क्रिकेट में कैच अक्सर मैच का रुख बदल देते हैं, लेकिन ग्लेन फिलिप्स ने जो किया, उसे देखकर शायद वह खुद भी यकीन नहीं कर पाए। कैरिबियाई प्रीमियर लीग में सोमवार को गुयाना अमेजन वॉरियर्स और त्रिनबागो नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में गुयाना से खेल रहे फिलिप्स ने बाउंड्री लाइन के ठीक पास एक हाथ से ऐसा कैच लपका कि गेंद उनके हाथ में चिपकी नजर आई। कैच पूरा करने के बाद उनका रिएक्शन भी देखने लायक था, पहले हैरानी, फिर चेहरे पर मुस्कान। यह पल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
गुयाना वॉरियर्स की पारी, हेटमायर का शतक
दरअसल, त्रिनिदाद के क्वींस पार्क ओवल में खेले गए इस मुकाबले में गुयाना ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में पांच विकेट पर 185 रन बनाए। बारिश के कारण मैच 16-16 ओवर का हुआ। डकवर्थ लुईस नियम के हिसाब से त्रिनबागो को 182 रन का लक्ष्य मिला। शिमरोन हेटमायर ने 43 गेंद में आठ चौके और नौ छक्कों की मदद से 111 रन की नाबाद तूफानी पारी खेली। फिलिप्स बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए और खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। इसके अलावा शाई होप ने 16, रोमारियो शेफर्ड ने सात गेंद में नाबाद 27 रन की पारी खेली। इनमें दो चौके और तीन छक्के शामिल रहे। मैथ्यू नंदू ने 13, मोहम्मद नबी ने छह और क्वेंटीन सैम्पसन ने सात रन बनाए।
फिलिप्स का शानदार कैच
- फोटो : Twitter grab
फिलिप्स ने नरेन को चलता किया
जवाब में त्रिनबागो नाइट राइडर्स 16 ओवर में सात विकेट पर 172 रन ही बना सकी और डकवर्थ लुईस नियम के हिसाब से नौ रन से मुकाबला गंवा दिया। कॉलिन मुनरो और सुनील नरेन ओपनिंग उतरे थे। हालांकि, त्रिनबागो की पारी के तीसरे ओवर में जब ड्वेन प्रिटोरियस गेंदबाजी के लिए आए, तो नरेन ने उनपर अटैक करने का सोचा। उन्होंने हवा में शॉट खेला, जिसपर बाउंड्री लाइन पर फील्डिंग कर रहे फिलिप्स दौड़ते हुए गेंद तक पहुंचे और फिर एक हाथ से कैच पकड़ लिया। जिस गति से वह गेंद के पास पहुंचे और गेंद उनके हाथ से चिपक गई, यह देखकर फैंस ही नहीं, खुद फिलिप्स भी हैरान रह गए।
पूरन-हेल्स को नहीं मिला किसी और का साथ
फिर वह मुस्कुराते हुए साथी खिलाड़ियों के साथ जश्न मनाने लगे। नरेन एक रन बना सके। त्रिनबागो की ओर से मुनरो ने 22 रन बनाए। वहीं, कप्तान निकोलस पूरन ने 16 गेंद में तीन चौके और चार छक्के की मदद से 43 रन की पारी खेली। हेल्स ने 24 गेंद में एक चौके और सात छक्के की मदद से 55 रन बनाए। हालांकि, अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिलने के कारण नाइट राइडर्स की टीम हार गई। गुयाना की ओर से नबी ने तीन विकेट लिए। वहीं, कप्तान इमरान ताहिर, प्रिटोरियस, खैरी पियरे को एक-एक विकेट मिला।