इंडिया-ए बनाम नेपाल
- फोटो : ANI
एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के ग्रुप-बी मुकाबले में आज यानी शुक्रवार को भारत-ए का सामना नेपाल से होगा। दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाने वाला यह 50 ओवर का डे-नाइट मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। टूर्नामेंट में विजयी आगाज करने के इरादे से दोनों टीमें मैदान पर उतरेंगी। भारत को इसके बाद 22 नवंबर को पाकिस्तान-ए से भिड़ना है। ऐसे में भारतीय खिलाड़ी इसे एक मैच प्रैक्टिस के तौर पर लेना चाहेंगे। इसके बाद 24 नवंबर को भारत-ए का सामना यूएई से होगा।
तिलक और रिंकू
- फोटो : ANI
भारतीय बल्लेबाजी में आक्रामकता
कप्तान तिलक वर्मा और उप-कप्तान रिंकू सिंह की अगुवाई वाली इंडिया-ए की टीम बेहद संतुलित नजर आ रही है। टॉप ऑर्डर में अभिषेक शर्मा और युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी जैसे विस्फोटक बल्लेबाज मौजूद हैं। चोटिल रजत पाटीदार की जगह टीम में शामिल किए गए आयुष बदोनी, तिलक और रिंकू के साथ मिलकर मध्यक्रम को मजबूती देंगे। यह देखने वाली बात होगी कि टीम मैनेजमेंट विकेटकीपर के तौर पर कुमार कुशाग्र और प्रभसिमरन सिंह में किसे तरजीह देता है। हालांकि, प्रभसिमरन के अनुभव को देखते हुए उन्हें मौका मिल सकता है। गेंदबाजी में तेज गेंदबाज हर्षित राणा और बाएं हाथ के पेसर अरशद खान पर शुरुआती विकेट निकालने की जिम्मेदारी होगी। वहीं, स्पिन की जिम्मेदारी हर्ष दुबे या शाहबाज अहमद के हाथों में होगी। सूर्यांश शेडगे पेस बॉलिंग ऑलराउंडर के तौर पर खेल सकते हैं।
संदीप लामिछाने
- फोटो : ICC/T20 World Cup
लामिछाने की फिरकी से बचना होगा
नेपाल की कमान स्टार लेग स्पिनर संदीप लामिछाने के हाथों में है, जो शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने अपने पिछले सात मुकाबलों में महज 3.85 की इकॉनमी से 19 विकेट झटके हैं। बाएं हाथ के स्पिनर ललित राजबंशी के साथ मिलकर लामिछाने भारतीय बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा ले सकते हैं। बल्लेबाजी में नेपाल को सलामी बल्लेबाज कुशल भुर्तेल और अर्जुन कुमल से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। हालांकि, अनुभवी तेज गेंदबाज सोमपाल कामी की फिटनेस को लेकर नेपाल खेमे में थोड़ी चिंता जरूर है। नेपाल अपनी पूरी क्षमता के साथ उतर रहा है और उसके पास उलटफेर करने का माद्दा रखता है।
दोहा का मैदान
- फोटो : twitter
पिच रिपोर्ट और मौसम का मिजाज
दोहा के वेस्ट एंड पार्क स्टेडियम की पिच आमतौर पर सूखी रहती है। मैच आगे बढ़ने के साथ यह सतह धीमी होती जाती है, जिससे स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर करीब 211 रन है। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करने का फैसला कर सकती है।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
इस टूर्नामेंट के इतिहास में भारत-ए और नेपाल के बीच अब तक केवल एक मुकाबला खेला गया है। जुलाई 2023 में हुए उस मैच में भारत-ए ने एकतरफा जीत दर्ज की थी। नेपाल द्वारा दिए गए 168 रनों के लक्ष्य को भारतीय टीम ने महज 22.1 ओवर में हासिल कर नौ विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी।
तिलक वर्मा
- फोटो : ANI
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
इंडिया-ए: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बदोनी, रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, हर्ष दुबे/शाहबाज अहमद, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अरशद खान।
नेपाल: कुशल भुर्तेल, अर्जुन कुमल, देव खनाल, ईशान पांडे, संदीप जोरा, दीपक डुमरे (विकेटकीपर)/लोकेश बाम, बसीर अहमद, पवन सर्राफ, सोमपाल कामी, संदीप लामिछाने (कप्तान), ललित राजबंशी/नंदन यादव।
नेपाल की टीम
- फोटो : IANS
इंडिया-ए बनाम नेपाल मैच की लाइव स्ट्रीमिंग और प्रसारण से जुड़ी जानकारी
इंडिया-ए और नेपाल के बीच यह मुकाबला कब खेला जाएगा?
यह मैच आज यानी शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को खेला जाएगा।
यह मैच किस मैदान पर आयोजित किया जा रहा है?
यह मुकाबला दोहा (कतर) के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारतीय समयानुसार मैच कितने बजे शुरू होगा?
मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे (स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:00 बजे) शुरू होगा। टॉस इससे आधा घंटा पहले यानी दोपहर 3:00 बजे होगा।
टीवी पर इस मैच का लाइव प्रसारण कहां देख सकते हैं?
भारत में इस टूर्नामेंट के प्रसारण अधिकार सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं। आप Sony Sports 1, Sony Sports 2, Sony Sports 3 चैनलों पर मैच का सीधा प्रसारण देख सकते हैं।
मोबाइल या लैपटॉप पर लाइव स्ट्रीमिंग कहां उपलब्ध होगी?
मैच की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव एप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। इसके अलावा आप
Amarujala.com पर भी मैच से जुड़े लाइव अपडेट्स और खबरें पढ़ सकते हैं।