भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा टेस्ट
- फोटो : BCCI
तेज गेंदबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए
भारत ने पहले टेस्ट मैच में अधिकतर समय अपना दबदबा बनाए रखा, लेकिन आखिर में यह मैच ड्रॉ हो गया जो मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल के लिए बड़ा झटका था। इसका कारण यह था कि आमतौर पर तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाने वाली बेसिन रिजर्व की पिच सपाट हो गई थी, लेकिन पिच की प्रकृति में बदलाव के बावजूद इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता जसप्रीत बुमराह के पहली पारी के प्रयास और आकाश दीप की कुछ धारदार गेंदबाजी को छोड़कर भारत का तेज गेंदबाजी आक्रमण उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाया था।
भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा टेस्ट
- फोटो : BCCI
भारतीय प्लेइंग-11 में हो सकता है एक या दो बदलाव
प्रसिद्ध कृष्णा और अंशुल कंबोज (दोनों पारियों में 45-45 ओवर) का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। हालांकि, गुरुवार को नेट सत्र को ध्यान में रखते हुए लग रहा है कि तेज गेंदबाजी आक्रमण में व्यापक बदलाव की संभावना नहीं है। जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप, कंबोज और प्रसिद्ध ने नेट पर गेंदबाजी नहीं की। आमतौर पर उन तेज गेंदबाजों को ही मैच से एक दिन पहले विश्राम दिया जाता है, जिनकी प्लेइंग-11 में जगह पक्की होती है। गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा के साथ-साथ नेट पर जमकर अभ्यास करने वाले गेंदबाजों में आकिब नबी और अर्शदीप सिंह शामिल थे। आक्रमण में एकमात्र संभावित बदलाव बराड़ को प्रसिद्ध या कंबोज की जगह अंतिम एकादश में शामिल करना हो सकता है।
गुरनूर, जडेजा और सिराज
- फोटो : BCCI
पिच बाद में बल्लेबाजों के लिए मददगार हो सकती है
स्थानीय खिलाड़ी मैट हेनरी और न्यूजीलैंड के गेंदबाजी कोच जैकब ओरम दोनों ने स्वीकार किया कि भले ही वह इस मैदान पर अधिक गति और उछाल की उम्मीद करते हैं, लेकिन ऐसे उदाहरण भी देखने को मिले हैं जब पिच पहले दो दिनों के बाद बल्लेबाजों के लिए अनुकूल बन जाती है। वेस्टइंडीज ने पिछले साल हेगली ओवल में बड़े स्कोर वाला टेस्ट मैच ड्रॉ कराया था जबकि तीन सप्ताह पहले ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल ने भारत ए की तरफ से खेलते हुए यहां शतक बनाए थे। सिराज पर विश्वास की कमी के चलते गिल और गंभीर के विकल्प पहले ही सीमित हो गए हैं।
अगर भारत एक बार फिर पहले गेंदबाजी करता है, तो बराड़ अपनी गति, उछाल और लंबे कद के दम पर इस पिच पर काफी खतरनाक साबित हो सकते हैं। डेवोन कॉनवे, रचिन रवींद्र, टॉम लाथम और हेनरी निकोल्स जैसे खिलाड़ी बराड़ का सामना करने में थोड़ा असहज महसूस कर सकते हैं, जबकि कंबोज का सामना करना अपेक्षाकृत आसान था। यहां तक कि मध्य क्रम के बल्लेबाज डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स के सामने भी बराड़ चुनौती पेश कर सकते हैं।
अंशुल, आकाशदीप, बुमराह और प्रसिद्ध इस टेस्ट में खेल रहे
- फोटो : BCCI
टीमें इस प्रकार हैं:
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, अंशुल कंबोज, आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, गुरनूर बराड़, साई सुदर्शन।
न्यूजीलैंड: टॉम लाथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, रचिन रविंद्र, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जेमीसन, नाथन स्मिथ, मैट फिशर, विल यंग, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट।
भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा टेस्ट
- फोटो : BCCI
क्राइस्टचर्च का मौसम
एक्यूवेदर के मुताबिक, 27 नवंबर से एक दिसंबर के बीच होने वाले दूसरे टेस्ट के शुरुआती तीन दिनों (शुक्रवार से रविवार) में क्राइस्टचर्च का मौसम साफ और धूप वाला रहने की उम्मीद है, जहां तापमान 18°C से 25°C के बीच रहेगा और बारिश की संभावना न के बराबर है। हालांकि, मैच से ठीक पहले हल्की बूंदाबांदी हो सकती है और इसके कारण वातावरण में ठंडक बनी रहेगी। टेस्ट के चौथे दिन दोपहर के समय बादल छाने और हल्की बारिश होने का अनुमान है, जबकि पांचवें दिन भी मौसम में नमी और हल्की फुहारों की संभावना बनी रहेगी जिससे खेल में कुछ रुकावट आ सकती है।
हेगली ओवल की पिच का मिजाज
क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल की पिच पर अच्छी घास और उछाल देखने को मिलेगा, जो वेलिंगटन की तुलना में तेज गेंदबाजों के लिए काफी अधिक मददगार साबित होगा। पिच क्यूरेटर और टीम प्रबंधन के मुताबिक, मैच के शुरुआती सत्रों में नमी और सीम मूवमेंट के कारण नई गेंद से तेज गेंदबाज बल्लेबाजों को कड़ी परीक्षा में डालेंगे। हालांकि, जैसे-जैसे धूप खिलेगी और पिच सूखेगी, यह बल्लेबाजी के लिए बेहतर होती जाएगी और क्रीज पर समय बिताने वाले बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान हो जाएगा।
भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा टेस्ट
- फोटो : BCCI
कब और कहां खेला जाएगा भारत-न्यूजीलैंड दूसरा टेस्ट?
- मैच: भारत बनाम न्यूजीलैंड, दूसरा टेस्ट
- दो मैचों की सीरीज: पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था।
- तारीख: 27 नवंबर से एक दिसंबर
- समय: सुबह 3:30 बजे (भारतीय समयानुसार)
- टॉस: सुबह 3:00 बजे
- मैदान: हेगली ओवल, क्राइस्टचर्च (न्यूजीलैंड)
टीवी और मोबाइल पर कहां देख सकेंगे लाइव मैच?
- भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट का लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क (Sony Sports Network) के चैनलों पर किया जाएगा।
- टीवी पर: सोनी टेन 1 (Sony Ten 1) और सोनी टेन 3 (Sony Ten 3)
- मोबाइल पर लाइव स्ट्रीमिंग: सोनी लिव एप (Sony LIV)
- आप Amarujala.com पर भी मैच से जुड़े लाइव अपडेट्स और खबरें पढ़ सकते हैं।