चेन्नई सुपर किंग्स के उर्विल पटेल ने आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ सिर्फ 13 गेंदों में अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी देखने के लिए विराट कोहली भी अपना अभ्यास रोककर मैच देखने लगे। उर्विल ने अपनी पारी पिता को समर्पित की।
आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के युवा बल्लेबाज उर्विल पटेल ने ऐसी तूफानी पारी खेली, जिसे देखकर विराट कोहली भी खुद को रोक नहीं सके। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उर्विल ने सिर्फ 13 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया, जो आईपीएल इतिहास की संयुक्त सबसे तेज फिफ्टी है। इसी दौरान रायपुर में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले की तैयारी कर रहे विराट कोहली अभ्यास सत्र में थे। वायरल वीडियो में दिखा कि ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान विराट ने ट्रेनिंग रोकी और उर्विल की बल्लेबाजी देखने लगे।
विज्ञापन
204 रन के लक्ष्य का तूफानी जवाब
चेन्नई को 204 रन का बड़ा लक्ष्य मिला था। संजू सैमसन के आउट होने के बाद उर्विल पटेल चौथे ओवर में बल्लेबाजी करने उतरे। शुरुआत सिंगल से करने के बाद उन्होंने अगली ही ओवर में आवेश खान पर लगातार तीन छक्के जड़ दिए। इसके बाद दिग्वेश राठी गेंदबाजी पर आए, लेकिन उर्विल ने उन पर भी कहर बरपाया। उन्होंने लगातार चार गेंदों पर बाउंड्री लगाई, जिसमें तीन छक्के और एक चौका शामिल था।
शमी के ओवर में पूरा किया रिकॉर्ड
अगला ओवर मोहम्मद शमी लेकर आए, लेकिन उर्विल ने उन पर भी हमला जारी रखा। उन्होंने एक और छक्का जड़ा और ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर 13 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। इस तरह उन्होंने यशस्वी जायसवाल के सबसे तेज आईपीएल अर्धशतक के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
पिता को समर्पित की पारी
अर्धशतक पूरा करने के बाद उर्विल का जश्न भी खास रहा। उन्होंने जेब से एक पर्ची निकाली, जिस पर लिखा था- यह आपके लिए है, पापा। यह दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और फैंस ने इसे भावुक पल बताया।
65 रन बनाकर लौटे पवेलियन
उर्विल पटेल की विस्फोटक पारी नौवें ओवर में खत्म हुई। शाहबाज अहमद ने उन्हें आउट किया। उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों में 65 रन बनाए, जिसमें आठ छक्के और दो चौके शामिल रहे।
नई सनसनी बने उर्विल
इस पारी के बाद उर्विल पटेल ने पूरे क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। जब विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी किसी युवा बल्लेबाज की पारी देखने रुक जाएं, तो समझा जा सकता है कि वह पारी कितनी खास रही होगी।