भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेला गया तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच समाप्त हो गया। भारतीय टीम ने छह विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। श्रीलंका ने 200 रन बनाकर पारी घोषित की थी, जिससे मेहमानों को 207 रनों का लक्ष्य मिला था। भारत ने लक्ष्य हासिल कर मुकाबला जीत लिया।
यशस्वी जायसवाल के 61 रन और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर भारत ने श्रीलंका इलेवन को अभ्यास मैच के तीसरे और आखिरी दिन छह विकेट से हरा दिया। सिराज ने अंतिम ओवर में लगातार तीन छक्के जड़कर भारत को शानदार अंदाज में जीत दिलाई। श्रीलंका क्रिकेट इलेवन ने दूसरी पारी 200/6 पर घोषित कर भारत के सामने 207 रन का लक्ष्य रखा था। भारत को आखिरी दो ओवर में 23 रन की जरूरत थी। सिराज ने 15 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाकर इस लक्ष्य को महज 45 ओवर में हासिल करा दिया।
विज्ञापन
सिराज ने आखिरी ओवर में मचाया धमाल
भारत को जीत के लिए अंतिम दो ओवर में तेजी से रन बनाने थे। सिराज ने 44वें ओवर में सोनल दिनुषा की गेंद पर छक्का जड़ा। इसके बाद 45वें और अंतिम ओवर में केशरा नुवांथा के खिलाफ उन्होंने लगातार तीन गेंदों पर तीन छक्के लगाकर मुकाबला खत्म कर दिया। सिराज ने अलग-अलग दिशाओं में शानदार शॉट लगाते हुए तीन गेंद शेष रहते भारत को जीत दिलाई। उनके इस आक्रामक प्रदर्शन से भारत ने मैच के लिए निर्धारित ओवरों का कोटा पूरा करने के लिए जरूरी बोनस रन भी हासिल कर लिए।
गिल की वापसी, जायसवाल ने ठोका अर्धशतक
अभ्यास मैच के आखिरी दिन भारतीय कप्तान शुभमन गिल की मैदान पर वापसी भी टीम के लिए राहत की खबर रही। गुरुवार के अभ्यास सत्र के दौरान दाहिनी अनामिका उंगली में चोट लगने के बाद गिल ने एहतियातन शुरुआती दो दिन मैदान से बाहर बिताए थे।
दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे गिल ने 44 रन बनाए। स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ उनका फुटवर्क अच्छा नजर आया, लेकिन रमेश मेंडिस की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वह फाइन लेग पर कैच दे बैठे। पहली पारी में खाता नहीं खोल पाने वाले जायसवाल ने दूसरी पारी में शानदार वापसी की और 61 रन बनाए। इसके बाद वह रिटायर्ड हर्ट हुए, ताकि बाकी बल्लेबाजों को भी क्रीज पर समय बिताने का मौका मिल सके।
पंत और जडेजा ने भी किया योगदान
ऋषभ पंत ने 68 गेंदों पर 28 रन बनाए। उन्होंने एक चौका और तीन छक्के लगाए। इससे पहले वह पहली पारी में सिर्फ दो रन बनाकर आउट हुए थे। ध्रुव जुरेल 12 रन बनाकर विश्वा फर्नांडो की गेंद पर विकेटकीपर को कैच दे बैठे।रवींद्र जडेजा ने भी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए दूसरी पारी में 22 रन की तेज पारी खेली। इससे पहले उन्होंने पहली पारी में 63 रन बनाए थे। मानव सुथार, गुरनूर बराड़ और सारांश जैन को भी बल्लेबाजी का मौका मिला।
गेंदबाजों ने भी दिखाया दम
इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी 357/6 पर घोषित की थी। श्रीलंका इलेवन ने दूसरी पारी में बल्लेबाजी शुरू की तो बादलों से घिरे मौसम में भारतीय तेज गेंदबाजों को शुरुआती नमी का फायदा मिला। मोहम्मद सिराज ने रविंदु रसनथा को आउट कर शुरुआती सफलता दिलाई। प्रसिद्ध कृष्णा ने आक्रामक गेंदबाजी करते हुए पसिंदु सूरियाबंदर को बोल्ड किया।
लंबे कद के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने अपनी अतिरिक्त उछाल से प्रभावित किया। उन्होंने पवन रत्ननायके और कप्तान सोनल दिनुषा को आउट किया और 37 रन देकर दो विकेट लिए। रवींद्र जडेजा ने भी दो विकेट झटके, जिसमें 46 रन बनाने वाले निपुन धनंजय का विकेट शामिल था। श्रीलंका इलेवन की ओर से निशान मदुश्का ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दूसरी पारी में 73 गेंदों पर 63 रन बनाए। यह इस मैच में उनका दूसरा अर्धशतक था। श्रीलंका इलेवन ने 45 ओवर के बाद 200/6 पर पारी घोषित की।
टेस्ट सीरीज से पहले भारत को मिला आत्मविश्वास
अभ्यास मैच में भारतीय बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका मिला, जबकि गेंदबाजों ने भी पर्याप्त ओवर किए। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ा होगा। भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।