हर्षित राणा के विकेट पर भड़के पाकिस्तानी खिलाड़ी
दरअसल, भारत ए की पारी के 45वें ओवर में हर्षित राणा बिना खाता खोले आउट हो गए। वह पवेलियन लौट रहे थे, तभी पाकिस्तान के स्पिनर सूफियान मुकीम उनके साथ चलते चलते कुछ कहते हुए नजर आए। उनका अंदाज काफी आक्रामक था। ऐसा लगा कि वह हर्षित से कुछ कह रहे हैं। इसके बाद मामला बढ़ता देख पाकिस्तान के गेंदबाज अली रजा ने सूफियान को पीछे खींचकर रोकने की कोशिश की। हालांकि, इसके बाद भी स्लेजिंग जारी रही और मुकीम के साथ कई अन्य खिलाड़ी भी हर्षित के लौटते वक्त उनसे कुछ कहते रहे।
अंपायर ने पहले बीच बचाव की कोशिश की, लेकिन पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं रुके। फिर तिलक ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों को रोकने की कोशिश की और पाकिस्तानी कप्तान अब्दुल समद ने भी अपने खिलाड़ियों को वापस फील्डिंग पर जाने को कहा। हालांकि, सूफियान इस दौरान तिलक से भी कुछ कहते दिखे। तिलक ने इस पर सूफियान को बुलाया, पर हसन नवाज उन्हें दूर ले गए। फिर समद को तिलक से बात करते देखा गया।
हर्षित ने भी की थी स्लेजिंग
इस मुकाबले की पहली पारी में भी हर्षित और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच कुछ मौकों पर तीखी बहस देखने को मिली थी। ऐसे में बल्लेबाजी के दौरान उनके विकेट के बाद भी मैदान पर तल्खी कम नहीं हुई।