फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2026: पहले-दूसरे या तीसरे नंबर, किस पोजिशन वाली टीम सबसे ज्यादा बनी विजेता? RCB से ज्यादा GT का पलड़ा भारी

Tue, 26 May 2026 01:03 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

आईपीएल 2026 के प्लेऑफ शुरू होने से पहले इतिहास और आंकड़ों ने खिताबी जंग को और दिलचस्प बना दिया है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु लीग चरण में टॉप पर जरूर रही, लेकिन पिछले आंकड़े बताते हैं कि दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम सबसे ज्यादा बार चैंपियन बनी है। यही वजह है कि गुजरात टाइटंस को इस बार मजबूत दावेदार माना जा रहा है। दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की टीमें एलिमिनेटर के मुश्किल रास्ते से गुजरने वाली हैं, जहां इतिहास बहुत कम टीमों का साथ देता है। ऐसे में सवाल यही है कि क्या आरसीबी लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतेगी या फिर आंकड़े गुजरात के पक्ष में जाएंगे?
विज्ञापन
आईपीएल 2026 - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईपीएल 2026 अब अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। लीग चरण खत्म हो चुका है और प्लेऑफ की तस्वीर लगभग साफ है। गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि गुजरात टाइटंस की टीम दूसरे स्थान पर रही। सनराइजर्स हैदराबाद तीसरे और राजस्थान रॉयल्स चौथे स्थान पर रही। वैसे तो आरसीबी का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा है, लेकिन गुजरात ने सही समय पर फॉर्म हासिल किया है। सनराइजर्स टीम भी अच्छी दिखी है, जबकि राजस्थान का सफर उतार चढ़ाव से भरा रहा।

विज्ञापन


हम आपको बताएंगे कि आईपीएल के इतिहास में लीग राउंड के बाद अंक तालिका के आधार पर कौन सी टीम सबसे ज्यादा बार चैंपियन बनी है। यानी पहले, दूसरे, तीसरे या फिर चौथे स्थान पर रही टीमों में से खिताब सबसे ज्यादा बार जीतने का रिकॉर्ड किस पोजिशन वाली टीम के पास है। आईपीएल इतिहास और आंकड़े पर नजर डालें तो यह एक अलग ही कहानी बयान करती है। यही वजह है कि गुजरात टाइटंस को इस सीजन खिताब का बड़ा दावेदार माना जा रहा है।

आरसीबी - फोटो : IPL

आरसीबी ने लीग चरण में दिखाई दमदार निरंतरता
आरसीबी, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद तीनों ने लीग चरण 18 अंकों के साथ समाप्त किया, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के आधार पर आरसीबी शीर्ष पर रही। आरसीबी ने पूरे सीजन में संतुलित प्रदर्शन किया। टीम की बल्लेबाजी में विराट कोहली, रजत पाटीदार, जितेश शर्मा, क्रुणाल पांड्या और टिम डेविड ने अहम भूमिका निभाई। वहीं गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने पावरप्ले में विपक्षी टीमों को लगातार झटके दिए।

गुजरात टाइटंस - फोटो : ANI

2011 में बदला था आईपीएल का फॉर्मेट
आईपीएल के शुरुआती तीन सीजन तक नॉकआउट फॉर्मेट लागू था। उस समय शीर्ष चार टीमें सीधे सेमीफाइनल खेलती थीं और एक हार के साथ टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाती थी। हालांकि, 2011 से बीसीसीआई ने नया प्लेऑफ सिस्टम लागू किया। इस नए फॉर्मेट में शीर्ष दो टीमों को फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलते हैं। क्वालिफायर-1 की विजेता सीधे फाइनल में जाती है, जबकि हारने वाली टीम क्वालिफायर-2 खेलती है। दूसरी ओर तीसरे और चौथे स्थान की टीमों के लिए मुकाबला करो या मरो वाला होता है।

गुजरात टाइटंस - फोटो : ANI

दूसरे स्थान वाली टीम सबसे ज्यादा बार बनी चैंपियन
आईपीएल इतिहास का सबसे दिलचस्प आंकड़ा यही है कि 2011 से अब तक दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम सबसे ज्यादा बार चैंपियन बनी है। यही वजह है कि गुजरात टाइटंस की टीम को एक मनोवैज्ञानिक बढ़त होगी। संयोग उनके पक्ष में है।

लीग चरण में किस स्थान पर रही
टीम कितनी बार बनी चैंपियन?

लीग चरण में स्थान खिताब
पहला स्थान 5
दूसरा स्थान 9
तीसरा स्थान 1
चौथा स्थान 0

इन आंकड़ों से साफ है कि टॉप-2 में रहना सबसे ज्यादा फायदेमंद साबित हुआ है, जबकि चौथे स्थान की कोई भी टीम आज तक आईपीएल ट्रॉफी नहीं जीत सकी।

कोहली, गिल, कमिंस और पराग - फोटो : ANI

आईपीएल प्लेऑफ इतिहास: लीग चरण में टॉप-4 टीमों और चैंपियन का रिकॉर्ड

साल लीग चरण में
पहला स्थान
दूसरा स्थान तीसरा स्थान चौथा स्थान चैंपियन
2011 रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर चेन्नई सुपर किंग्स मुंबई इंडियंस कोलकाता नाइट राइडर्स CSK
2012 दिल्ली डेयरडेविल्स कोलकाता नाइट राइडर्स मुंबई इंडियंस चेन्नई सुपर किंग्स KKR
2013 चेन्नई सुपर किंग्स मुंबई इंडियंस राजस्थान रॉयल्स सनराइजर्स हैदराबाद MI
2014 किंग्स इलेवन पंजाब कोलकाता नाइट राइडर्स चेन्नई सुपर किंग्स मुंबई इंडियंस KKR
2015 चेन्नई सुपर किंग्स मुंबई इंडियंस रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर राजस्थान रॉयल्स MI
2016 गुजरात लॉयंस रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर सनराइजर्स हैदराबाद कोलकाता नाइट राइडर्स SRH
2017 मुंबई इंडियंस राइजिंग पुणे सुपरजायंट सनराइजर्स हैदराबाद कोलकाता नाइट राइडर्स MI
2018 सनराइजर्स हैदराबाद चेन्नई सुपर किंग्स कोलकाता नाइट राइडर्स राजस्थान रॉयल्स CSK
2019 मुंबई इंडियंस चेन्नई सुपर किंग्स दिल्ली कैपिटल्स सनराइजर्स हैदराबाद MI
2020 मुंबई इंडियंस दिल्ली कैपिटल्स सनराइजर्स हैदराबाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर MI
2021 दिल्ली कैपिटल्स चेन्नई सुपर किंग्स रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर कोलकाता नाइट राइडर्स CSK
2022 गुजरात टाइटंस राजस्थान रॉयल्स लखनऊ सुपर जाएंट्स रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर GT
2023 गुजरात टाइटंस चेन्नई सुपर किंग्स लखनऊ सुपर जाएंट्स मुंबई इंडियंस CSK
2024 कोलकाता नाइट राइडर्स सनराइजर्स हैदराबाद राजस्थान रॉयल्स रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु KKR
2025 पंजाब किंग्स रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु गुजरात टाइटंस मुंबई इंडियंस RCB
2026 रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु गुजरात टाइटंस सनराइजर्स हैदराबाद राजस्थान रॉयल्स ?

गुजरात टाइटंस - फोटो : ANI
गुजरात को क्यों माना जा रहा मजबूत दावेदार?
अगर गुजरात टाइटंस क्वालिफायर-1 में आरसीबी को हराती है, तो टीम को फाइनल में अहमदाबाद की घरेलू परिस्थितियों का बड़ा फायदा मिल सकता है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम इस सीजन गुजरात का मजबूत किला साबित हुआ है। टीम ने यहां खेले सात में से पांच मुकाबले जीते। मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और प्रसिद्ध कृष्णा की तेज गेंदबाजी ने टीम को मजबूती दी है, जबकि राशिद खान और जेसन होल्डर ने मध्य ओवरों में दबाव बनाए रखा है।

आरसीबी टीम - फोटो : ANI
आरसीबी की गेंदबाजी बनी सबसे बड़ी ताकत
कई वर्षों तक आरसीबी की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी गेंदबाजी मानी जाती थी, लेकिन आईपीएल 2026 में यही टीम की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है। आरसीबी ने इस सीजन पावरप्ले में सबसे ज्यादा 27 विकेट लिए हैं। भुवनेश्वर कुमार विकेट लेने वालों की सूची में शीर्ष पर हैं, जबकि जोश हेजलवुड ने नई गेंद से शानदार नियंत्रण दिखाया है। बल्लेबाजी में विराट कोहली के आसपास अब मजबूत मिडिल ऑर्डर भी मौजूद है, जो पिछले सीजनों में टीम के पास नहीं था।

srh vs rr - फोटो : IPL/BCCI/IANS
सनराइजर्स-राजस्थान के सामने सबसे कठिन रास्ता
सनराइजर्स हैदराबाद को एलिमिनेटर के कठिन रास्ते से गुजरना होगा। इतिहास बताता है कि एलिमिनेटर से शुरू करके सिर्फ एक टीम आईपीएल चैंपियन बनी है और वह खुद सनराइजर्स हैदराबाद थी, जिसने 2016 में आरसीबी को फाइनल में हराकर खिताब जीता था। यही वजह है कि एसआरएच के पास इतिहास दोहराने का मौका जरूर है, लेकिन राह बेहद मुश्किल रहने वाली है। वहीं, चौथे स्थान पर रही टीम आजतक चैंपियन नहीं बनी है। ऐसे में राजस्थान रॉयल्स की टीम इतिहास बदलने की कोशिश करेगी। इस मुश्किल काम को पूरा करने के लिए रियान पराग और उनकी टीम तैयार होगी।
विज्ञापन

आईपीएल 2026 - फोटो : ANI
क्या इतिहास दोहराएगा खुद को?
आंकड़े गुजरात टाइटंस के पक्ष में दिखाई दे रहे हैं, लेकिन आरसीबी की मौजूदा फॉर्म को नजरअंदाज करना आसान नहीं है। दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स एलिमिनेटर के रास्ते से नया इतिहास रचने की कोशिश करेगी। ऐसे में आईपीएल 2026 का प्लेऑफ सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि इतिहास, आंकड़ों और दबाव की असली परीक्षा बनने जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें