मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2026 का सीजन लगातार मुश्किल होता जा रहा है। टीम पहले ही अंक तालिका में नीचे फंसी हुई है, अब कप्तान हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी ने नई बहस छेड़ दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई इंडियंस जब अपने अगले मुकाबले के लिए रायपुर रवाना हुई, तब हार्दिक पांड्या टीम के साथ नजर नहीं आए। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर सवालों की बाढ़ आ गई कि क्या हार्दिक अब भी चोटिल हैं, या मामला सिर्फ फिटनेस तक सीमित नहीं है? लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मुकाबले में माहिका भी टीम को सपोर्ट करने मैदान में मौजूद नहीं थीं, न ही हार्दिक टीम के साथ मौजूद थे।
मुंबई इंडियंस
- फोटो : ANI
एयरपोर्ट पर टीम दिखी, हार्दिक नहीं दिखे
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी बुधवार को मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर दिखाई दिए, लेकिन कप्तान हार्दिक वहां मौजूद नहीं थे। फिलहाल यह साफ नहीं है कि वह बाद में टीम से जुड़ेंगे या नहीं। लखनऊ के खिलाफ मैच में हार्दिक के नहीं खेलने को लेकर फ्रेंचाइजी ने बताया था कि उनकी पीठ में ऐंठन है। मुंबई इंडियंस ने बयान जारी कर कहा था, 'हार्दिक पीठ में ऐंठन के कारण अस्वस्थ हैं, इसलिए मैच में सूर्यकुमार यादव कप्तानी करेंगे।'
तिलक वर्मा-हार्दिक पांड्या
- फोटो : IANS
चोट या कुछ और? अटकलें तेज
हार्दिक की गैरमौजूदगी ने इसलिए भी चर्चा बढ़ा दी है क्योंकि पहले माना जा रहा था कि पीठ की समस्या गंभीर नहीं है और वह जल्द वापसी कर लेंगे। लेकिन टीम के साथ यात्रा न करने से अब कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ फैंस सवाल उठा रहे हैं कि क्या कप्तान पर दबाव ज्यादा है? क्या खराब फॉर्म और टीम की हालत ने मानसिक असर डाला है? कुछ ने एमआई-सीएसके मैच के बाद हार्दिक और सीएसके टीम के सीईओ काशी विश्वनाथन की बातचीत को भी इस मामले से जोड़ा था। एक सोशल मीडिया यूजर ने कहा था कि काशी ने ऐसे ही 2025 में संजू सैमसन से बातचीत की थी और इस साल वह सीएसके में हैं। सोशल मीडिया यूजर्स यह भी वायरल कर रहे हैं कि हार्दिक सीएसके की टीम में जा सकते हैं। हालांकि इन बातों पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।
दीपक चाहर-हार्दिक पांड्या
- फोटो : ANI
इस सीजन हार्दिक का प्रदर्शन फीका
हार्दिक पांड्या बल्ले और गेंद दोनों से इस सीजन उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं। आठ मैचों में उन्होंने सिर्फ 146 रन बनाए हैं और स्ट्राइक रेट भी सामान्य रहा है। गेंदबाजी में भी वह प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे हैं। एक कप्तान के तौर पर भी कई मौकों पर उनके फैसलों पर सवाल उठे हैं। करीबी मैचों में टीम हारती गई और हार्दिक कोई बड़ा असर नहीं छोड़ पाए। लखनऊ के खिलाफ मुंबई की जीत के बाद दीपक चाहर की बहन मालती चाहर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी की तारीफ की थी और कहा था कि इस मैच में मुंबई इंडियंस पुरानी मुंबई इंडियंस की तरह दिखी। इस हार्दिक पर तंज माना गया था। ऐसे में इस बात का अंदाजा लगाया जा रहा है मुंबई की टीम में सबकुछ ठीक नहीं है।
मालती का हार्दिक पर तंज!
- फोटो : ANI/Instagram
रेयान रिकेल्टन ने क्या कहा?
हार्दिक की फिटनेस पर जब साथी खिलाड़ी रेयान रिकेल्टन से सवाल हुआ तो उन्होंने साफ कहा कि उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं है। रिकेल्टन ने कहा, 'मुझे नहीं पता कि वह कब लौटेंगे। मुझे भी लखनऊ के खिलाफ मैच से ठीक पहले पता चला कि उन्हें पीठ में ऐंठन है। इसकी गंभीरता कितनी है, मैं नहीं जानता। लेकिन मुझे यकीन है कि वह इस हफ्ते रायपुर जाते समय टीम से जुड़ जाएंगे।'
मुंबई इंडियंस
- फोटो : ANI
मुंबई इंडियंस के साथ आखिर हुआ क्या?
पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस इस समय अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। 10 मैचों में सिर्फ तीन जीत के साथ टीम का अभियान बेहद निराशाजनक रहा है। इस गिरावट की शुरुआत कप्तानी बदलाव से जोड़ी जा रही है। रोहित शर्मा से कप्तानी लेकर हार्दिक को जिम्मेदारी देना टीम मैनेजमेंट का बड़ा फैसला था। उम्मीद थी कि हार्दिक नई ऊर्जा लाएंगे, लेकिन नतीजे उलटे निकले। रोहित के दौर में मुंबई इंडियंस शांत रणनीति, स्पष्ट नेतृत्व और बड़े मैचों में दबदबे के लिए जानी जाती थी। इस सीजन टीम में वह स्थिरता नजर नहीं आई।
क्रुणाल और हार्दिक
- फोटो : IPL/BCCI
रायपुर मैच पर सबकी नजर
अब मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से 10 मई को रायपुर में है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या हार्दिक उस मैच तक टीम से जुड़ेंगे? अगर वह बाहर रहते हैं, तो यह सिर्फ एक खिलाड़ी की अनुपस्थिति नहीं होगी, बल्कि संघर्ष कर रही टीम के लिए बड़ा झटका होगा। मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए फिलहाल एक ही सवाल है कि क्या कप्तान लौटेंगे और क्या टीम वापसी कर पाएगी?