भारत के पूर्व बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के पेसर प्रिंस यादव की जमकर तारीफ की है। उनका मानना है कि यह पेसर टीम इंडिया में जगह बनाने से ज्यादा दूर नहीं है। लखनऊ सुपर जाएंट्स के तेज गेंदबाज प्रिंस ने गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ कहर बरपाते हुए तीन विकेट झटके थे। उनकी शानदार गेंदबाजी के दम पर लखनऊ की टीम इकाना स्टेडियम में आरसीबी को नौ रन से हराने में कामयाब रही थी। प्रिंस ने विराट कोहली को शून्य पर आउट किया था।
'प्रिंस जल्द ही भारत के लिए डेब्यू करेंगे'
रायुडू ने ईएसपीएन क्रिकइनफो से कहा, 'मुझे लगता है कि प्रिंस जल्द ही भारत के लिए डेब्यू करेंगे। उनमें स्पेशल टैलेंट है। जिस तरह का उनका रन अप है, उसे देखकर ही लगता है कि वह मैच में लड़ने आए हैं। वह मुश्किल गेंदें डालते हैं और उनकी ज्यादातर गेंदें स्टंप को हिट करती हैं। यह उनकी खासियत है। कोहली को जिस गेंद पर आउट किया, वह बहुत ही खास गेंद थी। वह विराट कोहली हैं। प्रिंस, जो कि दिल्ली से आते हैं, दिल्ली से ही खेलते हैं, उन्होंने अपने दिल्ली के टीम मेट को आउट किया।'
'हर प्रारूप में कामयाब होने की क्षमता'
प्रिंस के शुरुआती स्पेल से ही आरसीबी की टीम बैकफुट पर आ गई थी। आरसीबी ने दोनों ओपनर्स के विकेट जल्दी गंवा दिए थे। डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 213 रन चेज करने उतरी टीम 203 रन ही बना सकी। रायुडू ने कहा कि प्रिंस में हर प्रारूप में कामयाब होने की क्षमता है। उनकी फिटनेस शानदार है, लय और कंसिस्टेंसी भी बरकरार है और यही उनकी मजबूती है।
'स्लिप में खड़े होकर गेंदबाजी करते देखना शानदार'
रायुडू ने कहा, 'मुझे लगता है कि स्लिप में खड़े होकर इस गेंदबाज को देखना शानदार रहेगा। सच कह रहा हूं, प्रिंस को गेंदबाजी करते देखना शानदार है। मेरे लिए अद्भुत क्षण होगा अगर मैं उन्हें पहली या दूसरी स्लिप में खड़े होकर गेंदबाजी करता दिखूं। मुझे लगता है कि वह हर प्रारूप के खिलाड़ी हैं। जिस तरह से उन्होंने अब तक इस सीजन में गेंदबाजी की है, वह शानदार है।' रायुडू ने हर स्पेल में दबाव बनाने की क्षमता की भी तारीफ की।
'उनका एक्शन क्लीन है और उनमें कंसिस्टेंसी है'
रायुडू ने कहा, 'चूंकि वह काफी फिट हैं, उनमें आक्रामकता भी दिखती है। उनका एक्शन क्लीन है और उनमें कंसिस्टेंसी है, जो कई गेंदबाजों में नहीं दिखती। कई गेंदबाज ओवर में एक या दो अच्छी गेंदें फेंकते हैं, लेकिन प्रिंस ओवर में चार से पांच शानदार गेंद फेंकते हैं। यह उनकी मजबूती है।' प्रिंस इस सीजन अब तक 10 मैचों में 16 विकेट ले चुके हैं और सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। भुवनेश्वर और अंशुल 17-17 विकेट के साथ शीर्ष पर हैं।