फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देवदत्त पडिक्कल का शतक: गांगुली के 2002 में बनाए किस रिकॉर्ड की बराबरी की? 19 टेस्ट के इस सूखे को भी किया खत्म

Sat, 15 Aug 2026 04:59 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, गॉल

सार

श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में देवदत्त पडिक्कल ने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा। वह 21वीं सदी में इस नंबर पर भारत के लिए टेस्ट शतक लगाने वाले सिर्फ दूसरे बाएं हाथ के बल्लेबाज बने। उनसे पहले यह कारनामा सौरव गांगुली ने किया था।
विज्ञापन
देवदत्त पडिक्कल - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट की पहली पारी में देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का पहला शतक पूरा किया। पडिक्कल ने 134 गेंदों में नौ चौके और एक छक्के की मदद से अपना शतक पूरा किया। इस शतक के साथ पडिक्कल ने भारतीय क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में भी खास जगह बना ली। वह 21वीं सदी में नंबर-तीन पर बल्लेबाजी करते हुए भारत के लिए टेस्ट शतक लगाने वाले दूसरे बाएं हाथ के बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले सौरव गांगुली ने यह उपलब्धि हासिल की थी। उन्होंने 2002 में दिल्ली में जिम्बाब्वे के खिलाफ 136 रन की पारी खेली थी।

विज्ञापन

शतक लगाने के बाद पडिक्कल - फोटो : BCCI

गांगुली के बाद पडिक्कल का नाम
भारत के लिए नंबर-3 पर टेस्ट शतक लगाने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाजों की सूची में विनोद कांबली सबसे आगे हैं। उन्होंने इस स्थान पर चार शतक लगाए हैं। सौरव गांगुली के नाम तीन शतक हैं। वहीं, सलीम दुर्रानी, बापू नाडकर्णी, अजित वाडेकर, एकनाथ सोलकर, सुरिंदर अमरनाथ और अब देवदत्त पडिक्कल ने इस नंबर पर एक-एक शतक लगाया है।
 

बल्लेबाज नंबर-3 पर टेस्ट शतक
विनोद कांबली 4
सौरव गांगुली 3
सलीम दुर्रानी 1
बापू नाडकर्णी 1
अजित वाडेकर 1
एकनाथ सोलकर 1
सुरिंदर अमरनाथ 1
देवदत्त पडिक्कल 1
 

 

शतक लगाने के बाद पडिक्कल - फोटो : BCCI
19 टेस्ट बाद नंबर-3 के बल्लेबाज ने लगाया शतक
पडिक्कल का शतक इसलिए भी खास है क्योंकि भारत के लिए नंबर-3 पर किसी बल्लेबाज ने 19 टेस्ट के बाद शतक लगाया है। आखिरी बार शुभमन गिल ने सितंबर 2024 में चेन्नई में बांग्लादेश के खिलाफ नंबर-3 पर शतक लगाया था। उस मुकाबले के बाद भारत ने 19 टेस्ट में नंबर-3 के लिए सात अलग-अलग बल्लेबाजों को आजमाया। इन बल्लेबाजों ने मिलकर 35 पारियों में महज 27.28 की औसत से रन बनाए और इस दौरान सिर्फ पांच बार 50 या उससे ज्यादा का स्कोर आया।

राहुल के साथ 150 रन की साझेदारी
पडिक्कल ने इस पारी में केएल राहुल के साथ भी शानदार साझेदारी की। दोनों के बीच 150 रन की साझेदारी हुई। हालांकि चायकाल के ठीक बाद राहुल को क्रैंप की समस्या हुई और उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाना पड़ा। उस समय राहुल 77 रन बनाकर खेल रहे थे। राहुल के बाहर जाने के बाद कप्तान शुभमन गिल बल्लेबाजी के लिए उतरे। हालांकि, गिल 17 रन बनाकर आउट हुए। यशस्वी 32 रन बनाकर आउट हुए थे।

 

शतक लगाने के बाद पडिक्कल - फोटो : BCCI
पहली बड़ी उपलब्धि, अब नजर बड़ी पारी पर
पडिक्कल का यह शतक उनके टेस्ट करियर का पहला शतक है। नंबर-3 जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर यह पारी ऐसे समय आई है, जब भारतीय टीम इस क्रम पर लगातार स्थिरता की तलाश में रही है। ऐसे में पडिक्कल का प्रदर्शन टीम के लिए भी बड़ी राहत माना जा सकता है।

पडिक्कल का बल्ला लगातार कर रहा है कमाल
देवदत्त पडिक्कल का हालिया फर्स्ट-क्लास रिकॉर्ड बताता है कि श्रीलंका के खिलाफ लगाया गया शतक अचानक नहीं आया है। पिछले सात फर्स्ट-क्लास मुकाबलों में उन्होंने लगातार प्रभावशाली पारियां खेली हैं। इस दौरान पंजाब के खिलाफ 120* और उत्तराखंड के खिलाफ रणजी सेमीफाइनल में 232 रन की पारी शामिल है। श्रीलंका-ए के खिलाफ भी उन्होंने 67 और 94 रन बनाए थे। इसके अलावा श्रीलंका के खिलाफ मौजूदा टेस्ट से पहले अभ्यास मैच में उन्होंने 142 रन* की पारी खेली थी।
 
खिलाफ/टूर्नामेंट/जगह पहली पारी दूसरी पारी
पंजाब, मोहाली 9 120*
मुंबई, रणजी क्वार्टर फाइनल 17 39
उत्तराखंड, रणजी सेमीफाइनल 232 बल्लेबाजी नहीं की
जम्मू-कश्मीर, रणजी फाइनल 11 —
श्रीलंका-ए, गॉल 12 67
श्रीलंका-ए, गॉल 94 बल्लेबाजी नहीं की
श्रीलंका, गॉल टेस्ट 101* —
नोट: एसएलसी XI के खिलाफ कोलंबो एनसीसी में
अभ्यास मैच में पडिक्कल ने 164 गेंदों पर नाबाद 142 रन बनाए थे।
विज्ञापन

पडिक्कल और राहुल - फोटो : BCCI
बारिश की वजह से रुका खेल
बारिश की वजह से 63 ओवर के बाद मैच को रोक दिया गया है। भारत ने दो विकेट पर 239 रन बना लिए हैं। फिलहाल देवदत्त पडिक्कल 147 गेंद में नौ चौके और एक छक्के की मदद से 107 रन बनाकर नाबाद हैं। वहीं, ऋषभ पंत तीन रन बनाकर नाबाद हैं। यह आज दूसरी बार है जब बारिश ने मैच में खलल डाला है। इससे पहले लंच के बाद खलल डाला था और करीब डेढ़ घंटे खेल रुका रहा था। देवदत्त पडिक्कल ने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा। वहीं, केएल राहुल 77 रन बनाकर क्रैंप की वजह से रिटायर्ड हर्ट हुए थे। यशस्वी जायसवाल 32 रन बनाकर रन आउट हुए थे। कप्तान शुभमन गिल को प्रभात जयसूर्या ने उदारा के हाथों कैच कराया। गिल 16 रन बना सके।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें