भारतीय क्रिकेट में स्पिन गेंदबाजी की परंपरा काफी पुरानी और समृद्ध रही है। देश ने एक से बढ़कर एक दिग्गज स्पिनर दिए हैं, लेकिन रविचंद्रन अश्विन के बाद एक सवाल लगातार चर्चा में है कि क्या भारत को उनके जैसा प्रभावशाली ऑफ स्पिनर मिल पाएगा? न्यूजीलैंड के पूर्व ऑफ स्पिनर दीपक पटेल ने भी इस मुद्दे पर हैरानी जताई है। उनका मानना है कि भारत अश्विन के बाद अब तक कोई ऐसा गुणवत्तापूर्ण ऑफ स्पिनर तैयार नहीं कर पाया, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी छाप छोड़ सके। उन्होंने आधुनिक क्रिकेट में ऑफ स्पिनरों की घटती भूमिका, कप्तानों की सोच और डीआरएस के प्रभाव पर भी अपनी राय रखी।
कोहली और अश्विन
- फोटो : Virat Kohli X
अश्विन के बाद भारत को नहीं मिला दमदार ऑफ स्पिनर
न्यूजीलैंड के लिए 37 टेस्ट और 75 वनडे खेलने वाले दीपक पटेल का मानना है कि टी20 क्रिकेट में सफल रहने वाले आखिरी प्रमुख ऑफ स्पिनर अश्विन ही थे। उन्होंने पीटीआई से बातचीत में कहा, 'अगर इस बारे में सोचें तो रवि अश्विन आखिरी ऑफ स्पिनर हैं, जिन्होंने टी20 क्रिकेट में सफलता हासिल की है। हमने टेस्ट में सफलता देखी है, हाल ही में साइमन हार्मर ने अच्छा प्रदर्शन किया है। वनडे में भी कुछ सफलता मिली है, लेकिन टी20 में ऐसा ज्यादा नहीं हुआ।'
अश्विन ने भारत के लिए 65 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 72 विकेट लिए थे। इस दौरान उनकी इकॉनमी सात रन प्रति ओवर से भी कम रही। आईपीएल में भी उन्होंने पांच अलग-अलग टीमों के लिए 221 मुकाबले खेले और 187 विकेट अपने नाम किए। पटेल ने भारत में अश्विन के बाद उनके स्तर का ऑफ स्पिनर नहीं उभरने पर विशेष हैरानी जताई। उन्होंने कहा, 'मुझे यह समझने में मुश्किल होती है कि भारत एक अच्छा ऑफ स्पिनर तैयार करने में असफल रहा है। यह देखना रोमांचक होगा कि कोई युवा ऑफ स्पिनर सामने आए और उच्चतम स्तर पर सफल हो।'
दीपक पटेल
- फोटो : Twitter
आधुनिक कप्तानों की सोच पर भी उठाए सवाल
दीपक पटेल के मुताबिक, ऑफ स्पिनरों की घटती भूमिका के लिए सिर्फ आधुनिक बल्लेबाजी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। उनका मानना है कि कप्तानों को भी इस तरह के गेंदबाजों पर भरोसा दिखाना होगा। उन्होंने कहा, 'मैं वास्तव में हैरान हूं कि कप्तान ऑफ स्पिनरों को लेकर इतने नकारात्मक कैसे हो गए हैं। यह काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि कप्तान ऑफ स्पिनरों का इस्तेमाल कैसे करते हैं। हालांकि, आधुनिक बल्लेबाज निश्चित रूप से बेहतर हुए हैं।' उनका मानना है कि अगर किसी गेंदबाज को सही परिस्थितियों और रणनीति के साथ इस्तेमाल किया जाए तो वह टी20 जैसे तेज प्रारूप में भी प्रभाव छोड़ सकता है।
डीआरएस
- फोटो : Twitter
डीआरएस ने कैसे बदला ऑफ स्पिन का खेल?
पटेल ने डीआरएस को भी बल्लेबाजी और ऑफ स्पिन गेंदबाजी के बदलते समीकरण की एक बड़ी वजह बताया। उनके मुताबिक, पहले बल्लेबाज पैड से गेंद रोककर विकेट बचाने की कोशिश करते थे, लेकिन अब डीआरएस के कारण ऐसा करना जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने कहा, 'डीआरएस के आने से बल्लेबाजों के खेल में बड़ा बदलाव आया है और वे बेहतर हुए हैं। डीआरएस के कारण जानबूझकर पैड से गेंद रोकने वाला दूसरा बचाव विकल्प अब मौजूद नहीं है।'
दीपक पटेल
- फोटो : Twitter
भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज में बल्लेबाजी होगी निर्णायक
भारत और न्यूजीलैंड के बीच गुरुवार से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज को लेकर भी पटेल ने अपनी राय रखी। उनका मानना है कि दोनों टीमों के पास मजबूत तेज गेंदबाजी आक्रमण है और मुकाबले का नतीजा इस बात पर निर्भर करेगा कि कौन सी टीम बेहतर बल्लेबाजी करती है। उन्होंने कहा, 'टेस्ट सीरीज का नतीजा बल्लेबाजी पर निर्भर करेगा। दोनों टीमों के पास बहुत अच्छे तेज गेंदबाजी आक्रमण हैं।'
पटेल ने न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम की स्पिनरों को संभालने की क्षमता की तारीफ की। उन्होंने कहा, 'टॉम लाथम स्पिनरों के बहुत अच्छे कप्तान रहे हैं। उन्होंने मिचेल सैंटनर और एजाज पटेल दोनों को अच्छी तरह संभाला है।' हालांकि, उन्हें नहीं लगता कि न्यूजीलैंड की पिचों पर स्पिनरों के लिए बहुत ज्यादा मदद होगी। इसके बावजूद वह चाहते हैं कि न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट के दौरान स्पिन गेंदबाजी को फिर से अहमियत मिले।
दीपक पटेल
- फोटो : Twitter
दीपक पटेल ने न्यूजीलैंड के लिए 37 टेस्ट और 75 वनडे मुकाबले खेले। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 37 मैचों की 66 पारियों में 1200 रन बनाए। उनका सर्वोच्च स्कोर 99 रन रहा, जबकि औसत 20.68 का था। गेंदबाजी में उन्होंने 6594 गेंदें फेंकीं और 75 विकेट हासिल किए। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/50 रहा। उन्होंने टेस्ट में तीन बार पांच विकेट लेने का कारनामा भी किया।
वनडे क्रिकेट में पटेल ने 75 मैचों की 63 पारियों में 623 रन बनाए। उनका सर्वोच्च स्कोर 71 रन और बल्लेबाजी औसत 11.75 रहा। गेंदबाजी में उन्होंने 69 पारियों में 45 विकेट लिए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/22 रहा, जबकि इकॉनमी रेट 4.17 का था। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड और भी प्रभावशाली रहा। उन्होंने 358 मैचों में 654 विकेट लिए और 26 शतक की मदद से 15,188 रन भी बनाए।