फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत से घर में आठ में से सात T20 हारे कीवी: नमन ने तोड़ा 17 साल पुराना रिकॉर्ड, श्रेयस के साथ किस तरह पलटा मैच

Thu, 22 Oct 2026 05:07 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, क्राइस्टचर्च

सार

IND vs NZ  1st T20 Highlights : भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में खेला गया। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में चार विकेट पर 225 रन बनाए। जवाब में भारत ने छह विकेट गंवाकर दो गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। 
विज्ञापन
सैमसन, अय्यर और नमन - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की है। क्राइस्टचर्च में खेले गए पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने छह विकेट गंवाकर 226 रन चेज कर लिए। यह टीम इंडिया के टी20 इतिहास का सबसे सफलतम चेज है। इससे पहले भारत ने 2026 में ही न्यूजीलैंड के खिलाफ रायपुर में 209 रन चेज किए थे। वहीं, 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी 209 रन सफलतापूर्वक हासिल किए थे। ओवरऑल टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे सफल चेज का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के नाम है। उन्होंने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 259 रन सफलतापूर्वक चेज किए थे। 
विज्ञापन


टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के सबसे सफल चेज

स्कोर

खिलाफ

मैदान

साल

226

न्यूजीलैंड

क्राइस्टचर्च

2026

209

ऑस्ट्रेलिया

विशाखापत्तनम

2023

209

न्यूजीलैंड

रायपुर

2026

208

वेस्टइंडीज

हैदराबाद

2019

207

श्रीलंका

मोहाली

2009

204

न्यूजीलैंड

ऑकलैंड

2020

202

ऑस्ट्रेलिया

राजकोट

2013


वहीं, यह न्यूजीलैंड के खिलाफ किसी भी टीम का दूसरा सबसे सफल चेज है। इस मामले में नंबर एक पर ऑस्ट्रेलिया है, जिसने 2018 में ईडन पार्क में कीवियों के खिलाफ 244 रन सफलतापूर्वक चेज किए थे।
विज्ञापन
Trending Videos

श्रेयस अय्यर-नमन धीर - फोटो : IANS
नमन धीर ने 17 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
नमन धीर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 15 गेंदों पर नाबाद 42 रन की पारी खेलकर इतिहास रच दिया। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में सफल रन चेज के दौरान भारत के लिए सातवें या उससे निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए। नमन ने इरफान पठान का 17 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। इरफान ने 2009 में कोलंबो (आरपीएस) में श्रीलंका के खिलाफ सफल रन चेज के दौरान सातवें या उससे निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों में नाबाद 33 रन बनाए थे।

न्यूजीलैंड का भारत के खिलाफ घरेलू मैदान पर खराब रिकॉर्ड जारी
न्यूजीलैंड को अपने घरेलू मैदान पर भारत के खिलाफ पिछले आठ टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में से सात में हार का सामना करना पड़ा है। इस दौरान उसे सिर्फ एक मुकाबले में हार नहीं मिली। नेपियर में 2022 में खेला गया वह मैच डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) नियम के आधार पर टाई रहा था।

भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 - फोटो : ANI
तीन बल्लेबाजों ने पहली ही गेंद पर जड़ा छक्का
न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल, बेवन जैकब्स और भारत के अभिषेक शर्मा ने इस मुकाबले में अपनी-अपनी पारी की पहली गेंद पर छक्का लगाया। पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ही मैच में तीन बल्लेबाजों द्वारा पहली गेंद पर छक्का लगाने का यह संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा का रिकॉर्ड है। इससे पहले भी चार मौकों पर ऐसा हो चुका है। हालांकि, उन चार पुराने मुकाबलों में से सिर्फ एक मैच दो पूर्ण सदस्य देशों के बीच खेला गया था। 2018 में हैमिल्टन में न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच हुए टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में लियाम डॉसन, क्रिस जॉर्डन और कॉलिन मुनरो ने अपनी पारी की पहली गेंद पर छक्का लगाया था।

भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 - फोटो : ANI
भारत की पारी
भारत के लिए संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 33 गेंद में आठ चौके और चार छक्के की मदद से 67 रन बनाए। वहीं, अभिषेक शर्मा ने 12 गेंद में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 29 रन बनाए। अभिषेक और सैमसन ने पहले विकेट के लिए 5.5 ओवर में 93 रन जोड़े। इस धमाकेदार शुरुआत के बाद भारत ने 29 रन बनाने में चार विकेट गंवा दिए थे।

122 रन के स्कोर तक भारत के चार विकेट गिर चुके थे। अभिषेक और सैमसन के बाद तिलक वर्मा छह रन और ईशान किशन एक रन बनाकर आउट हुए थे। फिर कप्तान श्रेयस ने अक्षर पटेल के साथ मिलकर पारी संभालने की कोशिश की। दोनों ने 24 गेंद में 45 रन की साझेदारी की। अक्षर 14 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हुए। फिर श्रेयस ने नमन धीर के साथ 22 गेंद में 43 रन की साझेदारी की। श्रेयस 28 गेंद में एक चौका और दो छक्के की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए।

रही सही कसर नीतीश और नमन ने पूरी कर दी। आखिरी ओवर में आठ रन चाहिए था। मैट हेनरी को गेंद सौंपी गई। नमन ने पहली गेंद पर चौका लगाया। फिर दूसरी गेंद पर एक रन आया।  तीसरी गेंद पर नीतीश ने एक रन लिया। चौथी गेंद पर नमन ने छक्का लगाकर मैच जिता दिया। वह 15 गेंद में पांच चौके और दो छक्के की मदद से 42 रन बनाकर नाबाद रहे। सैमसन को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला 24 अक्तूबर को क्राइस्टचर्च में ही खेला जाएगा।
विज्ञापन

भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 - फोटो : ANI
न्यूजीलैंड की पारी
इससे पहले न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 225 रन बनाए थे। ग्लेन फिलिप्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया और नाबाद रहे। वहीं, फिन एलन और बेवन जैकब्स ने भी अच्छी बल्लेबाजी की। भारत की गेंदबाजी और फील्डिंग खराब रही।

श्रेयस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। वापसी कर रहे भुवनेश्वर कुमार ने पहले ओवर में अच्छी गेंदबाजी की और चार रन दिए, लेकिन इसके बाद उनकी खूब धुनाई हुई। भुवी ने चार ओवर में बिना कोई विकेट लिए 49 रन खर्च किए। इसके अलावा अर्शदीप ने चार ओवर में एक विकेट लिए और 45 रन खर्च किए। मयंक ने चार ओवर में 40 रन लुटाए और एक विकेट लिया। अक्षर पटेल ने चार ओवर में 51 रन खर्च किए और एक विकेट लिया। नीतीश ने चार ओवर में 40 रन लुटाए। 

न्यूजीलैंड की ओर से एलन ने 24 गेंद में 45 रन बनाए। वहीं, डेरिल मिचेल ने 19 गेंद में 28 रन की पारी खेली। बेवन जैकब्स ने 16 गेंद में 31 रन बनाए। वहीं, फिलिप्स ने 40 गेंद में आठ चौके और तीन छक्के की मदद से 82 रन की नाबाद पारी खेली। ब्रेसवेल भी छह गेंद में सात रन बनाकर नाबाद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें