फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Harmanpreet Kaur: पद्मश्री से सम्मानित होने पर हरमनप्रीत ने जताया आभार, बोलीं- समर्थन के लिए सभी का धन्यवाद

Tue, 26 May 2026 08:43 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

सम्मान मिलने के तुरंत बाद हरमनप्रीत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर एक भावुक संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने एक युवा क्रिकेटर से लेकर वैश्विक मंच पर भारत की कप्तानी करने तक के अपने सफर के बारे में बताया।
विज्ञापन
हरमनप्रीत कौर - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से पद्मश्री मिलने के बाद अपने परिवार, टीम के साथियों, कोच और फैंस का आभार जताया। हरमनप्रीत उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल रहीं, जिन्हें राष्ट्रपति भवन में आयोजित पहली सिविल इन्वेस्टिचर सेरेमनी में सम्मानित किया गया। इस समारोह में अलग-अलग श्रेणियों में पद्मश्री पुरस्कार दिए गए। भारत की पुरुष टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा भी पुरस्कार पाने वालों में शामिल रहे। हरमनप्रीत ने पोस्ट कर सबका आभार जताया है।
विज्ञापन


उन्होंने समारोह की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'मेरा दिल गर्व और कृतज्ञता से भर गया है, क्योंकि मुझे प्रतिष्ठित पद्मश्री सम्मान मिला है। यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं है, बल्कि मेरे माता-पिता, परिवार, कोच, टीम के साथियों, दोस्तों और हर उस इंसान का है, जिसने इस पूरे सफर में मेरा साथ दिया और मुझ पर विश्वास किया। आंखों में सपने लिए एक छोटी लड़की से लेकर सबसे बड़े मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने तक, हर पल आपके प्यार, त्याग और हौसले की वजह से मुमकिन हुआ है।'

भारत की कप्तान ने महिला क्रिकेट को लगातार समर्थन देने के लिए राष्ट्रपति, भारत सरकार और क्रिकेट से जुड़ी संस्थाओं का भी धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा, 'मैं इस सम्मान और महिला क्रिकेट को लगातार समर्थन देने के लिए राष्ट्रपति, भारत सरकार, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, बीसीसीआई और भारतीय क्रिकेट से जुड़े सभी लोगों का दिल से धन्यवाद करना चाहती हूं। साथ ही मीडिया, पत्रकारों और उन सभी लोगों का भी शुक्रिया, जिन्होंने मेरी उपलब्धियों को सराहा और मेरी यात्रा को दुनिया के सामने रखा। आपकी तारीफ और समर्थन ने मुझे हमेशा बेहतर करने के लिए प्रेरित किया है।'
विज्ञापन


हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट ने एक अहम दौर देखा है और उसी के बाद उन्हें यह सम्मान मिला है। 2025 में उनकी कप्तानी में भारत ने घरेलू मैदान पर अपना पहला महिला वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीता था। भारतीय टीम ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर आईसीसी टूर्नामेंटों में लंबे समय से चले आ रहे खिताबी सूखे को खत्म किया था। यह जीत उनके पांचवें वर्ल्ड कप के दौरान मिली और इसे उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जाता है।

हरमनप्रीत ने इतने वर्षों तक मिले अटूट समर्थन के लिए फैंस का भी धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा, 'आखिर में हर उस फैन का शुक्रिया, जो हर उतार-चढ़ाव में मेरे साथ खड़ा रहा। आपका प्यार मेरे लिए सब कुछ है। भारत की जर्सी पहनना हमेशा मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा सम्मान रहेगा और मैं हर दिन देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देती रहूंगी। मैं इतनी शुक्रगुजार हूं कि इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकती।'
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें