरत है, खासकर पिक-अप पुल और स्वीप जैसे शॉट्स में। सेट-अप से लेकर गेंद पर प्रभाव तक वह थोड़ा धीमे नजर आ रहे हैं। उन्हें देखना होगा कि क्या वह पहले जैसी लय और टेम्पो में खेल रहे हैं या नहीं।'
सूर्यकुमार यादव
- फोटो : IANS
क्या सूर्यकुमार वापसी करेंगे?
सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी को कभी लंबे समय तक कमतर नहीं आंका जा सकता। वह एक पारी से पूरी कहानी बदल सकते हैं। मुंबई इंडियंस के लिए भी उम्मीद बाकी है कि सूर्यकुमार जल्द ही अपने पुराने अंदाज में लौटेंगे। लेकिन यह भी सच है कि हर गुजरते मैच के साथ दबाव बढ़ता जा रहा है। एक समय जो बल्लेबाज गेंदबाजों के लिए पहेली था, आज खुद जवाब तलाश रहा है।
क्लास पर कोई सवाल नहीं
सूर्यकुमार यादव की क्लास पर सवाल नहीं है, लेकिन आईपीएल 2026 में उनका संघर्ष साफ दिखाई दे रहा है। पेस गेंदबाजी के खिलाफ परेशानी, छोटी गेंद पर आउट होना और बड़े स्कोर का ना आना मुंबई इंडियंस के लिए चिंता का कारण है। अब देखना होगा कि 'सूर्य' की चमक फिर लौटकर आती है या यह सीजन उनके लिए एक कठिन मोड़ बनकर रह जाएगा।