आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 से मिली करारी हार के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर सोशल मीडिया पर निशाने पर आ गए हैं। भारत की इस अप्रत्याशित हार के बाद आइसलैंड क्रिकेट ने भी अपने मजाकिया अंदाज में एक पोस्ट कर टीम इंडिया और गंभीर पर तंज कसा, जो तेजी से वायरल हो गया। आयरलैंड ने इस सीरीज में इतिहास रचते हुए पहली बार भारत को किसी टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में हराया। इसके साथ ही भारत की लगातार 16 टी20 द्विपक्षीय सीरीज जीतने का सिलसिला भी समाप्त हो गया। यह अजेय क्रम लगभग तीन वर्षों से जारी था।
आइसलैंड क्रिकेट ने कसा तंज
आइसलैंड क्रिकेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए गौतम गंभीर पर व्यंग्य किया। पोस्ट में लिखा गया, 'हम यह पुष्टि कर सकते हैं कि हम गौतम गंभीर को अपने कोचिंग स्टाफ में शामिल नहीं करना चाहते। हालांकि, उनमें प्रतिभा जरूर है। आयरलैंड में इतने शानदार भारतीय खिलाड़ियों के रहते हुए ऐसे शानदार नतीजे हासिल करना वास्तव में असाधारण क्षमता की बात है।'
यह पोस्ट भारत की स्टार खिलाड़ियों से सजी टीम पर भी कटाक्ष था, जिसमें संजू सैमसन, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा जैसे टी20 विश्व कप विजेता खिलाड़ी शामिल थे। इसके बावजूद भारतीय बल्लेबाजी आयरलैंड के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने दोनों मुकाबलों में संघर्ष करती नजर आई।
गंभीर के कार्यकाल में पहली टी20 सीरीज हार
गौतम गंभीर ने 2024 में भारतीय टीम के मुख्य कोच का पद संभाला था। उनके कार्यकाल में भारत ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया था। टीम ने श्रीलंका और बांग्लादेश को 3-0 से हराया, दक्षिण अफ्रीका में 3-1 से सीरीज जीती, इंग्लैंड को 4-1 और न्यूजीलैंड को 4-1 से मात दी। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया में भी भारत ने 2-1 से टी20 सीरीज अपने नाम की थी। हालांकि, आयरलैंड दौरे पर यह विजयी अभियान थम गया और गंभीर के कोच बनने के बाद भारत को पहली बार किसी टी20 द्विपक्षीय सीरीज में हार का सामना करना पड़ा।
आयरलैंड ने रचा इतिहास
भारत का यह आयरलैंड दौरा 2023 के बाद पहला था। इससे पहले दोनों टीमें टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आठ बार भिड़ी थीं और हर बार भारत ने जीत दर्ज की थी। दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत 2024 टी20 विश्व कप में हुई थी, जहां भी भारत विजयी रहा था। लेकिन इस बार आयरलैंड ने पहले टी20 में 34 रन से जीत दर्ज कर भारत के खिलाफ अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जीता। इसके बाद दूसरे मैच में एक रन से रोमांचक जीत हासिल कर उसने पहली बार भारत के खिलाफ टी20 सीरीज भी अपने नाम कर ली। यह आयरलैंड क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक मानी जा रही है।