फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rohit Sharma: लॉर्ड्स में 'हिटमैन' खेलेंगे आखिरी मैच? विराट के साथ फोटो वायरल; दूसरे वनडे में दिखे कई संकेत

Fri, 17 Jul 2026 04:00 PM IST
शिवम गर्ग स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कार्डिफ

सार

रोहित शर्मा के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की अटकलों के बीच विराट कोहली और रवि शास्त्री से जुड़े कुछ पल चर्चा में हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि लॉर्ड्स वनडे रोहित का आखिरी मैच हो सकता है।
विज्ञापन
1 of 5
क्या रोहित ले रहे हैं विदाई? - फोटो : Amar Ujala Graphics
भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरे वनडे के दौरान रोहित शर्मा के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की खबरें सामने आने के बाद दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसक हैरान रह गए। इसी बीच विराट कोहली और कमेंटेटर रवि शास्त्री से जुड़े कुछ पल सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिसके बाद अटकलें और तेज हो गईं कि लॉर्ड्स में होने वाला तीसरा वनडे रोहित का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला हो सकता है।
विज्ञापन

2 of 5
रोहित शर्मा - फोटो : PTI
रिटायरमेंट की चर्चा क्यों शुरू हुई?
दूसरे वनडे में भारत को चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में रोहित शर्मा 26 रन ही बना सके। इसी बीच समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि रविवार को लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ खेला जाने वाला तीसरा और अंतिम वनडे रोहित शर्मा का भारत के लिए आखिरी मैच हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके रोहित शर्मा की नजर 2027 वनडे विश्व कप खेलने पर थी। हालांकि, चयन समिति ने उन्हें बता दिया कि भविष्य की योजनाओं में उन्हें शामिल नहीं किया गया है।
 
विज्ञापन

3 of 5
रोहित शर्मा - फोटो : IANS
विराट कोहली की तस्वीर क्यों हुई वायरल?
रिटायरमेंट की खबरों के बीच दूसरे वनडे की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई। इसमें विराट कोहली, रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह के बीच बैठे नजर आए। कोहली के चेहरे पर मायूसी दिखाई दे रही थी। यह तस्वीर जोफ्रा आर्चर की गेंद पर 65 रन बनाकर कोहली के आउट होने के बाद की थी। शुरुआत में इसे उनके विकेट गिरने की निराशा माना गया, लेकिन रोहित के संन्यास की चर्चाओं के बाद सोशल मीडिया पर इस तस्वीर को अलग नजरिए से देखा जाने लगा।

4 of 5
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा। - फोटो : अमर उजाला
क्या अश्विन के संन्यास के समय भी विराट को पहले से था अंदाजा?
रोहित शर्मा के संन्यास की अटकलों के बीच सोशल मीडिया पर रविचंद्रन अश्विन के संन्यास का भी जिक्र किया जा रहा है। भारतीय टीम के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने दिसंबर 2024 में भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच ब्रिसबेन के गाबा मैदान पर खेले गए टेस्ट मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। संन्यास के ऐलान से पहले तीसरे टेस्ट के आखिरी दिन ड्रेसिंग रूम में विराट कोहली ने अश्विन को गले लगाया था। उस दौरान का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं। दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ बातचीत भी हुई थी, जिसके बाद कोहली ने अश्विन को गले लगाया। इसे लेकर सोशल मीडिया पर दावा किया गया था कि विराट को अश्विन के फैसले की पहले से जानकारी थी।
 

विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन लंबे समय तक भारतीय टीम के लिए साथ खेले और दोनों के बीच अच्छी दोस्ती रही। अश्विन के संन्यास के समय कोहली भी भावुक नजर आए थे। बाद में उन्होंने अश्विन के लिए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट भी साझा की थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
रोहित शर्मा और विराट कोहली - फोटो : BCCI
रवि शास्त्री की टिप्पणी से क्यों बढ़ी अटकलें?
एक और भावुक कर देने वाला पल भारत की फील्डिंग के दौरान आया, जब कमेंटेटर रवि शास्त्री ने कप्तान और बल्लेबाज दोनों के रूप में रोहित की उपलब्धियों पर बार-बार जोर दिया। रोहित की नेतृत्व क्षमता और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान पर उनकी टिप्पणियों ने इस अटकलबाजी को और गहरा कर दिया। उन्होंने कहा कि रोहित लंबे समय से टीम का हिस्सा रहे हैं, उन्होंने टी20 विश्व कप जिताया, हालांकि 50 ओवर का विश्व कप नहीं जीत सके। साथ ही उन्होंने विश्व कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया है, जिसमें 2019 विश्व कप में इंग्लैंड में लगाए गए पांच शतक शामिल हैं। शास्त्री की इन टिप्पणियों के बाद भी रोहित के संभावित विदाई मैच को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं।

रिपोर्ट में और क्या दावा किया गया?
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैंड के खिलाफ जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज के दौरान रोहित शर्मा की बीसीसीआई अधिकारियों से मुलाकात हुई थी और वह चयन समिति के फैसले से खुश नहीं थे। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि चयन समिति ने मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ मिलकर रोहित शर्मा को बता दिया है कि वनडे सीरीज के बाद टीम आगे बढ़ने की योजना बना रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें