वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन
- फोटो : ANI
वैभव की वापसी संभव, संजू को मिल सकता है आराम
भारतीय टीम प्रबंधन आमतौर पर अपने स्थापित खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखता है, लेकिन आखिरी मुकाबले में कुछ प्रयोग देखने को मिल सकते हैं। वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में संजू सैमसन को बाहर बैठना पड़ सकता है। सैमसन का इस सीरीज में प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। उन्होंने चार पारियों में 67, 14, 18 और चार रन बनाए हैं। लगातार असफलताओं के बाद उन्हें एक मुकाबले से आराम देकर अपनी लय हासिल करने का मौका दिया जा सकता है।
श्रेयस अय्यर
- फोटो : ANI
श्रेयस अय्यर के पास भी फॉर्म हासिल करने का मौका
कप्तान श्रेयस अय्यर के प्रदर्शन पर भी नजरें रहेंगी। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 में अपना पहला शतक लगाया था, लेकिन इसके बाद उनकी पिछली आठ पारियों के स्कोर 40, 1, 16, 22, 42, 7, 5 और 22 रहे हैं। अय्यर आखिरी मुकाबले में बड़ी पारी खेलकर अपना आत्मविश्वास वापस हासिल करना चाहेंगे। वहीं, निचले क्रम में नमन धीर और नीतीश कुमार रेड्डी ने पिछले कुछ मुकाबलों में उपयोगी योगदान दिया है।
वरुण-कुलदीप-गंभीर
- फोटो : ANI
कुलदीप या वरुण को मिल सकता है मौका
भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में भी बदलाव संभव है। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने इस सीरीज में विकेट लेने की जिम्मेदारी अच्छी तरह निभाई है, लेकिन बाकी गेंदबाजों का प्रदर्शन उतना प्रभावी नहीं रहा। चार साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने वाले भुवनेश्वर कुमार तीन मुकाबलों में केवल एक विकेट ले सके हैं। उनका इकॉनमी रेट भी 12 के आसपास रहा है।
अर्शदीप इस सीरीज में इकलौते भारतीय गेंदबाज हैं, जिनका इकॉनमी रेट 10 से कम रहा है। ऐसे में कुलदीप यादव या वरुण चक्रवर्ती को मौका मिल सकता है। इसके लिए नमन धीर को बाहर बैठना पड़ सकता है। शिवम दुबे को भी अंतिम एकादश में शामिल किए जाने की संभावना है। तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा से जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त गेंदबाजी कराई जा सकती है।
भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20
- फोटो : ANI
न्यूजीलैंड भी जीत के साथ करना चाहेगा विदाई
न्यूजीलैंड की टीम आखिरी टी20 जीतकर सीरीज का समापन करना चाहेगी। मेजबान टीम के लिए यह मुकाबला आगामी वनडे सीरीज से पहले आत्मविश्वास हासिल करने का मौका भी होगा। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 12:30 बजे शुरू होगा।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
भारत: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी/संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे/नीतीश रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर/कुलदीप यादव/वरुण चक्रवर्ती, भुवनेश्वर कुमार/अर्शदीप सिंह, मयंक यादव, प्रिंस यादव।
न्यूजीलैंड: फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, एडम मिल्ने, जैकब डफी, मैट फिशर।