भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के पहले दिन शानदार शतक लगाने वाले देवदत्त पडिक्कल की जमकर तारीफ की। कोटक ने कहा कि पडिक्कल ने अपने बैकफुट गेम और शॉट सेलेक्शन पर काफी मेहनत की थी, जिसका फायदा उन्हें गॉल टेस्ट में मिला। पडिक्कल ने नाबाद 131 रन की शानदार पारी खेलकर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक जड़ा। उनकी पारी की बदौलत भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट पर 288 रन बना लिए। पडिक्कल के साथ ऋषभ पंत/केएल राहुल की पारी ने भी भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
बैकफुट गेम पर की थी खास मेहनत
- दिन का खेल खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोटक ने कहा कि पडिक्कल अपने मौके का इंतजार कर रहे थे और उन्होंने सीरीज से पहले अपनी तैयारी पर काफी काम किया था। कोटक ने बताया कि पडिक्कल ने बंगलूरू स्थित एनसीए में अपनी बल्लेबाजी के दौरान खास तौर पर बैकफुट गेम पर काम किया। इसके अलावा उन्होंने स्पिनरों के खिलाफ कदम आगे बढ़ाकर खेलने और स्वीप शॉट पर भी मेहनत की।
- कोटक के मुताबिक, गॉल में पडिक्कल ने अपनी तैयारी को मैदान पर भी बखूबी लागू किया। वह स्पिनरों के खिलाफ अधिकतर बैकफुट से खेले और जरूरत पड़ने पर कदम आगे बढ़ाकर आक्रामक शॉट लगाए। बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या की गेंद पर लॉन्ग-ऑन के ऊपर से लगाया गया उनका छक्का इसका उदाहरण रहा। उन्होंने अपनी पारी में स्वीप शॉट से भी करीब 40 रन जुटाए।
साई सुदर्शन की वापसी पर क्या होगा?
- पडिक्कल की इस पारी के बाद अब यह सवाल भी उठने लगा है कि चोट से वापसी करने वाले साई सुदर्शन के आने पर नंबर-3 की जिम्मेदारी किसे मिलेगी।
- कोटक ने कहा कि साई भी नंबर-3 पर अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन टीम के पास बल्लेबाजी क्रम को लेकर काफी लचीलापन है।
- उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को केवल नंबर-3, 4 या 5 के आधार पर नहीं देखा जाता, बल्कि यह महत्वपूर्ण है कि वे अलग-अलग परिस्थितियों और मैच के अलग-अलग चरणों में किस तरह बल्लेबाजी करते हैं।
केएल राहुल को हुई थी ऐंठन
- भारत के उपकप्तान केएल राहुल 77 रन के स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट हुए। कोटक ने स्पष्ट किया कि राहुल को क्रैम्प्स की समस्या हुई थी और फिलहाल वह पूरी तरह ठीक हैं। उन्होंने कहा कि राहुल को हैमस्ट्रिंग, ग्रोइन और हाथ में ऐंठन महसूस हुई थी, लेकिन दिन के अंत तक उनकी स्थिति ठीक थी और उम्मीद है कि वह दूसरे दिन बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध रहेंगे।
- कोटक ने राहुल की बल्लेबाजी में लचीलेपन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि राहुल वनडे में जरूरत के मुताबिक पांचवें या छठे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं, जबकि टेस्ट क्रिकेट में ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालते हैं। टीम के लिए उनका अलग-अलग भूमिकाएं निभाना बेहद उपयोगी है।
दूसरे दिन स्पिनरों को मिल सकती है ज्यादा मदद
गॉल की पिच पर पहले दिन बल्लेबाजी करना आसान रहा। कोटक ने हालांकि कहा कि मैच आगे बढ़ने के साथ पिच पर स्पिनरों को अधिक मदद मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पिच अभी सूखी जरूर है, लेकिन गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आ रही है और पहले दिन ज्यादा टर्न नहीं मिला। हालांकि, दूसरे, तीसरे और चौथे दिन पिच के ज्यादा टर्न लेने की संभावना है। गाले में आंकड़े भी बताते हैं कि मैच आगे बढ़ने के साथ बल्लेबाजों का औसत रन स्कोर कम होता जाता है।
श्रीलंका के फील्डिंग कोच ने भी की पडिक्कल की तारीफ
- श्रीलंका के स्पिन और फील्डिंग कोच जॉर्डन ग्रेगरी ने भी पडिक्कल और केएल राहुल की बल्लेबाजी की सराहना की। उन्होंने कहा कि पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी की और राहुल ने भी भारत को मुकाबले में काफी आगे पहुंचाया।
- ग्रेगरी ने डेब्यू कर रहे ऑफ स्पिनर केशरा नुवंथा के प्रदर्शन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि डेब्यू मैच में नुवंथा ने भारतीय बल्लेबाजों से सवाल पूछे और कई मौके बनाए। उनके प्रदर्शन को ग्रेगरी ने उत्साहजनक बताया।